भाई के अंतिम दर्शन से पहले उठी दो बहनों की अर्थी, सालासर-नागौर हाईवे पर दर्दनाक हादसा
सुजानगढ़ के ठरडा गांव के पास दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत में दो सगी बहनों की मौत हो गई. दोनों भाई के अंतिम दर्शन के लिए गांव जा रही थीं. हादसे में एक बालक घायल हुआ.
सुजानगढ़ शहर के बाहर से गुजरने वाले सालासर-नागौर राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर गांव ठरडा के पास मंगलवार शाम करीब पौने चार बजे दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. हादसे में दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बालक घायल हो गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि ब्रेजा और सियाज कारों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
हरियाणा नंबर की कार से हुई टक्कर
हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ. दोनों कारें आमने-सामने से आ रही थीं. इनमें एक ब्रेजा और दूसरी सियाज थी. टक्कर के बाद दोनों वाहनों के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना के बाद हरियाणा नंबर की कार का चालक और उसमें सवार लोग मौके से फरार हो गए थे. हालांकि, बाद में पुलिस ने चालक को पकड़ लिया.
भाई के अंतिम दर्शन के लिए जा रही थीं बहनें
हादसे का शिकार हुई दोनों बहनें लाडनूं से अपने पैतृक गांव भवाज की ढाणी (फतेहपुर) जा रही थीं. उनके भाई की विदेश में मृत्यु हो गई थी और उनका शव बुधवार को गांव पहुंचने वाला था. भाई की मौत के गम में दोनों बहनें शोक संवेदना व्यक्त करने और अंतिम दर्शन करने के लिए गांव रवाना हुई थीं. इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार हरियाणा नंबर की कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी.
दो बहनों की मौके पर मौत, बालक घायल
इस दुर्घटना में शहरिया बास लाडनूं निवासी मेहरूनिशा (46), पत्नी राजू खान, और उनकी बहन चोलू खां डीडवाना निवासी दौलत बानो (55), पत्नी सलमान खान, की मौके पर ही मौत हो गई. घायल बालक नौशाद को तत्काल सुजानगढ़ के राजकीय बगड़िया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया. वहां उसका उपचार जारी है.
पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे
सूचना मिलते ही कोतवाली सीआई मुकेश कुमार और हेड कांस्टेबल अनिल कुमार पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. टीम हारे का सहारा के संयोजक श्याम स्वर्णकार, एम्बुलेंस चालक नवरत्न बिजारणिया और 108 एम्बुलेंस के रामनारायण भी मौके पर पहुंचे. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को राजकीय बगड़िया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया.
हाईवे पर यातायात कराया सुचार
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे करवाया और हाईवे पर यातायात सुचारू कराया. हेड कांस्टेबल अनिल कुमार ने बताया कि दोनों बहनों के शवों का पोस्टमार्टम बुधवार को परिजनों की ओर से दी जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा.
Reporter- Navratan Prajapat