SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अलवर में 5 महीने की गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत: लिव-इन पार्टनर फरार, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

अलवर के नाहरपुर में पांच महीने की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने उसके लिव-इन पार्टनर योगेश कुमार पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है.

Written By Aman Singh
Published: Oct 19, 2026, 11:11 AM IST | Updated: Oct 19, 2026, 06:10 PM IST
Image Credit: ZEE Media
Join

राजस्थान के अलवर शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के नाहरपुर स्थित मेव मोहल्ले में किराए के मकान में रह रही 30 वर्षीय गर्भवती महिला कुमकुम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला करीब पांच महीने की गर्भवती थी. उसका शव मकान की ऊपरी मंजिल पर कमरे में पलंग पर मिला. परिजनों ने उसके लिव-इन पार्टनर योगेश चौधरी पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस को घटनास्थल पर टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला है, जबकि योगेश घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है. पुलिस हत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

डेढ़ साल से साथ रह रहे थे दोनों

मृतका कुमकुम उत्तर प्रदेश के वृंदावन निवासी राजू की बेटी थी. वह पिछले करीब डेढ़ साल से वृंदावन के ही रहने वाले योगेश चौधरी के साथ अलवर के नाहरपुर में रह रही थी. दोनों रंजीत सिंह के मकान की ऊपरी मंजिल पर किराए से रहते थे. पुलिस के अनुसार, दोनों पहले से शादीशुदा थे और उनके दो-दो बच्चे हैं. योगेश अलवर में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था.

कमरे में पलंग पर पड़ा मिला शव

घटना 18 अक्टूबर की है. जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच योगेश मकान से निकल गया था. इसके बाद कुमकुम कमरे में पलंग पर मृत अवस्था में मिली. काफी देर तक उसकी कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों ने मकान मालिक को सूचना दी. मकान मालिक मौके पर पहुंचा तो कुमकुम पलंग पर पड़ी थी और पास में मोबाइल फोन टूटा हुआ मिला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

यह भी पढ़ें- जयपुर सेंट्रल जेल में बाहर से फेंकी जर्दा-बीड़ी की खेप: सादे कपड़ों में तैनात प्रहरियों ने एक आरोपी को पकड़ा, दूसरा फरार

गला दबाकर हत्या की आशंका

सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि महिला के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि महिला की मौत किस वजह से हुई.

लिव-इन पार्टनर की तलाश में जुटी पुलिस

उद्योग नगर थाना प्रभारी रामेश्वर दयाल के अनुसार, परिजनों ने योगेश चौधरी पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दी है. परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच अक्सर मनमुटाव और छोटे-मोटे विवाद होते रहते थे. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है. घटना के बाद से योगेश फरार है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगी मौत की वजह

पुलिस ने कुमकुम के शव को राजकीय राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया. परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जानी है. पुलिस दोनों के पूर्व वैवाहिक संबंधों और कानूनी तलाक से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की वजह का पता लगाने में जुटी है.

Reporter- Jugal Gandhi

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES