App

Akshay Navami 2026: इस साल कब अक्षय नवमी और क्या है पूजा का शुभ मुहूर्त? जानें इस पर्व से जुड़ी मान्यताएं

Amla Navami Kab Hai 2026: अक्षय नवमी का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है जो कार्तिक माह में पड़ती है. इस दिन की गई पूजा व स्नान-दान का अक्षय फल प्राप्त होता है. अक्षय नवमी पर आंवले के पेड़ की पूजा की जाती है. आइए जानें अक्षय नवमी के दिन पूजा का शुभ मुहूर्त क्या है.

Akshay Navami 2026: इस साल कब अक्षय नवमी और क्या है पूजा का शुभ मुहूर्त? जानें इस पर्व से जुड़ी मान्यताएं

अक्षय नवमी पर्व का हिंदू धर्म में बहुत महत्व है. यह पर्व हर साल कार्तिक शुक्ल नवमी तिथि पर मनाया जाता है. इस दिन भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा की जाती है. इसके साथ ही आंवले के पेड़ की भी उपासना की जाती है. इतना ही नहीं इस पर्व को मनाने के पीछे एक और मान्यता यह भी है कि इसी तिथि पर सतयुग का आरंभ हुआ. ऐसे में आंवले के पेड़ के नीचे जरूरतमंदों में दान-पुण्य करने से व्यक्ति को अक्षय पुण्य प्राप्त होता है. आइए जानें इस साल अक्षय नवमी पर्व कब मनाया जाएगा और इस दिन का शुभ मुहूर्त क्या है? साथ ही जानेंगे कि इस पर्व से जुड़ी क्या मान्यताएं हैं.

अक्षय नवमी 2026 कब है?

पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष में पड़ने वाली नवमी तिथि 18 नवंबर, बुधवार को सुबह 06 बजकर 06 मिनट पर शुरू होगी और 19 नवंबर, गुरुवार को सुबह 07 बजकर 07 मिनट पर तिथि का समापन होगा. इस तरह उदयातिथि के अनुसार, अक्षय नवमी का पर्व 18 नवंबर को मनाया जाएगा. इस दिन पूजा-पाठ और दान-पुण्य करने से अक्षय फल की प्राप्ति होती है. जिसके कारण ही इस पर्व को अक्षय नवमी कहा जाता है.

अक्षय नवमी 2026 के शुभ मुहूर्त

कार्तिक शुक्ल नवमी तिथि शुरू : 18 नवंबर, बुधवार को सुबह 6 बजकर 6 मिनट पर
कार्तिक शुक्ल नवमी तिथि समाप्त : 19 नवंबर, गुरुवार को सुबह 7 बजकर 7 मिनट पर
अक्षय नवमी/आंवला नवमी 2026 : 18 नवंबर, बुधवार (उदया तिथि अनुसार)
सुबह पूजा का शुभ मुहूर्त: सुबह 06:46 से दोपहर 12:06 बजे तक

पूजन परंपरा और प्रमुख धार्मिक मान्यताएं

सतयुग के आरंभ और 'अक्षय' पुण्य की मान्यता
धार्मिक मान्यता है कि अक्षय नवमी पर ही यानी कार्तिक शुक्ल नवमी तिथि पर सत्ययुग का आरंभ हुआ जिसके कारण इस तिथि को अति पुण्य फलदायी माना जाता है. यही कारण है कि अक्षय नवमी को 'सत्ययुगादि' भी कहते हैं.

आंवले के वृक्ष की उपासना की मान्यता
अक्षय नवमी पर्व पर आंवले के पेड़ की विशेष रूप से उपासना की जाती है. यही कारण है कि इस पर्व को आंवला नवमी के नाम से भी जाना जाता है. इस दिन श्रद्धालु आंवले के वृक्ष की श्रद्धा भाव से परिक्रमा करते हैं और साथ ही जल, दूध और अक्षत पेड़ की जड़ में अर्पित करते हैं. मान्यता है कि इस विधि को करने से घर और जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है. अक्षय नवमी पर एक विशेष विधि को जरूर पूरा किया जाता है और वो ये कि इस दिन आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन किया जाता है. जिससे जीवन और घर-परिवार पर विष्णु जी की कृपा बनी रहती है क्योंकि धार्मिक मान्यता है कि आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु का वास होता है.

(Disclaimer - यह लेख पंचांग और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है इसे अंतिम सत्य न मानें तिथि मुहूर्त स्थान अनुसार बदल सकते हैं निर्णय से पहले स्थानीय विद्वानों से सलाह अवश्य लें.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Padma Shree Shubham

Padma Shree Shubham

पद्मा श्री शुभम् को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव. मॉस कम्‍युनिकेशन ग्रेजुएट और हिंदी लिटरेचर से पोस्‍ट ग्रेजुएट. मीडिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म से करियर शुरू करने के बाद कई संस्थाओं में काम किया. Nedrick News, TFI Post जैसी संस्थाओं में कार्यरत रहीं. इसके बाद Zee News जॉइन किया. समाचार और वर्तमान घटनाओं पर लिखने पढ़ने में रुचि. धर्म और ज्योतिष में अधिक रुचि. वर्तमान में धर्म और ज्योतिष संबंधी लेख लिखने में कार्यरत. पद्मा से आप padma.shubham@India.com मेल के जरिए सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More