SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सिरोही में लव मैरिज का खौफनाक अंजाम! गर्भवती पत्नी के सामने पति को कुल्हाड़ी और तलवार से काट डाला

राजस्थान के सिरोही में प्रेम विवाह की रंजिश में मुंबई से दिवाली मनाने लौटे लक्ष्मण घांची की घर में घुसकर हत्या कर दी गई. हमले में उसकी गर्भवती पत्नी और मां भी घायल हुईं. पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Written By Ashok Singh Shekhawat
Published: Nov 11, 2026, 03:54 PM IST | Updated: Nov 11, 2026, 04:03 PM IST
Image Credit: मुंबई से दिवाली मनाने गांव लौटे लक्ष्मण घांची की घर में घुसकर हत्या कर दी गई.
Join

राजस्थान के सिरोही जिले के अनादरा थाना क्षेत्र के मालगांव में प्रेम विवाह को लेकर खूनी वारदात सामने आई है. यहां मुंबई से दिवाली मनाने घर लौटे एक युवक की हथियारबंद हमलावरों ने घर में घुसकर हत्या कर दी. वारदात के समय युवक की सात महीने की गर्भवती पत्नी और बुजुर्ग मां भी मौके पर मौजूद थीं. आरोपियों ने बीच-बचाव करने आई दोनों महिलाओं पर भी हमला किया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.

मृतक की पहचान लक्ष्मण घांची के रूप में हुई है. वह रविवार को ही मुंबई से अपने गांव मालगांव लौटा था. परिवार दिवाली की तैयारियों में जुटा था और घर में पूजा की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान सोमवार शाम करीब 6:30 बजे हथियारों से लैस हमलावर घर में घुस आए.

कुल्हाड़ी और तलवार से किए ताबड़तोड़ वार
हमलावरों ने लक्ष्मण पर कुल्हाड़ी, तलवार और धारदार हथियारों से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से परिवार के लोग संभल भी नहीं पाए. गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण जमीन पर गिर पड़ा. हमले के दौरान उसकी मां हंजा देवी बेटे को बचाने के लिए आगे आईं, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया. इस हमले में उनकी अंगुलियां कट गईं.

वहीं, लक्ष्मण की सात महीने की गर्भवती पत्नी नीरू ने भी पति को बचाने की कोशिश की. आरोपियों ने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया. घर के बाहर मौजूद लक्ष्मण के भाई किशन ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई.

यह भी पढे़ं- भरतपुर में बड़ा सड़क हादसा: बांध के पानी में पलटी सवारियों से भरी बस, मां की गोद में 9 माह की बच्ची की मौत

एक साल पहले किया था प्रेम विवाह
इस वारदात के पीछे करीब एक साल पुराना प्रेम विवाह बताया जा रहा है. लक्ष्मण ने नीरू नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था. नीरू के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और उसकी परवरिश उसके चाचा ने की थी. बताया जा रहा है कि युवती के परिजन इस शादी से नाराज थे. इसी रंजिश के चलते हमले को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है.

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हमले में गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण को परिजन तुरंत अनादरा अस्पताल लेकर पहुंचे. उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे आबूरोड के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, वहां पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद लक्ष्मण को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद मृतक के भाई किशन ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई. रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने नागाणी निवासी शंकर, जीतू, कमलेश, दीपक और साजिश में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. सीआई अमराराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.

आबूरोड अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लक्ष्मण का शव परिजनों को सौंप दिया गया. दिवाली मनाने घर लौटे युवक की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. सात महीने की गर्भवती पत्नी और बुजुर्ग मां के सामने हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. अब पुलिस जांच के बाद ही हमले से जुड़े सभी पहलुओं और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अशोक सिंह शेखावत सीकर (राजस्थान) निवासी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो पिछले 23 से अधिक वर्षों से प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान में सीकर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं।विज्ञान, विधि (LL.B.), फार्मास्यूटिकल्स और पत्रकारिता (BJMC) में बहु-विषयक शिक्षा प्राप्त शेखावत जी ने अपने करियर की शुरुआत राजकीय अस्पताल, झुंझुनूं में 7 वर्षों तक बतौर फार्मासिस्ट की थी। इसके बाद उन्होंने मीडिया क्षेत्र में कदम रखते हुए राजस्थान पत्रिका, इंडिया टुडे और ईटीवी राजस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लंबे समय तक अपनी सेवाएँ दीं।सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (DIPR, राजस्थान) से अधिस्वीकृत पत्रकार (संख्या: 1410) के रूप में उन्हें रक्षा व शहीद परिवारों के कल्याण, स्वास्थ्य-चिकित्सा और क्षेत्रीय राजनीति की सटीक व संवेदनशील रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के लिए वे सीकर व झुंझुनूं जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी हो चुके हैं।
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES