अलवर में तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने युवक को कुचला, दर्दनाक मौत... छह बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
अलवर के झालाटाला गांव में गुरुवार दोपहर घर के बाहर खड़े 32 वर्षीय दिनेश मीणा को पानी के टैंकर ने कुचल दिया. गंभीर हालत में अलवर रेफर किए गए दिनेश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वह छह बेटियों के पिता थे.
अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के झालाटाला गांव में गुरुवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. घर के बाहर सड़क किनारे खड़े 32 वर्षीय दिनेश मीणा को तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने कुचल दिया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. दिनेश छह बेटियों के पिता थे. उनकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया.
घर के बाहर खड़े थे दिनेश, तभी टैंकर की चपेट में आए
जानकारी के अनुसार, झालाटाला निवासी दिनेश मीणा पुत्र सिब्बा मीणा गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने घर के बाहर सड़क किनारे खड़े थे. इसी दौरान चालक राधे मीणा 12 हजार लीटर क्षमता का पानी का टैंकर लेकर वहां से गुजरा. आरोप है कि तेज गति से आ रहे टैंकर की चपेट में दिनेश आ गए. टैंकर के ट्रैक्टर के दोनों पहिये उनके ऊपर से गुजर गए. इससे उनका पेट बुरी तरह कुचल गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए. अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत गढ़ी सवाईराम अस्पताल लेकर पहुंचे.
ये भी पढ़ें- भाजपा विधायक ने फूड इंस्पेक्टर्स को फटकारा, ड्राई फ्रूट्स स्टोर पर सैंपल लेने गई थी टीम
गढ़ी सवाईराम से अलवर किया रेफर, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गढ़ी सवाईराम अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दिनेश की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अलवर रेफर कर दिया गया. परिजन उन्हें लेकर अलवर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई.
छह बेटियों के पिता थे दिनेश, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दिनेश की मौत से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है. उनकी छह बेटियां हैं. पिता की अचानक मौत से बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों के अनुसार, दिनेश की किसी से कोई रंजिश नहीं थी. घर के बाहर सड़क किनारे खड़े युवक के साथ हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है. जिस घर में कुछ देर पहले तक सामान्य दिनचर्या चल रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है.