App

दो संतों में झगड़ा, एक की मौत: शव को जमीन में दबाकर लगा दी समाधि, खुलासा हुआ तो मचा बवाल

Rajasthan News: रतनगढ़ के सांगासर गांव स्थित प्रेमनाथ आश्रम में दो संतों के झगड़े में एक संत की मौत हो गई. साथी संतों ने शव को जमीन में दबाकर समाधि लगा दी. ग्रामीणों को जानकारी मिली तो उन्होंने सालासर सड़क जाम कर पोस्टमार्टम की मांग की.

दो संतों में झगड़ा, एक की मौत: शव को जमीन में दबाकर लगा दी समाधि, खुलासा हुआ तो मचा बवाल
Image Credit: Churu Saint Murder (Zee Media)

Churu News: रतनगढ़ तहसील के सांगासर गांव स्थित प्रेमनाथ आश्रम में दो संतों के बीच हुए झगड़े के बाद एक संत की मौत हो गई. आरोप है कि मौत के बाद साथी संतों ने शव को जमीन में दबाकर उसकी समाधि भी बना दी. घटना की जानकारी ग्रामीणों को मिलने के बाद गांव में आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों ने मृत संत के शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर सालासर सड़क मार्ग जाम कर दिया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से समझाइश की और करीब एक घंटे बाद रास्ते पर आवागमन शुरू करवाया.

भाई ने दर्ज कराया हत्या का मामला
घटना को लेकर हरियाणा के सिरसा जिले के धौलपालिया गांव निवासी हंसराज पुत्र मोहनलाल ने हत्या का मामला दर्ज करवाया है. पुलिस के अनुसार, हंसराज ने रिपोर्ट में बताया कि उसका छोटा भाई बन्नानाथ वर्ष 2004 में संन्यास लेकर साधु बन गया था. पिछले दो साल से वह रावतसर में बालकनाथ के आश्रम में रह रहा था.

30 सितंबर को गांव आया था बन्नानाथ
रिपोर्ट के मुताबिक, बन्नानाथ 30 सितंबर को अपने गांव आया था. इसके बाद 2 अक्टूबर को बालकनाथ ने फोन कर हंसराज को सत्संग में चलने के लिए कहा. इस पर वह 3 अक्टूबर को रावतसर पहुंचा. अगले दिन उसे पता चला कि बालकनाथ उसके भाई बन्नानाथ को रतनगढ़ तहसील के सांगासर गांव में बजरंगनाथ के पास छोड़कर आया है और एक सप्ताह बाद उसे वापस लेने आएगा.

भाई से नहीं हो पाया संपर्क
इसके बाद बन्नानाथ से परिवार के लोगों का कोई संपर्क नहीं हुआ. हंसराज ने जब इस बारे में बालकनाथ से बात की तो उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला. इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई. इस दौरान पता चला कि बन्नानाथ का बालकनाथ के साथ झगड़ा हुआ था और उसकी मौत हो गई.

मौत के बाद जमीन में दबाया शव
जानकारी के अनुसार, संत की मौत के बाद उसके शव को जमीन में दबा दिया गया और वहीं समाधि बना दी गई. घटना की जानकारी जब ग्रामीणों को मिली तो वे आक्रोशित हो गए. ग्रामीण बड़ी संख्या में आश्रम के पास एकत्रित हुए और मृत संत के शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग करने लगे.

एक घंटे तक सड़क पर लगाया जाम
ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम की मांग को लेकर सालासर सड़क मार्ग पर करीब एक घंटे तक जाम लगा दिया. इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से समझाइश की. इसके बाद पुलिस ने आवागमन को दोबारा सुचारु करवाया.

पुलिस ने शुरू की जांच
सीआई संदीप कुमार ने बताया कि जमीन से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम के बाद मौत की वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pragati Pant Awasthi

Pragati Pant Awasthi

मीडिया की दुनिया में 18 साल का सफर... एंकरिंग से लेकर डिजिटल की स्क्रीन तक, हर नया बदलाव दिल से अपनाया, जो सोचती हूं, वही कहती हूं, बातों को घुमाना मेरी आदत नहीं, दिल की बात जुबां पर रखना पहचान है. फिलहाल 'ज़ी राजस्थान डिजिटल' के साथ सफर जारी है और हर दिन कुछ नया सीखने की ललक बरकरार है और रहेगी. Pragati.Pant@india.com ईमेल के जरिए आप संपर्क कर सकते हैं.
Read More