दूल्हा बनने वाले थे लेबर इंस्पेक्टर योगेश कुमार, सड़क हादसे में चली गई जान, मचा कोहराम
खैरथल तिजारा के गोठड़ा गांव के पास सड़क हादसे में अलवर में तैनात लेबर इंस्पेक्टर योगेश कुमार की मौत हो गई. दो महीने पहले ही उनकी सगाई हुई थी. उनकी बहन हाल ही में ग्राम पंचायत ढाकी से सरपंच चुनी गई हैं.
खैरथल तिजारा जिले के तिजारा क्षेत्र में सड़क हादसे में अलवर में तैनात लेबर इंस्पेक्टर योगेश कुमार की मौत हो गई. परिवार में मातम है. योगेश की महज दो महीने पहले सगाई हुई थी और परिवार उनके विवाह की तैयारियों के सपने संजो रहा था. उनकी मौत से गांव में शोक है.
गोठड़ा गांव के पास हादसा
जानकारी के अनुसार, योगेश कुमार किशनगढ़बास से अपने गांव ककराली जा रहे थे. इसी दौरान गोठड़ा गांव के पास पिकअप और टेंपो की भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद पीछे से आ रही योगेश की स्कूटी पिकअप में जा घुसी. हादसे में स्कूटी सवार योगेश गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें अलवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
यह भी पढ़ें- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने स्कूली बस में मारी टक्कर, ताजमहल घूमने जा रहे 4 छात्रों की दर्दनाक मौत
इलाज के दौरान मौत
अस्पताल में योगेश कुमार का इलाज चल रहा था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. योगेश अलवर में लेबर इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे. वह अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
दो महीने पहले हुई थी सगाई
हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि योगेश कुमार की सगाई महज दो महीने पहले हुई थी. परिवार उनके विवाह की तैयारियों के सपने देख रहा था. घर में खुशियों के आने की उम्मीद थी लेकिन सड़क हादसे ने सब कुछ बदल दिया. जिस परिवार में शादी की खुशियां आने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा है.
बहन हाल ही में बनीं सरपंच
योगेश की बहन लक्ष्मी बाई हाल ही में ढाकी ग्राम पंचायत से सरपंच पद पर नवनिर्वाचित हुई हैं. भाई की अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है. घटना के बाद गांव में शोक की लहर है. ग्रामीणों में भी दुख है. परिवार इस असमय हुए नुकसान से टूट गया है और गांव में हर आंख नम है. पूरा गांव गमगीन है.
Reporter- Kuldeep Malwar