Exclusive : रणथंभौर की 'खौफनाक' कनकटी अब मुकुंदरा की बनी स्टार, जल्द बढ़ाएगी बाघों का कुनबा !
रणथंभौर में कभी दो मौतों की वजह से दहशत का नाम रही बाघिन 'कनकटी' की जिंदगी अब बदल चुकी है. जून 2025 में मुकुंदरा शिफ्ट होने के बाद साढ़े तीन साल की ये बाघिन पहली बार मां बनने की दहलीज पर है. मेल टाइगर संग बढ़ती नजदीकियों से अगले साल शावकों की उम्मीद है.
राजस्थान के रणथंभौर टाइगर रिजर्व में कभी जिस बाघिन के नाम से दहशत और चिंता का माहौल था, आज वही बाघिन कोटा के मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में बाघों की नई पीढ़ी को जन्म देने वाली मां बन सकती है. रणथंभौर में एक सात साल के बच्चे और वन विभाग के रेंजर की मौत की घटनाओं से जुड़ी रही बाघिन कनकटी की कहानी अब पूरी तरह बदल चुकी है. सवाई माधोपुर के जंगलों में कभी वन विभाग को अलर्ट मोड पर रखने वाली कनकटी पिछले करीब डेढ़ साल से मुकुंदरा में सामान्य व्यवहार कर रही है. यहां उसने 82 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में अपना दबदबा कायम कर रखा है. पर्यटकों को सबसे ज्यादा साइटिंग भी इसी बाघिन की मिल रही है. अब उसकी उम्र और मेल टाइगर के साथ लगातार बढ़ते इंटरेक्शन ने वन विभाग की उम्मीदें बढ़ा दी हैं. करीब साढ़े तीन साल की हो चुकी कनकटी अब पहली बार मां बनने की उम्र में पहुंची है. वन विभाग की मॉनिटरिंग में मेल टाइगर के साथ उसका लगातार इंटरेक्शन सामने आ रहा है. ऐसे में उम्मीद है कि अगले साल मुकुंदरा के जंगल में कनकटी के शावकों की किलकारियां सुनाई दे सकती हैं. रणथंभौर में कनकटी के नाम से पहचान बनाने वाली इस बाघिन को मुकुंदरा टाइगर रिजर्व में शिफ्ट करने के बाद MT-8 नाम दिया गया. अब मुकुंदरा में यह बाघिन MT-8 के नाम से जानी जाती है.
मां एरोहेड की संतान है कनकटी, रणथंभौर की मशहूर मछली की वंशजकनकटी का संबंध रणथंभौर के चर्चित बाघ परिवार से है. उसकी मां बाघिन टी-84 एरोहेड थी, जो रणथंभौर की मशहूर बाघिन मछली की वंश परंपरा से जुड़ी थी। कनकटी की पहचान RBT-2507 के रूप में भी है. वन्यजीव रिपोर्टों के अनुसार, वो एरोहेड के वर्ष 2023 में जन्मे आखिरी लिटर के तीन शावकों में से एक थी. उसे पहली बार 25 जुलाई 2023 को रणथंभौर के जोन नंबर-2 में अपनी मां और दो अन्य शावकों के साथ देखा गया था. मां एरोहेड के साथ रणथंभौर के जंगलों में बड़ी हुई कनकटी की जिंदगी में आगे चलकर ऐसा मोड़ आया, जिसने उसे वन विभाग की निगरानी और प्रबंधन का बड़ा विषय बना दिया. जिस बाघिन की पहचान आज मुकुंदरा में पर्यटकों के आकर्षण के रूप में है, उसका अतीत रणथंभौर की दो गंभीर घटनाओं से जुड़ा रहा है.
अप्रैल और मई 2025 की घटनाओं से रणथंभौर में मचा था हड़कंप
16 अप्रैल 2025 को रणथंभौर में गणेश मंदिर के रास्ते पर सात वर्षीय कार्तिक सुमन की बाघ के हमले में मौत हो गई. इसके बाद 11 मई 2025 को जोन नंबर-3 के जोगी महल इलाके में ड्यूटी के दौरान वन विभाग के रेंजर देवेंद्र चौधरी की भी बाघ के हमले में जान चली गई. वन विभाग की जांच में इन दोनों घटनाओं के पीछे कनकटी के होने की आशंका जताई गई. लगातार हुई इन घटनाओं ने रणथंभौर के वन प्रबंधन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी. पर्यटकों, श्रद्धालुओं, वनकर्मियों और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई. वन विभाग ने कनकटी की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई. 14 मई 2025 को उसे ट्रेंकुलाइज कर पकड़ा गया और रणथंभौर के भीतर ही एक सुरक्षित एनक्लोजर में रखा गया. इसके बाद उसे दूसरे टाइगर रिजर्व में शिफ्ट करने का फैसला हुआ.
