)
Rajasthan Roadways News: मध्य प्रदेश में एक बार फिर राजस्थान रोडवेज की बसों की एंट्री हुई है. सार्वजनिक परिवहन के साधनों के निजीकरण के चलते राजस्थान रोडवेज की बसों का संचालन नहीं होने दिया जा रहा था. अब ग्वालियर से राजस्थान के अलग-अलग शहरों के लिए एक साथ 4 बसों के साथ शुरुआत की गई है.
क्या है राजस्थान रोडवेज प्रशासन की योजना
आपको बता दें कि पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में एक बार फिर राजस्थान रोडवेज की बसों का संचालन शुरू हो रहा है. चूंकि मध्य प्रदेश में वहां की राज्य सरकार की रोडवेज बसें संचालित नहीं होती. ऐसे में निजी बस संचालक पूरी तरह हावी है. पिछले कई वर्षों से मध्य प्रदेश में राजस्थान रोडवेज की बसों का संचालन लगभग पूरी तरह बंद हो गया था. खासतौर से धौलपुर से मुरैना और ग्वालियर रूट पर पूरी तरह से बस संचालन बंद कर दिया गया था. इसके पीछे प्रमुख वजह रही निजी बस संचालकों का हावी होना.
MP में फिर दौड़ी राजस्थान रोडवेज की बसें
दरअसल, जैसे ही राजस्थान रोडवेज के चालक-परिचालक सवारियां बिठाने का प्रयास करते, निजी बस संचालकों के गुंडों द्वारा उनपर हमला करने, बसों में तोड़फोड़ करने की घटनाएं सामने आ रही थी. इस वजह से मध्य प्रदेश में बस संचालन के नाम पर केवल कुछ ही बसें भोपाल, इंदौर, रतलाम, ओंकारेश्वर आदि जगहों के लिए चल रही थी. अन्य सभी जगहों के लिए बसें पूरी तरह बंद कर दी गई थी, लेकिन अब एक बार फिर राजस्थान रोडवेज प्रशासन ने मध्य प्रदेश में बसों का संचालन करने की हिम्मत दिखाई है. गुरुवार से मध्य प्रदेश के ग्वालियर से 4 बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है. आगामी दिनों में ग्वालियर ही नहीं, बल्कि राज्य के कई अन्य शहरों से बसें शुरू की जाएंगी.
MP में इस तरह हुई नई शुरुआत
मध्य प्रदेश में एक बार फिर बस संचालन के लिए योजना तैयार की गई. MD पुरुषोत्तम शर्मा ने धौलपुर मुख्य प्रबंधक को जिम्मेदारी सौंपी है. ग्वालियर के नए ISBT बस स्टैंड से बसें शुरू करने की जिम्मेदारी दी गई. निजी बस संचालक परेशान नहीं करें, इसके लिए प्रशासन की मदद ली गई. ग्वालियर, मुरैना के कलेक्टर-एसपी से मदद लेकर बसों का संचालन शुरू किया गया. गुरुवार से ग्वालियर ISBT से 4 बसों के साथ शुरुआत की गई.
ग्वालियर से जयपुर, सोनागिर-महावीरजी, ग्वालियर-आगरा, ग्वालियर-अलीगढ़ की बसें शुरू हुई. जल्द ही ग्वालियर से कैला देवी हिंडौन, ग्वालियर से दिल्ली, ग्वालियर से धौलपुर बसें चलेंगी. ग्वालियर शहर में रोडवेज प्रशासन ने प्रचार-प्रसार भी किया. ग्वालियर में जगह-जगह राजस्थान रोडवेज के होर्डिंग-बैनर लगाए गए. रोडवेज MD पुरुषोत्तम शर्मा नियमित रूप से बस संचालन की समीक्षा कर रहे हैं.
केकड़ी से उज्जैन, इंदौर के नए परमिट होंगे जारी
मध्य प्रदेश को लेकर अब राजस्थान रोडवेज प्रशासन ने एग्रेसिव रणनीति बनाई है. रोडवेज प्रशासन अब मध्य प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों से बस संचालन शुरू करेगा. जल्द ही मध्य प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, भोपाल, झांसी, रतलाम, ओंकारेश्वर, बुरहानपुर, शिवपुरी और नीमच के लिए बसों की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी. दिसंबर महीने तक राजस्थान रोडवेज में नई खरीदी हुई और अनुबंधित बसों की संख्या बढ़ेगी.
ऐसे में कुछ बसें खासतौर पर मध्य प्रदेश के शहरों के लिए रिजर्व की जाएंगी. मध्य प्रदेश में पिछले करीब 12 साल से निजीकरण के चलते राजस्थान रोडवेज की बसों के लिए परेशानी हो रही थी, लेकिन अब रोडवेज प्रशासन एक-एक कर अलग-अलग शहरों से बसें शुरू करेगा. रोडवेज प्रशासन जल्द ही केकड़ी से उज्जैन, केकड़ी से इंदौर और सीकर से उज्जैन जैसे कुछ रूटों पर भी परमिट लेने की तैयारी कर रहा है, जिससे कि मध्य प्रदेश में अधिक से अधिक संख्या में बसें संचालित की जा सकें.