App

खेतड़ी में सरपंच चुनाव के दौरान खूनी झड़प, पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण की मौत, 4-5 लोग घायल

खेतड़ी में सरपंच चुनाव के दौरान दो पक्षों में झगड़ा हो गया. घटना में पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण की मौत हो गई, जबकि 4-5 लोग घायल हुए. परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और शव को खेतड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाने की मांग की है.

खेतड़ी में सरपंच चुनाव के दौरान खूनी झड़प, पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण की मौत, 4-5 लोग घायल
Image Credit: Khetri Panchayat Election AI Image

झुंझुनूं जिले के खेतड़ी क्षेत्र में सरपंच चुनाव के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. बूथों पर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते हिंसक हो गया. घटना में पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण की मौत हो गई, जबकि 4 से 5 अन्य लोग घायल हो गए. घायलों को उपचार के लिए नीमकाथाना जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है.

पुत्रवधू लड़ रही थी सरपंच पद का चुनाव

जानकारी के अनुसार, विजय नगर से पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण की पुत्रवधू सुमन सरपंच पद का चुनाव लड़ रही थीं. इसी दौरान मतदान के बीच दो पक्षों में विवाद हो गया. मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया. इस घटना में लक्ष्मीनारायण के सिर में चोट आई और उनकी मौत हो गई.

घायल बुगलाराम ने आरोप लगाया कि वे बैठे हुए थे, तभी दूसरे प्रत्याशी के पति जयपाल ने अपने साथियों के साथ उन पर हमला कर दिया. बुगलाराम के मुताबिक, हमलावरों ने लाठियों और सरियों से वार किए, जिसमें लक्ष्मीनारायण के सिर में चोट लगी.

पोते ने लगाया लाठी-सरियों और पत्थरों से हमले का आरोप

लक्ष्मीनारायण के पोते हंसराज ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया. हंसराज के अनुसार, हमले में लाठियों, सरियों और पत्थरों का इस्तेमाल किया गया, जिससे लक्ष्मीनारायण की मौत हो गई. हंसराज ने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक परिवार शव नहीं लेगा. उन्होंने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात भी कही.

पुलिस अधिकारी और पूर्व मंत्री पहुंचे अस्पताल

घटना की सूचना मिलने पर नीमकाथाना पुलिस उपाधीक्षक सुशील मान और कोतवाली थाना अधिकारी विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनाक्रम की जानकारी जुटाई. मृतक का शव नीमकाथाना जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और घटना की कड़े शब्दों में निंदा की.

शव खेतड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाने की मांग

पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मृतक का शव नीमकाथाना से खेतड़ी अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाने और घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की. इस संबंध में उन्होंने झुंझुनूं जिला कलेक्टर और एसपी से फोन पर बात की. साथ ही गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म को भी फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. पूर्व सरपंच की मौत के बाद परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं. वहीं, घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ashok Singh Shekhawat

Ashok Singh Shekhawat

अशोक सिंह शेखावत सीकर (राजस्थान) निवासी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो पिछले 23 से अधिक वर्षों से प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान में सीकर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं।विज्ञान, विधि (LL.B.), फार्मास्यूटिकल्स और पत्रकारिता (BJMC) में बहु-विषयक शिक्षा प्राप्त शेखावत जी ने अपने करियर की शुरुआत राजकीय अस्पताल, झुंझुनूं में 7 वर्षों तक बतौर फार्मासिस्ट की थी। इसके बाद उन्होंने मीडिया क्षेत्र में कदम रखते हुए राजस्थान पत्रिका, इंडिया टुडे और ईटीवी राजस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लंबे समय तक अपनी सेवाएँ दीं।सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (DIPR, राजस्थान) से अधिस्वीकृत पत्रकार (संख्या: 1410) के रूप में उन्हें रक्षा व शहीद परिवारों के कल्याण, स्वास्थ्य-चिकित्सा और क्षेत्रीय राजनीति की सटीक व संवेदनशील रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के लिए वे सीकर व झुंझुनूं जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी हो चुके हैं।
Read More