मां की मौत और बेटी की विदाई, एक ही दिन बदली रणथंभौर की तस्वीर
कनकटी के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण मोड़ 19 जून 2025 को आया। इसी दिन उसे रणथंभौर से मुकुंदरा टाइगर रिजर्व, कोटा शिफ्ट किया गया. संयोग ऐसा रहा कि जिस दिन बेटी कनकटी ने रणथंभौर का जंगल छोड़ा, उसी दिन उसकी मां एरोहेड की बीमारी के चलते मौत हो गई. इस तरह कनकटी का रणथंभौर से रिश्ता एक साथ दो बड़े घटनाक्रमों के साथ खत्म हुआ. एक तरफ मां का साथ छूट गया, दूसरी तरफ उसे एक नए जंगल और नए वातावरण में जिंदगी की शुरुआत करनी थी.
मुकुंदरा में पहले दो महीने निगरानी, फिर मिला 82 वर्ग किलोमीटर का क्षेत्र
मुकुंदरा पहुंचने के बाद वन विभाग ने कनकटी को सीधे खुले जंगल में नहीं छोड़ा. डीएफओ मुत्तू एस के अनुसार, शुरुआत में उसे बी-सेक्टर के एनक्लोजर में करीब दो महीने तक रखा गया. उसके व्यवहार और गतिविधियों पर नजर रखने के बाद उसे 82 वर्ग किलोमीटर के बड़े एनक्लोजर में शिफ्ट किया गया. यहां आने के बाद कनकटी ने धीरे-धीरे पूरे क्षेत्र में अपना मूवमेंट स्थापित कर लिया. डीएफओ के मुताबिक, वह काफी डॉमिनेंट बाघिन है. उसका टेरिटरी एरिया यहां मौजूद मेल टाइगर से भी बड़ा देखा गया है. वो 82 वर्ग किलोमीटर के पूरे क्षेत्र का इस्तेमाल करती है और उसके मूवमेंट का दायरा काफी विस्तृत है.
रणथंभौर की गाड़ियों की आदी, मुकुंदरा में पर्यटकों को सबसे ज्यादा साइटिंग
कनकटी की एक खास बात ये भी है कि रणथंभौर में पर्यटन क्षेत्र के आसपास रहने के कारण उसे जिप्सियों और पर्यटकों की गाड़ियों की मौजूदगी की आदत रही है. मुकुंदरा में भी उसका मूवमेंट पर्यटन मार्ग तक रहता है. डीएफओ ने बताया कि पर्यटकों को सबसे ज्यादा साइटिंग इसी बाघिन की मिल रही है. जिस कनकटी के नाम के साथ कभी रणथंभौर की घटनाएं जुड़ी थीं, आज वही मुकुंदरा में पर्यटकों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र है. उसकी नियमित साइटिंग मुकुंदरा के पर्यटन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
दिसंबर 2025 में एनक्लोजर से बाहर निकली, फिर वन विभाग ने संभाला मोर्चा
9 दिसंबर 2025 को कनकटी 82 वर्ग किलोमीटर के एनक्लोजर से बाहर निकलकर आबादी के नजदीक अमझार और झामरा वैली की तरफ पहुंच गई थी. उसके मूवमेंट को देखते हुए आसपास के गांवों में चिंता बढ़ गई. वन विभाग की टीमें लगातार उसकी निगरानी में जुटी रहीं. 11 दिसंबर को वन विभाग ने उसे सुरक्षित तरीके से ट्रेंकुलाइज कर दोबारा 82 वर्ग किलोमीटर के एनक्लोजर में शिफ्ट किया. इसके बाद एनक्लोजर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया. इस घटना के बाद भी विभाग ने उसके प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता जारी रखी.
