बिच्छूदड़ा में ग्रामीणों का पुलिस पर हमला, जान बचाने के लिए मकान में छिपे जवान
भीलवाड़ा के बदनोर क्षेत्र की नवगठित ग्राम पंचायत बिच्छूदड़ा में चुनाव नतीजों को लेकर ग्रामीणों ने विरोध किया. केली देवी की जीत पर सवाल उठाते हुए दोबारा मतगणना की मांग की. इस दौरान जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी रोकी गई और पुलिसकर्मियों व शिक्षक को सुरक्षित निकाला गया.
भीलवाड़ा जिले के बदनोर क्षेत्र की नवगठित ग्राम पंचायत बिच्छूदड़ा में पंचायत चुनाव के नतीजों को लेकर विवाद हो गया. केली देवी की जीत से नाराज ग्रामीणों और महिलाओं ने मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए दोबारा मतगणना कराने की मांग की. विरोध के दौरान ग्रामीणों ने जोनल मजिस्ट्रेट सुनील कुमार खाड़िया की गाड़ी रोक दी. करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही. इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों और सरकारी शिक्षक पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. हालांकि, बाद में सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर बदनोर थाने ले जाया गया.
केली देवी की जीत पर उठाए सवाल, दोबारा मतगणना की मांग
बिच्छूदड़ा में चुनाव परिणाम सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली. महिलाओं ने केली देवी की जीत पर सवाल उठाए. उनका आरोप था कि मतगणना केवल एक बार कराई गई और दोबारा गिनती नहीं हुई. महिलाओं ने कहा कि उन्होंने केली देवी को वोट नहीं दिया था, फिर भी उनकी जीत कैसे हुई? ग्रामीणों ने चुनाव परिणाम पर असंतोष जताते हुए दोबारा मतगणना कराने और रिकाउंटिंग की जांच की मांग की.
जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी रोककर किया प्रदर्शन
चुनाव परिणाम के विरोध में ग्रामीणों ने जोनल मजिस्ट्रेट सुनील कुमार खाड़िया की गाड़ी को गांव में ही रोक दिया. विरोध के चलते करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा. सूचना मिलने पर बदनोर थाना प्रभारी पूरणमल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया.
पुलिसकर्मियों और शिक्षक पर हमला, मकान में ली शरण
विरोध के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तनाव बढ़ गया. करीब दो घंटे पहले पुलिस ने भीड़ को खदेड़ते हुए जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी और चुनाव कर्मचारियों को गांव से बाहर निकाल दिया था. हालांकि, कुछ पुलिसकर्मी और एक सरकारी शिक्षक पीछे रह गए थे. आरोप है कि इसी दौरान ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया.इसके बाद पुलिसकर्मी और शिक्षक विद्यालय के पास स्थित एक मकान में चले गए. बाहर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. अंदर फंसे पुलिसकर्मियों और शिक्षक को सुरक्षित निकालने के लिए अतिरिक्त पुलिस जाप्ते को सूचना दी गई.
अतिरिक्त पुलिस जाप्ते की मदद से सुरक्षित निकाले गए
मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों और सरकारी शिक्षक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इसके बाद उन्हें बदनोर थाने ले जाया गया. ग्रामीणों की मांग है कि मतगणना प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उनकी शंकाओं का समाधान किया जाए. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान बिच्छूदड़ा में तनाव का माहौल रहा. चुनाव परिणाम को लेकर शुरू हुआ विरोध पुलिस और ग्रामीणों के बीच टकराव तक पहुंच गया.