SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

श्रीगंगानगर बम ब्लास्ट का पाकिस्तानी कनेक्शन: 5 लाख मोबाइल नंबर खंगाले, होटल की एक गलती से पकड़े गए मास्टरमाइंड

श्रीगंगानगर बम ब्लास्ट मामले में पुलिस ने 12 दिन की जांच के बाद मुख्य आरोपियों महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को पकड़ा. जांच में 5 लाख मोबाइल नंबर, हजारों CCTV फुटेज और 400 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई. होटल में दी गई असली ID से अहम सुराग मिला.

Written By Pradeep Suthar Edited By Ansh Raj
Published: Nov 16, 2026, 22:20 IST | Updated: Nov 16, 2026, 22:33 IST
Image Credit: Sri Ganganagar Bomb Blast
Join

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में हुए बम ब्लास्ट मामले की जांच में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने महज 12 दिनों की लगातार मेहनत के बाद मामले की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है. जांच स्थानीय आरोपियों से आगे बढ़कर पाकिस्तान में बैठे कथित साजिशकर्ताओं तक पहुंची. इस पूरे मामले में पुलिस ने तकनीकी जांच से लेकर संदिग्धों से पूछताछ तक कई स्तरों पर काम किया. मुख्य आरोपियों के रूप में महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह के नाम सामने आए हैं.

5 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबरों की जांच

मामले की जांच के लिए श्रीगंगानगर पुलिस की कई टीमें बनाई गईं. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की. इस दौरान 5 लाख से अधिक मोबाइल नंबरों और उनकी कॉल डिटेल्स का बारीकी से विश्लेषण किया गया.

इसके साथ ही संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाने के लिए अलग-अलग इलाकों के हजारों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में सक्रिय रहते हुए 400 से अधिक लोगों से पूछताछ की. इन सभी जानकारियों को आपस में जोड़कर जांच को आगे बढ़ाया गया.

होटल में असली ID देना पड़ा भारी

पुलिस के मुताबिक, मामले के मुख्य आरोपी महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह पहचान छिपाकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे. इसी वजह से उन्होंने किसी बड़े होटल के बजाय विजयनगर इलाके के एक सामान्य होटल में ठहरने का फैसला किया.

पुलिस की ओर से इलाके के होटलों और धर्मशालाओं की जांच की जा रही थी. इसी दौरान एक कांस्टेबल की नजर होटल के रिकॉर्ड पर पड़ी. जांच में पता चला कि दोनों आरोपी होटल में अपनी असली ID देकर ठहरे थे. यही जानकारी पुलिस के लिए अहम सुराग बन गई.

ATS के साथ चलाया संयुक्त ऑपरेशन

होटल में दर्ज पहचान पत्रों से मिले पते और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह पर गहराया. इसके बाद श्रीगंगानगर पुलिस ने ATS और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया. इस कार्रवाई में दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया.

SP और युवा IPS ने संभाली जांच की कमान

पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व SP हरिशंकर और युवा IPS (प्रोबेशनर) नितिन चौधरी ने किया. रेंज IG ओमप्रकाश के सुपरविजन में जांच आगे बढ़ाई गई. घटना के दिन से ही दोनों अधिकारी रामसिंहपुर इलाके में कैंप लगाकर जांच की निगरानी कर रहे थे. 12 दिनों तक चली इस जांच में मोबाइल नंबरों की पड़ताल, CCTV फुटेज और लोगों से पूछताछ के साथ होटल रिकॉर्ड की जांच भी अहम साबित हुई. पुलिस की जांच में सामने आए पाकिस्तान कनेक्शन ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत प्रदीप सुथार पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 6 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे श्री गंगानगर और हनुमानगढ से विभिन्न  विषय से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे किसान आंदोलन की हो, या क्राइम से जुड़ी और बॉर्डर इलाके से जुड़ी कोई भी खबर हो  सभी क्षेत्रों में प्रदीप सुथार  सक्रिय रूप से न्यूज कवर करते रहे हैं. इसके साथ  कृषि और पशुपालन और क्राइम से जुड़ी खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. किसानों की जमीनी हकीकत और विभिन्न मामलों में तह तक जाकर रिपोर्टिंग करना इनकी खासियत है. प्रदीप सुथार जी मीडिया समूह से पहले NDTV और दैनिक भास्कर से भी जुड़े रहे हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES