SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

महंगे ATF के चलते कई शहरों की फ्लाइट्स बंद: विंटर शेड्यूल में यात्रियों को झटका

जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विंटर शेड्यूल 2026 में भी कई शहरों के लिए सीधी फ्लाइट्स नहीं मिलेंगी. जैसलमेर, वाराणसी, अयोध्या, भुवनेश्वर और भोपाल समेत कई शहरों की उड़ानें बंद हैं. वहीं, लखनऊ, उदयपुर और चंडीगढ़ की फ्लाइट्स के फेरे भी कम हुए हैं.

Reported By Kashiram Chaudhary Written By Aman Singh
Published: Oct 19, 2026, 11:47 AM IST | Updated: Oct 19, 2026, 11:52 AM IST
Image Credit: Zee Media
Join

राजस्थान के जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इस बार सर्दियों में भी फ्लाइट्स की कमी देखने को मिलेगी. प्रमुख शहरों के अलावा टियर-2 और टियर-3 श्रेणी के शहरों के लिए इस बार फ्लाइट्स शुरू नहीं की जा रही हैं. हवाई ईंधन की महंगाई ने फ्लाइट संचालन पर कैंची चला दी है. इससे यात्रियों को हवाई यात्रा के बहुत सीमित विकल्प मिल पा रहे हैं. अगर इस बार दिसंबर में रेत के धोरों के बीच न्यू ईयर सेलिब्रेट करने का प्लान कर रहे हैं और आपकी योजना यह है कि फ्लाइट से जैसलमेर जाकर एन्जॉय करेंगे, तो यह संभव नहीं होगा.

जैसलमेर के लिए इस बार सर्दियों में जयपुर से सीधी फ्लाइट नहीं मिलेगी. काशी विश्वनाथ के दर्शनों के लिए वाराणसी जाने वाले हवाई यात्रियों को भी झटका लगने वाला है. जयपुर से इस बार सर्दियों में वाराणसी की फ्लाइट भी नहीं मिलेगी. जैसलमेर या वाराणसी ही नहीं, बल्कि दर्जनभर शहरों के लिए इस बार सीधी फ्लाइट नहीं मिलेंगी. इसके पीछे सबसे बड़ा कारण विमानों के ईंधन का महंगा होना है. विमानों का ईंधन यानी एविएशन टरबारइन फ्यूल, एविएशन टरबाइन फ्यूल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं. इस कारण एयरलाइंस के लिए मौजूदा शेड्यूल को ही चलाना मुश्किल हो रहा है. साथ ही एयरलाइंस नए शहरों के लिए फ्लाइट शुरू करने के बजाय पुराने रूटों पर ही कटौती कर रही हैं.

यह भी पढ़ें- जयपुर परकोटे में वन-वे ट्रैफिक का विरोध: 400 से ज्यादा दुकानें बंद, व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

पहले चलने वाली ये फ्लाइट्स अब बंद

सुबह 9:20 बजे जैसलमेर जाने वाली फ्लाइट 6E-7675 बंद, इस बार नहीं चलेगी. सुबह 8:25 बजे वाराणसी की फ्लाइट SG-2958 पिछले पौने 2 साल से बंद, दोपहर 1:40 बजे अमृतसर जाने वाली फ्लाइट SG-2960 पिछले साल से बंद, जगन्नाथ पुरी के दर्शनार्थियों के लिए भुवनेश्वर की फ्लाइट फरवरी 2026 से बंद, अयोध्या के लिए सुबह 7:15 बजे की फ्लाइट SG-3421 मार्च 2024 से बंद, सुबह 8:40 बजे धर्मशाला की फ्लाइट SG-3441 भी करीब 4 साल से बंद है.

एयरलाइंस ने छोटे विमानों से कम किया फ्लाइट संचालन

कई शहर ऐसे भी हैं, जहां के लिए छोटे विमानों के जरिए फ्लाइट संचालित की जा सकती हैं. पूर्व में स्पाइसजेट एयरलाइन 90 सीट क्षमता के क्यू-400 विमानों के जरिए ऐसे शहरों के लिए फ्लाइट संचालित करती थी, लेकिन अब स्पाइसजेट की एक भी घरेलू फ्लाइट जयपुर एयरपोर्ट से संचालित नहीं हो रही है. इसी तरह इंडिगो ने भी 78 सीट क्षमता के एटीआर-72 विमानों के जरिए फ्लाइट संचालन घटाया है.

ये शहर भी इस बार सर्दियों में नहीं जुड़ेंगे

भोपाल के लिए पिछले साल सर्दियों में फ्लाइट थी, लेकिन इस बार नहीं चलेगी. बरेली और पंतनगर के लिए वर्ष 2024 की सर्दियों में फ्लाइट थी. इस बार इन दोनों शहरों के लिए फ्लाइट संचालन की योजना नहीं है. आगरा के लिए ढाई साल से फ्लाइट संचालित नहीं हो रही, स्टार एयर की बेलगावी की फ्लाइट भी पिछले 8 महीने से बंद, लखनऊ, उदयपुर, चंडीगढ़ की फ्लाइट्स के फेरे भी कम हुए हैं.

कितना महंगा हुआ एटीएफ

फरवरी 2026 में एटीएफ की दर 94000 रुपए प्रति किलोलीटर थी. अब 1 लाख 37 हजार रुपए प्रति किलो लीटर एटीएफ की दर हुई. ईंधन महंगा होने से एयरलाइंस ने पर्यटन सीजन में भी फ्लाइट्स नहीं बढ़ाई गई. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत काशीराम चौधरी पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 21 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे ट्रांसपोर्ट विषय से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे सड़क परिवहन की हो, फ्लाइट मूवमेंट की या फिर रेलवे परिवहन, सभी क्षेत्रों में काशीराम सक्रिय रूप से न्यूज कवर करते रहे हैं. काशीराम कृषि और पशुपालन से जुड़ी खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. किसानों की जमीनी हकीकत दिखाने के साथ ही कृषि विपणन मंडियों की भी रिपोर्टिंग करते रहे हैं. साथ ही वे आबकारी और माइंस सेक्टर की खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं. काशीराम जी मीडिया समूह से पहले राजस्थान पत्रिका, डीएनए, ईटीवी राजस्थान, फर्स्ट इंडिया न्यूज में भी कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES