SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Jaipur Triple Death Case: मां और बहन की हत्या के बाद बेटे ने की आत्महत्या! नोट और मोबाइल से मिले सुराग

जयपुर की रामनगर कॉलोनी में एक घर से मां सरोज, बेटे लकी और बेटी शिवांगी के शव मिले. पुलिस को शुरुआती जांच में बेटे पर मां-बेटी की हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका है. नोट और मोबाइल की जांच के साथ FSL रिपोर्ट का इंतजार है.

Reported By Vishnu Prakash Sharma Edited By Ansh Raj
Published: Nov 27, 2026, 18:04 IST | Updated: Nov 27, 2026, 18:15 IST
Image Credit: Jaipur Triple Death Case
Join

राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत का मामला सामने आया है. भट्टा बस्ती थाना इलाके की रामनगर कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक मकान से मां, बेटे और बेटी के शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतकों की पहचान 50 वर्षीय सरोज तिवारी, उनके 27 वर्षीय बेटे लकी और 25 वर्षीय बेटी शिवांगी के रूप में हुई है. पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि बेटे लकी ने पहले अपनी मां और बहन की हत्या की और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली. 

घटनास्थल से मिले एक कागज और मोबाइल फोन में दर्ज जानकारी को पुलिस इस मामले में अहम सुराग मान रही है. हालांकि, पूरे घटनाक्रम की पुष्टि विस्तृत जांच, पोस्टमार्टम और FSL रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी. इस परिवार की कहानी का एक और दुखद पहलू सामने आया है. सरोज तिवारी के पति की भी करीब 15 साल पहले आत्महत्या से मौत हो गई थी. यानी अब परिवार के तीनों सदस्यों की मौत के बाद घर में कोई सदस्य जीवित नहीं बचा है.

घर के अलग-अलग कमरों में मिले तीनों के शव
मामला जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी का है. शुक्रवार सुबह पुलिस को एक मकान में तीन लोगों के शव होने की सूचना मिली. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घर के अलग-अलग कमरों में तीनों के शव मिले. घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई.

मृतकों की पहचान सरोज तिवारी, उनके बेटे लकी और बेटी शिवांगी के रूप में हुई. मामला संवेदनशील होने के कारण एडिशनल पुलिस कमिश्नर रामेश्वर जाट और डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

पुलिस को मौके पर मिले हालात के अनुसार सरोज का शव एक साइड वाले कमरे में कुर्सी-टेबल पर मिला, जबकि शिवांगी का शव बेड पर बैठी हुई अवस्था में था. वहीं, लकी का शव दूसरे कमरे में फंदे से लटका मिला.

मां और बहन से विवाद के बाद वारदात की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना गुरुवार की हो सकती है. पुलिस को मिले नोट में लकी ने दावा किया कि घर में उसकी मां सरोज और बहन शिवांगी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था. इसी दौरान उसने बीच-बचाव किया.

नोट में लिखी जानकारी के मुताबिक, विवाद के दौरान मां और बहन उसकी बात नहीं मान रही थीं. इसके बाद उसने दोनों की हत्या करने की बात लिखी. पुलिस की शुरुआती आशंका है कि इसके बाद लकी अपने कमरे में चला गया और उसने खुद भी आत्महत्या कर ली. हालांकि, पुलिस अभी इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. यह साफ होना बाकी है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और नोट में लिखी बातों की कितनी पुष्टि दूसरे साक्ष्यों से होती है.

कागज पर लिखा था मोबाइल का पिन, फोन से मिले सुराग
इस मामले में पुलिस को एक कागज का टुकड़ा और मोबाइल फोन अहम सुराग के तौर पर मिले हैं. पुलिस को लकी के शव के पास एक कागज मिला था. उस पर सुसाइड नोट के मोबाइल में होने और मोबाइल का पिन लिखा होने की जानकारी थी.

इसके बाद पुलिस ने मोबाइल फोन की जांच की. मोबाइल में दर्ज जानकारी के मुताबिक, लकी ने परिवार के तीनों सदस्यों के ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से पीड़ित होने का जिक्र किया था. उसने अपनी पारिवारिक परिस्थितियों और इस स्थिति को अपने कदम की वजह बताया है.

पुलिस अब मोबाइल में मौजूद पूरी जानकारी और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है. इस मामले में मोबाइल में दर्ज बातों को लकी की ओर से दी गई जानकारी के तौर पर देखा जा रहा है. जांच के बाद ही घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि हो सकेगी.

15 साल पहले पिता की भी हुई थी मौत
पुलिस की पड़ताल में परिवार से जुड़ी एक और दुखद जानकारी सामने आई है. सरोज तिवारी के पति की करीब 15 साल पहले आत्महत्या से मौत हो चुकी थी. बताया गया है कि यह परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का रहने वाला था और कई साल से जयपुर की रामनगर कॉलोनी में रह रहा था. परिवार का मकान भी खुद का था.

जानकारी के मुताबिक, लकी ऑनलाइन काम करता था और उसका घर से बाहर निकलना काफी कम था. सरोज और शिवांगी का भी आसपास के लोगों से ज्यादा मेलजोल नहीं था. तीनों का बाहर आना-जाना कम था और खाने-पीने का सामान भी ऑनलाइन ऑर्डर के जरिए मंगवाते थे.

पड़ोसी को फोन कर घर देखने को कहा था
शुक्रवार सुबह सरोज देवी के पिता दीप तिवारी ने पड़ोसियों को फोन किया था. उन्होंने बताया कि परिवार में कोई भी फोन नहीं उठा रहा है. उन्होंने पड़ोसियों से एक बार घर जाकर देखने को कहा. इसके बाद पड़ोसी मकान पर पहुंचे तो अंदर तीनों के शव मिले.

बताया जा रहा है कि मकान के परिसर में काफी घास उगी हुई थी और बाहर से भी घर की हालत ऐसी लग रही थी कि लंबे समय से साफ-सफाई नहीं हुई थी. आसपास के लोगों के मुताबिक, परिवार का बाहर निकलना और लोगों से मिलना-जुलना बहुत कम था. पुलिस ने घटना की सूचना सरोज तिवारी के दिल्ली निवासी पिता को दे दी है. उनके जयपुर पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे.

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने FSL टीम को मौके पर बुलाया. टीम ने घर के अलग-अलग कमरों से जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल भेज दिया गया.

फिलहाल पुलिस कई पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल से मिले कागज, मोबाइल फोन में दर्ज जानकारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL के साक्ष्यों का मिलान किया जाएगा. इसके बाद ही तीनों की मौत के पीछे की पूरी परिस्थितियां साफ हो सकेंगी.

रामनगर कॉलोनी की इस घटना ने एक परिवार की तीन जिंदगियां खत्म कर दीं. परिवार पहले ही पिता को खो चुका था और अब मां, बेटे और बेटी की मौत के बाद घर में कोई सदस्य नहीं बचा है. इस घटना ने परिवार की परिस्थितियों और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों पर भी ध्यान देने की जरूरत सामने रखी है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES