SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

18 नवंबर को घर छोड़ा, लिव-इन एग्रीमेंट बनवाया, 28 नवंबर को युवती को फिल्मी अंदाज में उठाकर ले गए ले गए परिजन

झुंझुनूं के इस्लामपुर में लिव-इन में रह रही पायल मीणा को परिजन कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले गए. पायल ने पहले थाने और कोर्ट में राहुल के साथ रहने की इच्छा जताई थी. घटना के दौरान हंगामा और पत्थरबाजी हुई. वीडियो वायरल हैं.

Edited By Ansh Raj
Published: Nov 29, 2026, 21:41 IST | Updated: Nov 29, 2026, 21:42 IST
Image Credit: Jhunjhunu News (AI Generated Image)
Join

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के इस्लामपुर गांव में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर विवाद सामने आया है. यहां राहुल के साथ रह रही युवती पायल मीणा को उसके परिजन कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले गए. घटना 28 नवंबर की बताई जा रही है. युवती को ले जाने के दौरान गांव में जमकर हंगामा हुआ. मोहल्ले के लोगों ने परिजनों की गाड़ियों पर पत्थर फेंके, जिससे एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.मामले में राहुल ने बगड़ थाने में खरखड़ा सरपंच विक्रम सिंह, इस्लामपुर निवासी सुखवीर मीणा सहित अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

एक साल पहले हुई थी दोनों की मुलाकात

जानकारी के अनुसार, इस्लामपुर निवासी राहुल जुलाहा जीएनएम की पढ़ाई कर रहा है. इसी दौरान उसकी मुलाकात खेतड़ी क्षेत्र के खरखड़ा निवासी पायल मीणा से हुई. पायल उससे एक साल जूनियर है. दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई और फिर प्रेम संबंध बन गए. जब पायल के परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी मिली तो उन्होंने उसकी शादी तय करने का फैसला किया. परिवार में सगाई की तारीख तय होने से पहले ही 18 नवंबर को पायल राहुल के साथ जयपुर चली गई.

जयपुर में बनवाया लिव-इन एग्रीमेंट

19 नवंबर 2026 को दोनों ने जयपुर में 500 रुपये के स्टांप पर लिव-इन रिलेशनशिप एग्रीमेंट तैयार करवाया. इसके साथ पायल की ओर से शपथपत्र भी बनवाया गया. दस्तावेजों में दोनों ने अपनी मर्जी और आपसी सहमति से साथ रहने की बात लिखी. उधर, पायल के परिजनों ने 20 नवंबर को कॉपर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई. इसके बाद 23 नवंबर को पायल और राहुल लिव-इन एग्रीमेंट और शपथपत्र लेकर थाने पहुंचे. यहां पायल ने राहुल के साथ अपनी इच्छा से रहने की बात कही. इसके बाद मामला कोर्ट पहुंचा. वहां भी पायल ने राहुल के साथ रहने की इच्छा जताई. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, कोर्ट ने उसे राहुल के साथ भेज दिया था.

समझाइश के लिए पहुंचे परिजन, जबरन ले जाने का आरोप

बताया जा रहा है कि 28 नवंबर को पायल के परिजन इस्लामपुर पहुंचे. वे उसे अपने साथ ले जाने के लिए समझा रहे थे. आरोप है कि पायल के तैयार नहीं होने पर परिजन उसे जबरदस्ती अपने साथ ले गए. इस दौरान उसके साथ मारपीट करने और घर में रखे गहने ले जाने के आरोप भी लगाए गए हैं. घटना का वीडियो बना रहे एक युवक का मोबाइल भी ले जाने की बात सामने आई है.

गाड़ियों पर पत्थर फेंके, एक वाहन क्षतिग्रस्त

युवती को ले जाने के दौरान गांव में तनाव की स्थिति बन गई. मोहल्ले के लोगों ने परिजनों की गाड़ियों पर पत्थर फेंके, जिससे एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई. बताया जा रहा है कि परिजन गाड़ी को मौके पर छोड़कर चले गए. पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से वाहन को थाने में खड़ा करवाया है.

सरपंच ने आरोपों से किया इनकार

राहुल की शिकायत पर बगड़ थाने में मामला दर्ज किया गया है. बगड़ थाना प्रभारी मुकेश कुमार के मुताबिक, पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है. वहीं, खरखड़ा सरपंच विक्रम सिंह ने आरोपों से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि वे युवती और उसके परिजनों के बीच समझाइश करवाने गए थे. बाद में वे मौके से साइड में चले गए थे. उनके मुताबिक, उनके पीछे यह घटना हुई और उनका वारदात से कोई लेना-देना नहीं है. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, दर्ज रिपोर्ट और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. युवती को जबरन ले जाने, मारपीट, गहने और मोबाइल ले जाने के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES