मां का वाहन: नवरात्र में मां का आगमन शुभ, पर प्रस्थान अशुभ, माता की सवारी दे रही तबाही के संकेत!
Navratri 2026 Mata ki Sawari Meaning: 11 अक्टूबर से नवरात्र शुरू हो रही हैं. इस बार माता रानी के आगमन और प्रस्थान की सवारी क्या है और यह क्या संकेत दे रही है, यह जान लें. शास्त्रों के अनुसार, नवरात्र के प्रारंभ और समापन से माता की सवारी तय होती है.
उत्सव की नवरात्र यानी कि शारदीय नवरात्र का प्रारंभ होने के अब कुछ ही दिन बाकी हैं. 9 दिन तक माता के भक्त व्रत रखते हैं, पूजा-अर्चना करते हैं और उत्सव मनाते हैं. भव्य पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं विराजमान होती हैं. मां दुर्गा से लोग धन-समृद्धि की प्रार्थना करते हैं. मनोकामनाएं मानते हैं. धार्मिक मान्यता है कि नवरात्र में माता के आगमन और प्रस्थान की सवारी का लोगों के जीवन पर बड़ा असर पड़ता है. इस साल आगमन की सवारी हाथी तो शुभ संकेत दे रही है लेकिन मुर्गे पर प्रस्थान अशुभ माना जा रहा है.
माता के आगमन-प्रस्थान की सवारी
द्रिक पंचांग के अनुसार, इस साल नवरात्र 11 अक्टूबर, रविवार से प्रारंभ हो रही हैं और 19 अक्टूबर, सोमवार को नवमी पर समाप्त होंगी. वहीं 20 अक्टूबर, मंगलवार को दशहरा पर दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ मां का प्रस्थान होगा. मान्यता है कि इन 9 दिनों में मातारानी धरतीलोक पर अपने भक्तों के बीच आती हैं. उनके आने-जाने की सवारी नवरात्र के प्रारंभ और समापन के दिन से तय होती है. देवी भागवत पुराण में इसका उल्लेख मिलता है.
आगमन की सवारी - जब नवरात्र का प्रारंभ रविवार को हो तो मां का आगमन हाथी या गज होता है.
प्रस्थान की सवारी - जब दशहरा मंगलवार या शनिवार को पड़े तो मां दुर्गा का प्रस्थान मुर्गे (चरणायुध) पर होता है.
हाथी की सवारी का संकेत
यदि नवरात्र के आगमन पर माता का वाहन हाथी हो तो इसे सुख-शांति, समृद्धि और ज्ञान से जोड़ा जाता है. यानी कि लोगों का धन-धान्य बढ़ता है, तंगी दूर होती है. राज्य में सुख-शांति और खुशहाली आती है. साथ ही यह अच्छी वर्षा और फसल आने का योग बनाती है.
मुर्गे की सवारी का संकेत
वहीं जब माता का वाहन मुर्गा या चरणायुध हो तो इसका संकेत शुभ नहीं माना जाता है. धर्म-शास्त्रों में इस वाहन को प्राकृतिक आपदाओं, आपसी कलह, शोक और अशांति का प्रतीक माना गया है. यानी कि राज्य में या लोगों के बीच झगड़े बढ़ सकते हैं. कोई दुख की खबर आ सकती है. मन अशांत रह सकता है.
बता दें कि इस साल 11 अक्टूबर 2026 से नवरात्र प्रारंभ हो रही हैं. इसी दिन घर-घर में घटस्थापना होगी और भव्य पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं विराजमान होंगी. घटस्थापना के लिए शुभ मुहूर्त 11 अक्टूबर की सुबह 06:19 बजे से 10:12 बजे तक और
अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:44 बजे से दोपहर 12:31 बजे तक रहेगा.
(Disclaimer: देवी की सवारी से जुड़े शुभ-अशुभ संकेत धार्मिक मान्यताओं और परंपरागत ज्योतिषीय व्याख्याओं पर आधारित हैं. इन्हें निश्चित भविष्यवाणी या वैज्ञानिक तथ्य के रूप में नहीं लेना चाहिए. विभिन्न पंचांग और परंपराओं में इनकी व्याख्या अलग हो सकती है.)