IAS टीना डाबी के किस काम से Impress हुए मुख्य सचिव? एक्स पर की टोंक प्रशासन की तारीफ
IAS Tina Dabi: राजस्थान के टोंक जिले में कलेक्टर टीना डाबी के नेतृत्व में चल रहे जल संचय जन अभियान, पीएचईडी परियोजनाओं और ईसरदा बांध निर्माण कार्यों की मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सराहना की है. 8 अक्टूबर को समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टोंक प्रशासन के काम को सराहनीय बताया.
Rajasthan Chief Secretary: राजस्थान की चर्चित आईएएस अधिकारी और टोंक जिला कलेक्टर टीना डाबी एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार उनके जिले में चल रहे विकास कार्यों को लेकर प्रदेश के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने टोंक प्रशासन की सराहना की है. जल संचय जन अभियान, पीएचईडी की परियोजनाओं और ईसरदा बांध निर्माण कार्यों की प्रगति से मुख्य सचिव प्रभावित नजर आए. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रशासन के प्रयासों को सराहनीय बताया.
मुख्य सचिव ने क्यों की टोंक प्रशासन की तारीफ?
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने टोंक दौरे के दौरान जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की. इसके बाद उन्होंने एक्स पर लिखा कि टोंक में जल संचय जन अभियान, पीएचईडी परियोजनाओं और ईसरदा बांध निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई. जिले के 170 गांवों में जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं. वहीं, जल संचय जन अभियान के तहत 15 हजार से अधिक कार्य चल रहे हैं. उन्होंने इन प्रयासों की सराहना की और ईसरदा बांध निर्माण कार्य की प्रगति को भी संतोषजनक बताया.
टीना डाबी ने जताया आभार
मुख्य सचिव की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला कलेक्टर टीना डाबी ने उनके मार्गदर्शन और समय के लिए आभार जताया. उन्होंने कहा कि बताए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से काम करने का प्रयास किया जाएगा. मुख्य सचिव की सार्वजनिक सराहना को जिले में चल रहे विकास कार्यों के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
8 अक्टूबर को हुई थी समीक्षा बैठक
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास 8 अक्टूबर को टोंक पहुंचे थे. जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जल संचय अभियान में जनभागीदारी, ईसरदा बांध निर्माण, पेयजल वितरण और पीएचईडी विभाग की परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई. इस दौरान संबंधित अधिकारियों को कार्यों की प्रगति बनाए रखने और जरूरी निर्देशों की पालना करने के लिए कहा गया.
कौन हैं आईएएस टीना डाबी?
टीना डाबी राजस्थान कैडर की 2016 बैच की आईएएस अधिकारी हैं. उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2015 में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की थी. उनका जन्म 9 नवंबर 1993 को हुआ था. टोंक कलेक्टर बनने से पहले वह बाड़मेर और जैसलमेर में भी जिला कलेक्टर की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं. वह 3 अप्रैल 2026 से टोंक जिले की कलेक्टर हैं. टोंक में जल संरक्षण, पेयजल परियोजनाओं और बांध निर्माण जैसे अहम कामों की प्रगति के बीच मुख्य सचिव की तारीफ ने टीना डाबी और जिला प्रशासन को चर्चा में ला दिया है.