)
राजस्थान का मौसम लगातार बदलता हुआ दिखाई दे रहा है. राज्य के कई जिलों में हल्के से मध्यम बादल गरजने के साथ अचानक तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.
इसके चलते मौसम विभाग ने टोंक, सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, जयपुर, बूंदी और अजमेर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, इन जिलों में गरज-चमक के साथ अचानक तेज हवा भी चल सकती है. साथ ही कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.
इन सात जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, टोंक, सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, जयपुर, बूंदी और अजमेर में शेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. इन इलाकों में कहीं-कहीं बादल गरजने, बिजली चमकने और तेज हवाएं चल सकती है.
18 अक्टूबर को भी बारिश की गतिविधियां रहेंगी जारी
18 अक्टूबर को जयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. मौसम में आए इस बदलाव से कुछ क्षेत्रों में तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है.
19 अक्टूबर से शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, 19 अक्टूबर से राजस्थान के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. बारिश और बादल गरजने की गतिविधियों में कमी आने के साथ ही प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ रहने की संभावना है. पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में आने वाले 5 से 6 दिनों तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं.
23-24 अक्टूबर को फिर एक्टिव हो सकता है नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के मुताबिक, 23-24 अक्टूबर के दौरान उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने के आसार हैं, इसके असर से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है.
फिलहाल राज्य के सात जिलों में जारी येलो अलर्ट को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है. तेज हवा और मेघगर्जन के समय खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें और मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें.