SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कौन हैं छठी मैया और क्या है इनका भगवान कार्तिकेय और ब्रह्मा जी से संबंध? जानिए कैसा है मां का धार्मिक स्वरूप

Chhath Puja 2026: छठ पूजा नहाय-खाय के साथ शुरू हो गई है. कई बार ऐसे सवाल उठते हैं कि आखिर छठी मैया कौन हैं. छठी मैया का भगवान कार्तिकेय और ब्रह्म देव से क्या संबंध है, सूर्य देव से छठी मैया का क्या नाता है? आइए इस लेख में विस्तार से इस बारे में जानें.

Written By Padma Shree Shubham
Published: Nov 13, 2026, 14:15 IST | Updated: Nov 13, 2026, 14:21 IST
Join

छठ महापर्व नहाय-खाय के साथ आज से यानी 13 नवंबर से शुरू हो गया है. इस दिन व्रत स्नान आदि कर सात्विक भोजन किया जाता है और फिर छठ पूजा के व्रत का संकल्प किया जाता है. इस पर्व पर सूर्य देव और छठी मैया की पूजा की जाती है और संतान की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना की जाती है. जब भी छठ पूजा का पर्व आता है एक सवाल मन में जरूर उठता है कि आखिर छठी मैया कौन हैं और इनका भगवान कार्तिकेय, भगवान ब्रह्मा और सूर्य देव से क्या संबंध है. आइए इस बारे में विस्तार से जानें.

भगवान कार्तिकेय से छठी मैया का संबंध

पौराणिक मान्यता है कि छठी मैया को षष्ठी देवी के रूप में पूजा जाता है जिनका एक और नाम देवसेना भी है. देवी भागवत पुराण की मानें तो छठी माता शिवजी और पार्वती जी के पुत्र भगवान कार्तिकेय की पत्नी हैं. देवताओं के सेनापति और युद्ध के देवता भगवान कार्तिकेय हैं. ऐसी धार्मिक मान्यता है कि देवसेना मातृशक्ति हैं जो संतान की रक्षा करती हैं और इनकी आराधना करने से संतान की आयु लंबी होती है और स्वास्थ्य अच्छा रहता है, माता छठी सुखी जीवन का आशीर्वाद भी देती हैं.

ब्रह्मा जी की मानस पुत्री

शास्त्रों के अनुसार छठी मैया सृष्टि के रचयिता भगवान ब्रह्मा की मानस पुत्री हैं. मार्कंडेय पुराण और ब्रह्मवैवर्त पुराण की मानें तो सृष्टि की रचना जब हो रही थी तब प्रकृति देवी ने अपने आपको छह भागों में बांटा. प्रकृति के छठे अंश को 'षष्ठी देवी' कहा गया. जिनकी पूजा छठी मैया के रूप में की जाती है. बच्चों के जन्म के छठे दिन भी इन्हीं षष्ठी देवी की उपासना की जाती है.

छठी मैया और सूर्य देव का संबंध

छठ पूजा में भक्त सूर्य देव व छठी मैया की पूजा करते हैं. ऐसे में मन में एक सवाल यह भी उठता है कि आखिर सूर्य देव और छठी मैया के बीच क्या संबंध है. ध्यान दें, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की लोक प्रथाओं में इन दोनों को भाई-बहन के रूप में पूजा जाता है. कार्तिक शुक्ल षष्ठी के दिन जब भक्त सूर्य देव की बहन छठी मैया की पूजा करते हैं तो सूर्य देव प्रसन्न होकर भक्तों के जीवन से हर अंधकार को दूर करते हैं.

(डिस्क्लेमर: यह लेख धार्मिक मान्यताओं, परंपराओं और सामान्य जानकारी पर आधारित है. इसका उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, किसी मान्यता को थोपना नहीं है। उपाय श्रद्धा और सुविधा अनुसार अपनाएं.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पद्मा श्री शुभम् को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव. मॉस कम्‍युनिकेशन ग्रेजुएट और हिंदी लिटरेचर से पोस्‍ट ग्रेजुएट. मीडिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म से करियर शुरू करने के बाद कई संस्थाओं में काम किया. Nedrick News, TFI Post जैसी संस्थाओं में कार्यरत रहीं. इसके बाद Zee News जॉइन किया. समाचार और वर्तमान घटनाओं पर लिखने पढ़ने में रुचि. धर्म और ज्योतिष में अधिक रुचि. वर्तमान में धर्म और ज्योतिष संबंधी लेख लिखने में कार्यरत. पद्मा से आप padma.shubham@India.com मेल के जरिए सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES