कार्तिक मास में काशी के घाटों पर क्यों जगमगाते हैं आकाशदीप, पूर्वजों को राह दिखाने और देवताओं के स्वागत से जुड़ा है रहस्य
Kartik Maas Akashdeep: क्या है कार्तिक मास में काशी घाटों पर आकाशदीप जलाने की विधि और परंपरा, क्या इसका देव दीपावली से कोई संबंध है? काशी के लोगों में यह विश्वास है कि इस आकाशदीप को जलाने से पूर्वजों को मार्ग मिलता है. आइए इस बारे में विस्तार से जानें.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक महीने को अति शुभ और पवित्र माना जाता है. भगवान शिव की नगरी काशी में इसी कार्तिक माह में पूरे महीने एक अद्भुत परंपरा निभाई जाती है. कार्तिक माह में यहां पर आकाशदीप से हर ओर रोशनी फैलाई जाती है. गंगा घाटों से लेकर मंदिरों और पुराने घरों की छतों पर बड़े ही करीने से ऊंचे बांस या खंभों से आकाशदीप को लटकाया जाता है. छोटे-छोटे दीपक रात के अंधेरे को पी जाते हैं, इन्हीं दीयों को आकाशदीप कहा जाता है. क्या है आकाशदीप जलाने की परंपरा का रहस्य, इसे लगाने की पूरी विधि क्या है, इसका पूर्वजों और देवताओं से क्या संबंध है? आइए इस बारे में विस्तार से जानें.
आकाशदीप जलाने की विधि
आकाशदीप यानी आकाश में जलने वाले दीपक, काशी में जिन्हें कार्तिक महीने में ऊंचाई पर लगाया जाता है. इसके लिए लंबे बांस या लकड़ी के खंभे उपयोग में लाए जाते हैं. इनके ऊपरी हिस्से पर दीपक को लटका दिया जाता है. इसे ऐसे लगाया जाता है कि रात के समय दीपक की लौ आसमान की ओर चमके. इससे आध्यात्मिक शांति महसूस होती है. आकाशदीप के लिए शुद्ध तिल के तेल से दीपक जलाया जाता है. जलाने से पहले दीपक पर रोली या चंदन का तिलक लगाया जाता है और अक्षत, फूल आदि अर्पित कर इसे भगवान विष्णु और पितरों को समर्पित किया जाता है. इसके बाद इसे बांस के खंभे पर लटकाया जाता है या हवा से सुरक्षित करके घर की सबसे ऊंची जगह पर इसे रख दिया जाता है.
आकाशदीप का पितरों से क्या संबंध है?
आकाशदीप जलाने के पीछे एक धार्मिक मान्यता है कि जिस तरह श्राद्ध और तर्पण कर पितरों का ध्यान किया जाता है, वैसे ही कार्तिक मास में आकाशदीप जलाया जाता है. इस आकाशदीप के माध्यम से पितरों के लिए श्रद्धा दिखाई जाती है और वे मुक्ति पा सकें इसके लिए उन्हें आकाशदीप के प्रकाश से राह दिखाई जाती है. यही कारण है कि आकाशदीप को ऊंचाई पर लटकाया जाता है. ऐसा कर पूर्वजों को सम्मान दिया जाता है. इससे पूर्वज प्रसन्न होकर अपने वंशजों पर अपनी कृपा बनाए रखते हैं.
आकाशदीप का देवताओं से क्या संबंध है?
आकाशदीप को लेकर काशी में एक लोकमान्यता यह भी है कि कार्तिक माह में देवता जागते हैं और देव दीपावली पर देवता पृथ्वी पर उतरते हैं. ऐसे में यहां के लोग एक ऊंचाई पर आकाशदीप लगाकर देवताओं का स्वागत करते हैं. आकाशदीप के प्रकाश से अंधकार मिट जाता है और हर ओर देवताओं का वास होता है.
कार्तिक मास में ही आकाशदीप क्यों जलाते हैं?
हिंदू धर्म में कार्तिक मास को पुण्यदायी माना जाता है. कार्तिक मास में ही दिवाली आती है और कार्तिक मास में ही देव जागते हैं और कार्तिक माह से ही सभी शुभ और मांगलिक कार्य शुरू हो जाते हैं. इस तरह धार्मिक रूप से कार्तिक माह का महत्व बहुत अधिक बढ़ जाता है. इस माह में एक साथ विष्णु जी और शिव जी की उपासना की जाती है. यह माह स्नान, दान, जाप और तप के लिए अति पवित्र माना जाता है. कार्तिक पूर्णिमा यानी देव दीपावली पर दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है और जीवन में सुख-शांति आती है. इसी माह में देवता जागते हैं. ऐसे पवित्र और पुण्य फलदायक माह में जब आकाशदीप जलाया जाता है तो इसका शुभ फल कई गुना बढ़ जाता है. वाराणसी के पंचगंगा घाट पर सदियों से आकाशदीप जलाने की परंपरा चली आ रही है. आकाशदीप कार्तिक मास के पहले दिन से जलाया जाता है और कार्तिक पूर्णिमा तक आकाशदीप हर रात जलाया जाता है. महीने के अंतिम दिन देव दीपावली के रूप में भव्य दीपोत्सव मनाया जाता है. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन देवता पृथ्वी पर उतरकर दीपोत्सव मनाते हैं, तभी इसे देव दीपावली कहते हैं.
(Disclaimer- यह लेख काशी की धार्मिक मान्यताओं और स्थानीय परंपराओं पर आधारित है. यह केवल जानकारी के लिए है, इसका उद्देश्य किसी अंधविश्वास को बढ़ावा देना नहीं है. अपना विवेक रखें.)
और पढ़ें- देव दीपावली पर भूलकर भी न करें ये पांच काम, जानिए कार्तिक पूर्णिमा पर दान के लिए वर्जित सामग्री