SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कांग्रेस-BJP के बीच में सियासी संग्राम: ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर आर-पार

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है. दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली के बाद बीजेपी ने विपक्ष के खिलाफ देशव्यापी अभियान शुरू किया है. सीएम भजनलाल शर्मा ने कोटा से 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान' की शुरुआत की.

Written By Babulal Dhayal
Published: Nov 03, 2026, 01:31 PM IST | Updated: Nov 03, 2026, 01:37 PM IST
Image Credit: राहुल गांधी के दांव पर BJP का पलटवार
Join

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर कांग्रेस और बीजेपी आमने सामने हैं. दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी दलों की रैली के बाद बीजेपी ने विपक्ष को करारा जवाब देने के लिए हमले और तेज कर दिए हैं तो कांग्रेस के अगले कदम की प्रतीक्षा की जा रही है.

रामलीला मैदान की रैली के बाद बीजेपी का पलटवार 
दिल्ली के रामलीला मैदान में 'इंडिया' गठबंधन ने 'वोट बचाओ देश बचाओ' महा रैली कर विपक्षी एकजुटता की तस्वीर दिखाई तो बीजेपी ने रोहतक से लेकर हैदराबाद तक विपक्ष पर हमला बोला. सीएम भजनलाल शर्मा ने कोटा से 'लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ अभियान' का आगाज किया. सत्तापक्ष और विपक्ष एक दूसरे पर हमलावर हैं. रैलियां पूरे देश में आयोजित हो रही हैं. एक-दूसरे को एक्सपोज करने की रणनीति पर काम हो रहा है. इस बीच राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने रामलीला मैदान की रैली को सुपर फ्लॉप करार देते हुए कहा कि कांग्रेस विदेशी ताकतों के इशारे पर भारत के लोकतंत्र को कमजोर करने में जुटी है.

वोट चोरी और SIR के मुद्दे पर कांग्रेस का अभियान, ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग तेज
कांग्रेस एक तरफ 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे बुलंद कर रही है तो दूसरी तरफ वो मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं, स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ देशभर में माहौल बनाने में जुटी है. ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए विपक्ष सरकार पर चौतरफा दबाव बनाने में जुटा है लेकिन मोदी सरकार टस से मस भी नहीं हो रही. न तो वो विपक्ष को भाव देती नजर आ रही है और न ही उसके नेता कांग्रेस को गंभीरता से लेते दिखाई दे रहे हैं उल्टे बीजेपी ने कांग्रेस को घेरने के लिए उसके खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान छेड़ दिया है.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में 2.61 लाख करोड़ की केंद्रीय परियोजनाओं पर काम जारी, 29 प्रोजेक्ट 80 प्रतिशत से ज्यादा पूरे

गहलोत के गढ़ में दिखेगी सियासी ताकत
बीजेपी कांग्रेस को हर मोर्चे पर करारा जवाब दे रही है. देश भर में बीजेपी के वरिष्ठ नेता कांग्रेस के खिलाफ सड़कों पर मार्च निकाल रहे हैं. सीएम भजनलाल शर्मा कोटा से 'लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ अभियान' की शुरुआत कर चुके हैं. अब मंगलवार यानी 3 नवंबर को सीएम भजनलाल शर्मा पूर्व सीएम गहलेात के गढ़ जोधपुर में सड़क पर उतरेंगे. भजनलाल शर्मा डेढ़ किलोमीटर लंबा मार्च निकालेंगे और मंत्री जोगाराम पटेल समेत कई नेता इस मार्च का हिस्सा होंगे.

राहुल गांधी की रणनीति के सामने बीजेपी का आक्रामक काउंटर 
बहरहाल एक तरफ बारह साल से केंद्र की सत्ता पर काबिज मजबूत मोदी सरकार है तो दूसरी तरफ सत्ता को तरसता विपक्ष राहुल गांधी. चाहे विपक्षी एकजुटता के लाख दावें करें लेकिन सच यही है कि कोई भी क्षेत्रीय क्षत्रप अपने हितों की कुर्बानी देकर कांग्रेस को अपने राज्यों में फिर से पनपने का कोई मौका देना नहीं चाहता. जाहिर है वोट चोरी पर राहुल गांधी का अब तक का दांव ज्यादा कामयाब नहीं हो पाया है. उल्टे बीजेपी विपक्ष की रणनीति को आक्रामक तेवरों से धराशाई करने में जुटी है. विपक्ष को मोदी सरकार को घेरने के लिए फिर कोई नया पैंतरा अख्तियार करना होगा.  
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

बाबूलाल धायल ज़ी राजस्थान में सीनियर स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं. पिछले 25 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और सीएमओ और मुख्यमंत्री से जुड़े विभागों की खबरें प्रमुखता से कवर करते हैं. पॉलिटिकल रिपोर्टिंग में उनकी मजबूत पहचान है और वे बीजेपी - कांग्रेस दोनों से जुड़ी खबरों को कवर करते रहे हैं. विधानसभा, सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों और ग्रामीण विषयों पर उनकी पकड़ खास मानी जाती है. बाबूलाल धायल,  राजस्थान पत्रिका, ईटीवी और न्यूज़18 जैसे संस्थानों में भी कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES