Rajasthan Weather Update: राजस्थान में कब शुरू होगी कड़ाके की सर्दी? पढ़ें मौसम विभाग का ताजा अपडेट
राजस्थान में 6 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार 11 नवंबर तक बारिश की संभावना नहीं है. बाड़मेर में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री और माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री दर्ज किया गया.
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में नवंबर की शुरुआत के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार 6 नवंबर को भी राज्य के सभी हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है. वहीं, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बने रहने का अनुमान है. ऐसे में लोगों को फिलहाल बारिश से राहत मिलने वाली है, जबकि सुबह और रात के समय तापमान में हल्की ठंडक महसूस हो रही है.
बाड़मेर में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा. इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, जैसलमेर में 36.4 डिग्री, जोधपुर में 35.9 डिग्री और बीकानेर में 35 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ.
इसके अलावा भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 34 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 34.2 डिग्री, कोटा में 34.2 डिग्री और जयपुर में 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सीकर में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और श्रीगंगानगर में 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा.
माउंट आबू में सबसे कम न्यूनतम तापमान
प्रदेश में दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है, जबकि रात के तापमान में कई जगह गिरावट देखने को मिल रही है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री, सीकर में 13.2 डिग्री और सिरोही में 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा.
यह भी पढ़ें- राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक शुष्क रहेगा मौसम: बाड़मेर में 37.6 डिग्री पहुंचा तापमान
वहीं, जयपुर में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री, अजमेर में 15.4 डिग्री और उदयपुर में 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बीकानेर में रात का तापमान 21.2 डिग्री और जैसलमेर में 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा.
11 नवंबर तक बारिश की संभावना नहीं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 6 से 11 नवंबर तक राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है. इस दौरान कहीं भी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी राजस्थान दोनों ही क्षेत्रों के जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है.
विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है. वहीं, अधिकतम तापमान भी सामान्य से 1 से 2 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया जा रहा है. आगामी 3 से 4 दिनों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
10 नवंबर से एक्टिव हो सकता है नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के बुलेटिन में एक नए पश्चिमी विक्षोभ का भी जिक्र किया गया है. इसके 10 नवंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करने की संभावना है.