कनकटी के इलाके में पैदल पेट्रोलिंग बंद, मजदूरों के साथ रहती है ट्रैकिंग टीम
कनकटी के पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए वन विभाग ने मुकुंदरा में भी विशेष सुरक्षा इंतजाम किए हैं. डीएफओ मुत्तू एस के अनुसार, उसके इलाके में स्टाफ की पैदल पेट्रोलिंग बंद कर दी गई है. जब भी जंगल में सड़क मरम्मत, फायर लाइन मेंटेनेंस या अन्य विकास कार्य किए जाते हैं, तब मजदूरों के साथ वन विभाग की ट्रैकिंग टीम मौजूद रहती है. टीम रेडियो रिसीवर के माध्यम से बाघिन की लोकेशन पर नजर रखती है. अगर कनकटी का मूवमेंट उस तरफ होता है, जहां काम चल रहा है, तो एहतियात के तौर पर काम रोक दिया जाता है. यानी वन विभाग उसके प्राकृतिक मूवमेंट को बनाए रखने के साथ-साथ मानव सुरक्षा को भी प्राथमिकता दे रहा है.
साढ़े तीन साल की हुई कनकटी, पहली बार मां बनने की उम्र में पहुंची
कनकटी की कहानी का सबसे महत्वपूर्ण नया पहलू अब उसका प्रजनन है. मुकुंदरा टाइगर रिजर्व के डीएफओ मुत्तू एस के अनुसार, बाघिन MT-8 अभी करीब साढ़े तीन साल की हो चुकी है. अब वह उस उम्र में पहुंच रही है, जहां से उसके गर्भवती होने और मां बनने की प्रक्रिया की शुरुआत हो सकती है. डीएफओ के मुताबिक, वन विभाग की लगातार मॉनिटरिंग में कनकटी का मेल टाइगर के साथ लगातार इंटरेक्शन सामने आ रहा है. दोनों के बीच नजदीकी बढ़ रही है. ऐसे में वन विभाग को उम्मीद है कि आने वाले समय में कनकटी गर्भवती हो सकती है और पहली बार मां बन सकती है.अगर सब कुछ सामान्य रहा तो अगले साल मुकुंदरा में कनकटी के शावक देखने को मिल सकते हैं. ये इसलिए भी खास होगा क्योंकि कनकटी पहली बार मां बनेगी. उसके शावकों के जन्म से मुकुंदरा में बाघों की नई पीढ़ी तैयार होगी और यहां बाघों की संख्या बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है.
दो जंगल, दो अलग तस्वीरें, रणथंभौर में खौफ, मुकुंदरा में सामान्य व्यवहार
कनकटी की कहानी में सबसे दिलचस्प पहलू उसके दोनों जंगलों का अंतर है. रणथंभौर में अप्रैल और मई 2025 की घटनाओं के बाद उसका नाम एक बच्चे और वन विभाग के रेंजर की मौत से जुड़ा. इन घटनाओं के बाद वन विभाग को उसे पकड़कर दूसरे टाइगर रिजर्व में शिफ्ट करना पड़ा. वहीं मुकुंदरा में करीब डेढ़ साल से रह रही कनकटी ने अब तक किसी इंसान पर हमला नहीं किया है. यहां उसका व्यवहार सामान्य रहा है और वो अपने निर्धारित क्षेत्र में लगातार मूवमेंट कर रही है.एक ही बाघिन के दो जंगलों में अलग-अलग व्यवहार की यह कहानी वन्यजीव प्रबंधन के लिहाज से भी अहम है. मुकुंदरा में उसके लिए विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की गई है. वन विभाग उसके मूवमेंट पर नजर रखते हुए मानव सुरक्षा का भी ध्यान रख रहा है.
रणथंभौर की चुनौती से मुकुंदरा की उम्मीद तक पहुंची कनकटी
कुलमिलाकर कनकटी की कहानी अब एक नए पड़ाव पर है। रणथंभौर में गंभीर घटनाओं से जुड़ने के बाद उसे मुकुंदरा लाया गया. यहां उसके लिए अलग प्रबंधन व्यवस्था बनाई गई, उसके मूवमेंट पर नजर रखी गई और करीब डेढ़ साल में उसने इस जंगल में अपनी जगह बना ली. आज वो पर्यटकों की पहली पसंद है और वन विभाग को उससे बाघों की नई पीढ़ी की उम्मीद है.करीब साढ़े तीन साल की कनकटी अब पहली बार मां बनने की उम्र में पहुंच चुकी है. मेल टाइगर के साथ लगातार इंटरेक्शन के बीच वन विभाग अगले साल उसके शावकों की उम्मीद कर रहा है. रणथंभौर में जिस कनकटी को लेकर कभी चिंता और चुनौती थी, वही अब मुकुंदरा में बाघ संरक्षण और बाघों की संख्या बढ़ाने की एक नई उम्मीद बनती नजर आ रही है.