रणथंभौर में गूंजी किलकारी ! दीपावली पर बाघिन सिद्धि ने दिया शावकों को जन्म, खुशी की लहर
दिवाली पर रणथम्भौर टाइगर रिजर्व से खूबसूरत तस्वीर सामने आई है. यहां रणथम्भौर की करीब 8 वर्षीय बाघिन T-125 (सिद्धि) ने शावकों को जन्म दिया है. बाघिन T 125 की तस्वीर एक नन्हें शावक के साथ वन विभाग के फोटो ट्रैप कैमरा में कैद हुई है.
बाघिन के शावक के साथ नजर आने से वन्यजीव प्रमियों सहित रणथंभौर वन प्रशासन में खुशी की लहर है. बाघिन की शावक के साथ मौजूदगी रणथम्भौर के बाघ परिवार के लिए एक और सकारात्मक संकेत है. गौरतलब है कि बाघिन T-125 (सिद्धि) का यह दूसरा लिटर (प्रसव) है. कैमरा ट्रैप में फिलहाल एक शावक दिखाई दिया है. हालांकि शावकों की वास्तविक संख्या इससे अधिक भी हो सकती है.
वन विभाग में लगाए गए कैमरा ट्रैप की लगातार निगरानी की जा रही है. अगले दिनों में कैमरा ट्रैप से मिलने वाली तस्वीरों के आधार पर शावकों की वास्तविक संख्या की पुष्टि की जाएगी. वन विभाग की फील्ड टीम की तरफ से बाघिन और उसके शावकों की मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है. रणथंभौर के डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि बाघिन और शावकों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग की टीम अलर्ट है ओर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है.
इधर अलवर से भी दिवाली पर सरिस्का टाइगर रिजर्व से वन्यजीव प्रेमियों को रोमांचित कर देने वाला नजारा सामने आया.जंगल की सैर के दौरान सड़क किनारे बनी सुरक्षा दीवार पर बेखौफ अंदाज में टहलती एक युवा बाघिन कैमरे में कैद हुई.ये बाघिन सरिस्का की बाघिन ST-30 की शावक बताई जा रही है.
बताया जा रहा है कि पांडूपोल हनुमान मंदिर में चोला चढ़ाकर लौट रहे महंत रोहित रविवार दोपहर करीब एक बजे काली घाटी से टहला जाने वाले रास्ते से गुजर रहे थे. इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे बनी सुरक्षा दीवार पर एक बाघिन चहलकदमी करती दिखाई दी. बाघिन का अंदाज इतना सहज और बेखौफ था कि मानो उसे आसपास किसी की मौजूदगी का कोई एहसास ही न हो. महंत रोहित ने इस दुर्लभ वन्यजीव दृश्य को अपने कैमरे में कैद कर लिया. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.
इससे पहले भी बाघिन ST-30 को इस इलाके में घूमते देखा गया है. इस साल की शुरुआत में ST-30 अपने तीन नन्हें शावकों के साथ जंगल में अठखेलियां करती नजर आई थी. उस दौरान भी उनका वीडियो खूब वायरल हुआ था. अब वक्त के साथ तीनों शावक बड़े हो रहे हैं और वयस्क अवस्था की ओर बढ़ते हुए जंगल में अपनी अलग पहचान और टेरिटरी स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.