होटल में पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप: कथित देह व्यापार का खुलासा, सरदारशहर में संचालक गिरफ्तार
चूरू के सरदारशहर में पुलिस ने होटल शांति पैलेस पर दबिश देकर कथित देह व्यापार के मामले में होटल संचालक को गिरफ्तार किया. पुलिस ने बोगस ग्राहक के जरिए कार्रवाई की और मौके से एक युवती का रेस्क्यू कर उसे परिजनों को सौंप दिया. मामले में पीटा एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
राजस्थान के चूरू जिले के सरदारशहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रोडवेज बस स्टैंड के पीछे स्थित होटल शांति पैलेस पर दबिश दी. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया. होटल की आड़ में कथित देह व्यापार संचालित किए जाने के मामले में पुलिस ने होटल संचालक को गिरफ्तार किया है. वहीं मौके से एक युवती का रेस्क्यू कर उसे उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया.
होटल संचालक गिरफ्तार
थाना अधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि होटल संचालक सरदारशहर के वार्ड नंबर 25 निवासी 42 वर्षीय भंवरलाल पुत्र नानूराम माली को गिरफ्तार किया गया है. मामले में पुलिस ने पीटा एक्ट (Prevention of Immoral Trafficking Act) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें- जैसलमेर के कुलधरा में पर्यटकों से बदसलूकी: बंदूक तानने का आरोप, 2 युवक गिरफ्तार
डीएसपी कुलदीप वालिया ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि रोडवेज बस स्टैंड के पीछे वाली गली में स्थित होटल शांति पैलेस में कथित रूप से देह व्यापार करवाया जा रहा है. सूचना में आरोप लगाया गया था कि होटल संचालक बाहर से युवतियों को बुलाकर होटल में ठहराता था और ग्राहकों से कमीशन लेकर अनैतिक गतिविधियां संचालित करवाता था.
कार्रवाई के दौरान युवती का रेस्क्यू
सूचना की पुष्टि करने के लिए पुलिस ने बोगस ग्राहक के जरिए कार्रवाई की योजना बनाई. इसके बाद डीएसपी कुलदीप वालिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल पर दबिश दी. कार्रवाई के दौरान होटल संचालक को गिरफ्तार किया गया और मौके से एक युवती का रेस्क्यू किया गया. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद युवती को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया. इस पूरी कार्रवाई में सरदारशहर थाना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह शेखावत सहित पुलिस टीम मौजूद रही.
यह भी पढ़ें- धौलपुर जेल में हिस्ट्रीशीटर का हंगामा: प्रहरी के हाथ पर दातों से काटा, 21 आपराधिक मामलों में दर्ज है नाम
होटल संचालकों को थानाधिकारी की चेतावनी
मामले में पीटा एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है. पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. थाना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह शेखावत ने होटल संचालकों को चेतावनी दी है कि किसी भी होटल में अवैध गतिविधियां संचालित होने की पुष्टि होने पर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर में होटल व्यवसाय की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित करने वालों में हलचल मची हुई है.
Reporter- Navratan Prajapat