पास में कोई नदी नहीं? तो संध्या अर्घ्य से पहले घर की छत पर इन 5 सामानों से बना लें छठ घाट, पूजा में नहीं पड़ेगी बाधा!
छठ पूजा कर रहे हैं लेकिन पास में नदी तट या तालाब नहीं है तो आपको निराश होने की जरूरत नहीं है क्यों आप बड़ी ही आसानी से घर की छत पर ही घाट तैयार कर सकते हैं. आइए इस बारे में विस्तार से जानें.
Chhath Puja 2026, Chhath Ghat on terrace, Chhath Puja at home, Sandhya Arghya, How to make Chhath Ghat, Chhath Puja items, Chhath Puja Vidhi, Rooftop Chhath Puja, छठ पूजा 2026, छत पर छठ घाट, घर पर छठ पूजा, संध्या अर्घ्य, छठ घाट कैसे बनाएं, बालकनी पर छठ पूजा, छठ पूजा सामान, छठ पूजा विधि
Chhath Puja: छठ पूजा 2026 के चार दिवसीय महापर्व का आज यानी 15 नवंबर तीसरा दिन है और आज सूर्य देव को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा. पर्व का समापन 16 नवंबर सुबह के अर्घ्य के साथ हो जाएगा. ध्यान दें इस साल 13 नवंबर, शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ कार्तिक छठ पूजा की शुरुआत हो गई. अगर आपके साथ भी ऐसी परेशानी खड़ी हो गई है कि पास में कोई नदी या तालाब नहीं है तो आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है क्योंकि आप बहुत ही आसानी से घर की छत पर ही छठ पूजा के लिए घाट तैयार कर सकते हैं. छत या बालकनी पर घाट बनाने के लिए आपको 5 सामानों की जरूरत पड़ेगी.
कैसे बनाएं छत पर छठ घाट
फोल्डेबल वॉटरप्रूफ टब
सूर्य देव को अर्घ्य देने के लिए घर की छत पर तालाब या नदी घाट बना रहे हैं तो इसके लिए फोल्डेबल वॉटरप्रूफ टब या पोर्टेबल पूल सबसे जरूरी सामान है. घर की बालकनी या छत पर फोल्डेबल वॉटरप्रूफ टब या पोर्टेबल पूल को फैला दें और फिर इसमें पानी भर दें. टब के नीचे एक मोटी रबर मैट बिछा दें. दरी भी बिछा सकते हैं जिससे कि पैर न फिसले. टब को अच्छे से सजा दें या टब के पानी में फूल-पत्ती डालकर सजा सकते हैं. पूजा के बाद इसे अच्छे से रख दें, ताकि अगले साल के लिए भी काम आ सके.
ताजे गन्ने से मंडप बनाएं
छठ पूजा में गन्ने का विशेष महत्व है. संध्या अर्घ्य और कोसी भरने के लिए आपको 4 से 5 लंबे, ताजे और पत्तेदार गन्ने की जरूरत पड़ेगी. इसे बांधकर एक मंडप तैयार करें. गन्ने को स्थिर रखने के लिए दो बड़े और भारी गमलों में साफ मिट्टी डाले और गन्नों को उसमें गाड़ दें. अब एक लाल या पीले कलावे से गन्ने के ऊपरी भाग को एक साथ बांध दें, इस तरह एक सुंदर मंडप तैयार हो जाएगा.
सूप और अर्घ्य लोटा
छत पर जगह कम है और घाट बिल्कुल छोटा है तो बांस के सूप के साथ-साथ एक शुद्ध पीतल का सूप लें और अर्घ्य देने के लिए लोटा लें. अर्घ्य देते समय पीतल के सूप में रखे फल और ठेकुआ नहीं भीगेंगे. सूप के टूटने का डर भी नहीं रहेगा. एक बार ये सामान ले लें तो कई साल तक काम आएंगे.
पीतल और मिट्टी के दीये
अगर हवा तेज हो तो मिट्टी के दीयों को बचाने के लिए भी उपाय कर लें ताकि दीया बुझे नहीं और न तो आग लगने का डर हो. ऐसे में विंडप्रूफ दीये या चौमुखा दीपक रखें. टब के चारों ओर थोड़ी दूरी पर पारंपरिक मिट्टी के दीयों को जला सकते हैं. कांच की चिमनी या पीतल के अखंड दीये भी जला सकते हैं. पीतल की परात या थाली में पानी भर लें और गेंदे के फूल डालकर उसमें भी दीए सजा सकते हैं. इससे हवा से भी दीये बच जाएंगे.
केले के पत्ते और गेंदे की लड़ियां
पूजा वाली जगह को सजाने के लिए ताजे केले के पत्तों और फूलों का उपयोग करें. जिस जगह पर सूप और प्रसाद रख रहे हैं उस जगह को अच्छे से साफ करें और एक सूती कपड़ा बिछाकर उसके ऊपर से ताजे केले के पत्ते रख दें. बालकनी की रेलिंग को भी गेंदे के फूलों से बनी लड़ियों से सजा दें. एलईडी फेयरी लाइट्स से भी सजा सकते हैं.
घर की छत पर बने छठ घाट से जुड़ी जरूरी बातें
दीयों को हमेशा सावधानी से ही रखें. अर्घ्य वाली जगह से कम से कम 2 फीट की दूरी पर ताकि आग लगने का डर न हो.
ड्रेनेज और सफाई का पूरा ध्यान रखें. अर्घ्य देते समय दूध, जल और फूल को टब में गिरने दें और आखिर में इन्हें अच्छे से निकाल दें.
पूजा के बाद पानी निकालने की पूरी व्यवस्था कर लें. फूल-पत्तियों को अलग करने के बाद ही पानी को बहाएं. पूजा हो जाने के बाद उपयोग किए गए फूल, केले के पत्ते और मिट्टी के दीयों को गमलों की मिट्टी में दबाएं, कचरे में न फेंके.
(डिस्क्लेमर- यह लेख सामान्य जानकारी के लिए है. पूजा विधि और परंपरा अलग हो सकती है। किसी भी धार्मिक निर्णय से पहले अपने परिवार के बड़े-बुजुर्गों या पुरोहित से सलाह अवश्य लें.)