80 साल के बुजुर्ग से बढ़ाई नजदीकियां: कपड़े उतरवाए और बना ली वीडियो! वायरल करने की धमकी देकर मांगे 10 लाख
सीकर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में 80 साल के बुजुर्ग का वीडियो बनाकर 10 लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, टू-लेट के बहाने बुजुर्ग से संपर्क किया गया था. मामले में एक लड़की समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
सीकर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में 80 साल के बुजुर्ग को ब्लैकमेल कर 10 लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक लड़की ने मकान किराए पर लेने के बहाने बुजुर्ग से संपर्क किया और धीरे-धीरे उनसे बातचीत बढ़ाई. इसके बाद वह घर पहुंची और दो अन्य युवकों के साथ मिलकर बुजुर्ग का वीडियो बना लिया. आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर परिवार से 10 लाख रुपए मांगे. पुलिस ने मामले में एक लड़की समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
उद्योग नगर थानाधिकारी राजेश कुमार बुडानिया के अनुसार, 4 नवंबर को बुजुर्ग के बेटे ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. उसने बताया कि उसके 80 वर्षीय पिता घर पर अकेले थे. इसी दौरान एक लड़की और दो युवक घर पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने बुजुर्ग के साथ जबरदस्ती कर उनके कपड़े उतरवाए और वीडियो बना लिया. बाद में इसी वीडियो के जरिए परिवार को ब्लैकमेल किया गया.
परिवार की आर्थिक स्थिति देखकर बनाई योजना
पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले का मुख्य साजिशकर्ता अशोक है. वह परिवादी के परिवार के संपर्क में था और उनके घर आता-जाता था. उसे पता था कि परिवार आर्थिक रूप से सक्षम है और बुजुर्ग घर पर अकेले रहते हैं. इसी जानकारी के आधार पर उसने 15 अक्टूबर को अपने दो दोस्तों और एक परिचित लड़की के साथ मिलकर ब्लैकमेलिंग की योजना बनाई.
टू-लेट के बहाने लड़की करती थी फोन
थानाधिकारी के मुताबिक, योजना के तहत लड़की ने मकान किराए पर लेने के बहाने बुजुर्ग को फोन करना शुरू किया. वह लगातार उनसे बातचीत कर रही थी. 3 नवंबर को लड़की बुजुर्ग के घर पहुंची. आरोप है कि उसने जबरदस्ती बुजुर्ग की शर्ट खुलवाई. इसी दौरान अशोक के दो अन्य साथी बाइक से पीछे से वहां पहुंचे और बुजुर्ग का वीडियो बना लिया.
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे 10 लाख
वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने परिवार के सदस्यों को बुलाया और धमकी दी कि यदि 10 लाख रुपए नहीं दिए गए तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा. पुलिस के अनुसार, अशोक इस साजिश का मुख्य आरोपी होने के साथ ही पैसों के लेन-देन यानी सेटलमेंट की भूमिका भी निभा रहा था. गिरफ्तार लड़की अशोक की गर्लफ्रेंड है और पिछले करीब छह महीने से उसके संपर्क में थी.
रकम देने से पहले पुलिस ने चारों को पकड़ा
थानाधिकारी राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि आरोपियों को फिरौती की रकम नहीं दी गई थी. परिवार ने पैसे देने से पहले ही पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है.