App

राजस्थान के इन जिलों में ताबड़तोड़ बारिश का अलर्ट, ‘अर्नब’ तूफान कर रहा अटैक!

राजस्थान में चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से कई जिलों में बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने 27 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है. जयपुर, दौसा, टोंक, अलवर और करौली में तापमान गिरने से ठंड बढ़ी है. 31 अक्टूबर तक कुछ इलाकों में बारिश संभव है.

राजस्थान के इन जिलों में ताबड़तोड़ बारिश का अलर्ट, ‘अर्नब’ तूफान कर रहा अटैक!
Image Credit: Rajasthan Weather

राजस्थान में अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम ने करवट ली है. बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है. दौसा, टोंक और अलवर में सुबह से रुक-रुककर बरसात हुई, जबकि जयपुर में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और तेज हवा का असर देखने को मिला. बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और मौसम में ठंडक बढ़ गई है. मौसम विभाग ने आज 27 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, 29 और 30 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 31 अक्टूबर को भी पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.


दौसा, टोंक और अलवर में सुबह से बारिश
दौसा, टोंक और अलवर में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है. कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ क्षेत्र में सुबह करीब 10 बजे से बारिश का दौर जारी रहा. अलवर शहर में सुबह करीब 5 बजे बूंदाबांदी हुई. इसके बाद करीब 8:30 बजे फिर बूंदाबांदी शुरू हो गई. बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई और ठंड का असर बढ़ गया. करौली जिले में भी गुरुवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है. यहां तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है. मौसम विभाग ने अगले एक से दो दिन तक बादल छाए रहने और बारिश की चेतावनी दी है.


जयपुर में बादल, करवा चौथ पर चांद दिखने का इंतजार बढ़ सकता है
जयपुर में सुबह करीब 11 बजे हल्की बारिश हुई. सुबह से चल रही हवा के कारण मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है. मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, आज रात तक आसमान में करीब 90 फीसदी बादल छाए रह सकते हैं. ऐसे में करवा चौथ का व्रत रख रही महिलाओं को चांद दिखने का इंतजार करना पड़ सकता है. राधेश्याम शर्मा ने बताया कि दो दिन तक घने बादल छाए रहने की संभावना है. हालांकि, अगर बादलों के बीच कुछ देर के लिए आसमान साफ होता है, तो चांद दिखाई दे सकता है. उनके अनुसार, रातभर बादल छाए रह सकते हैं और अगले दिन भी मौसम इसी तरह रहने की संभावना है.


29 और 30 अक्टूबर को तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 और 30 अक्टूबर को भरतपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पूर्वी राजस्थान के जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश होने के आसार हैं. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है. वहीं, जोधपुर और बीकानेर संभाग के पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है.


31 अक्टूबर से कम होने लगेगा तूफान का असर
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात ‘अर्नब’ का असर राजस्थान में करीब तीन दिन तक रह सकता है. इसका ज्यादा प्रभाव आज और कल रहने की संभावना है. 31 अक्टूबर को इसका असर कम होने लगेगा, हालांकि पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बारिश और तेज हवाओं के कारण प्रदेश के कई इलाकों में तापमान गिरा है. बुधवार को बाड़मेर को छोड़कर किसी भी शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया. वहीं, रात के तापमान में भी 10 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More