CCTV में कैद हुआ रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा! कार की जोरदार टक्कर से 7 साल की मासूम की दर्दनाक मौत
कोटपूतली के उपली कोठी इलाके में कार की टक्कर से 7 साल की बच्ची की मौत हो गई. जयपुर ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया. घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर मुआवजे और कार्रवाई की मांग की.
कोटपूतली शहर के वार्ड नंबर 10 स्थित उपली कोठी इलाके में दर्दनाक सड़क हादसे में 7 साल की बच्ची की मौत हो गई. एक बेकाबू कार ने बच्ची को टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे पहले राजकीय बीडीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां से जयपुर रेफर किया गया. हालांकि, जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार बच्ची को टक्कर मारती नजर आ रही है.
बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगाया और कोटपूतली थाने का घेराव कर दिया. ग्रामीण मुआवजे की मांग के साथ चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
अस्पताल से जयपुर रेफर, रास्ते में तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, हादसा वार्ड नंबर 10 के उपली कोठी क्षेत्र में हुआ. कार की चपेट में आने से 7 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई थी. परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत राजकीय बीडीएम अस्पताल लेकर पहुंचे. बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रेफर कर दिया. लेकिन जयपुर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई.
ये भी पढ़ें - कोटा से जयपुर तक हादसों का कहर: सेना का जवान शहीद, दौसा में दो युवकों की गई जान
हादसे के बाद सड़क पर लगाया जाम
बच्ची की मौत के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया. सूचना मिलने पर कोटपूतली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कार जब्त कर चालक को हिरासत में लिया. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई.
थाने का घेराव कर पुलिस पर लगाए आरोप
हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने कोटपूतली थाने का घेराव कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने और चालक को मौके से फरार करवाने का आरोप लगाया. थाने के बाहर लोगों ने जमकर नारेबाजी की. ग्रामीण मुआवजा देने और मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. फिलहाल उपली कोठी तिराहे के पास विधायक के निवास के नजदीक परिजन और ग्रामीण धरने पर बैठे हैं. इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस स्थिति संभालने का प्रयास कर रही है.