खाटूश्यामजी जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रक से भिड़ी: डेढ़ दर्जन से अधिक घायल, मची चीख-पुकार
सीकर के रींगस में NH-52 पर नदी पुलिया के पास बस और ट्रक की टक्कर में डेढ़ दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए. पुणे से खाटूश्यामजी जा रहे 37 यात्रियों की बस दुर्घटनाग्रस्त हुई. चार गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया.
सीकर जिले के रींगस में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर नदी पुलिया के पास बस और ट्रक की टक्कर से बड़ा हादसा हो गया. दुर्घटना में डेढ़ दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही रींगस थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
पुणे से खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, बस में पुणे से 37 श्रद्धालु सवार होकर खाटूश्यामजी के दर्शन करने के लिए जा रहे थे. यात्रा के दौरान रींगस क्षेत्र में एनएच-52 पर नदी पुलिया के पास उनकी बस एक ट्रक से टकरा गई. हादसे की वजह सड़क पर खड़ा ट्रक और बस चालक की ओर से ओवरटेक करने का प्रयास बताया जा रहा है.
बताया गया कि ट्रक का टायर पंचर हो गया था. इसके चलते ट्रक चालक सड़क किनारे टायर बदल रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बस ने ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की. इस दौरान बस ट्रक से भिड़ गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार डेढ़ दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए.
यह भी पढ़ें- Kota Accident: दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, खाई में गिरी ट्रैवल बस, 5 लोगों की मौत
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
दुर्घटना की सूचना मिलने पर रींगस थानाधिकारी राजेंद्र सिंह कमांडो पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. घटनास्थल पर घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए. पुलिस ने स्थानीय स्तर पर मदद जुटाई और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की.
इसके बाद सभी घायलों को राजकीय उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. उपचार के दौरान चार घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार किया गया.
NH-52 पर यातायात हुआ प्रभावित
बस और ट्रक की भिड़ंत के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के सड़क पर होने से आवागमन में परेशानी आई. स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को दोबारा सुचारू करवाया.
इस हादसे के बाद हाईवे पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और सड़क पर खड़े वाहनों के पास विशेष सतर्कता रखने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है. फिलहाल, हादसे में घायल श्रद्धालुओं को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि चार गंभीर घायलों को आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया है.