राजस्थान के अलवर शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के नाहरपुर स्थित मेव मोहल्ले में किराए के मकान में रह रही 30 वर्षीय गर्भवती महिला कुमकुम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला करीब पांच महीने की गर्भवती थी. उसका शव मकान की ऊपरी मंजिल पर कमरे में पलंग पर मिला. परिजनों ने उसके लिव-इन पार्टनर योगेश चौधरी पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस को घटनास्थल पर टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला है, जबकि योगेश घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है. पुलिस हत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
मृतका कुमकुम उत्तर प्रदेश के वृंदावन निवासी राजू की बेटी थी. वह पिछले करीब डेढ़ साल से वृंदावन के ही रहने वाले योगेश चौधरी के साथ अलवर के नाहरपुर में रह रही थी. दोनों रंजीत सिंह के मकान की ऊपरी मंजिल पर किराए से रहते थे. पुलिस के अनुसार, दोनों पहले से शादीशुदा थे और उनके दो-दो बच्चे हैं. योगेश अलवर में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था.
घटना 18 अक्टूबर की है. जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच योगेश मकान से निकल गया था. इसके बाद कुमकुम कमरे में पलंग पर मृत अवस्था में मिली. काफी देर तक उसकी कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों ने मकान मालिक को सूचना दी. मकान मालिक मौके पर पहुंचा तो कुमकुम पलंग पर पड़ी थी और पास में मोबाइल फोन टूटा हुआ मिला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि महिला के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि महिला की मौत किस वजह से हुई.
उद्योग नगर थाना प्रभारी रामेश्वर दयाल के अनुसार, परिजनों ने योगेश चौधरी पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दी है. परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच अक्सर मनमुटाव और छोटे-मोटे विवाद होते रहते थे. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है. घटना के बाद से योगेश फरार है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
पुलिस ने कुमकुम के शव को राजकीय राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया. परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जानी है. पुलिस दोनों के पूर्व वैवाहिक संबंधों और कानूनी तलाक से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की वजह का पता लगाने में जुटी है.
Reporter- Jugal Gandhi