IAS शिखर अग्रवाल मामले पर बोले गहलोत, FIR कब होगी ? डोटासरा ने कहा- सरकार दे जवाब
राजस्थान की राजनीति में IAS शिखर अग्रवाल प्रकरण को लेकर घमासान तेज हो गया है, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए ब्यूरो में तैनात एक महिला ADG को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं, PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भी इस मामले में सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं.
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि ACB में एक महिला ADG का प्रभाव DG से भी ज्यादा है. उन्होंने कहा कि महिला ADG ही अधिकारियों को निर्देश देती हैं और ब्यूरो में उनका दबदबा है. गहलोत ने तंज कसते हुए कहा कि सुपर DG तो महिला ADG अधिकारी हैं, वह DG के भी ऊपर हैं और हुक्म चलाती हैं.
DG अच्छे अधिकारी हैं, लेकिन उन पर ऊपर से दबाव - गहलोत
गहलोत ने आरोप लगाया कि संबंधित महिला अधिकारी को लोगों को टारगेट करने के उद्देश्य से ACB में लगाया गया है. उन्होंने कहा कि DG अच्छे अधिकारी हैं, लेकिन उन पर ऊपर से दबाव रहता है. गहलोत ने अधिकारियों से अपील की कि वे राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर अपनी शपथ और जिम्मेदारी के मुताबिक निष्पक्ष कार्रवाई करें.
शिखर अग्रवाल मामले पर बोले गहलोत FIR कब दर्ज होगी ?
IAS शिखर अग्रवाल मामले पर सवाल उठाते हुए गहलोत ने कहा कि अभी ACB में सिर्फ प्रारंभिक जांच (PE) दर्ज हुई है. अब सवाल यह है कि FIR कब दर्ज होगी और आगे जांच किस दिशा में बढ़ेगी ? उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले पर जवाब देने की मांग की.
गहलोत ने पूर्व मंत्री महेश जोशी से जुड़े मामले का भी उल्लेख किया. उन्होंने आरोप लगाया कि एक मामले में जांच अधिकारी केस नहीं बनने की बात कह रहा था, इसके बावजूद केस बनाया गया. गहलोत ने कहा कि जांच एजेंसियों को निष्पक्ष और स्वतंत्र होकर काम करना चाहिए.
सरकार की ओर से स्पष्ट जवाब क्यों नहीं दिया जा रहा है- डोटासरा
PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भी IAS शिखर अग्रवाल मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जांच के जरिए अधिकारी को निर्दोष साबित कर सकती है. डोटासरा ने कहा, मेरी बात लिखकर ले लेना कि इस जांच में उन्हें निर्दोष साबित किया जाएगा. उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री अब तक इस मामले पर खुलकर सामने क्यों नहीं आए हैं और सरकार की ओर से स्पष्ट जवाब क्यों नहीं दिया जा रहा है.
कांग्रेस की महारैली में दिल्ली में 10 लाख से ज्यादा लोग जुटेंगे - डोटासरा
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच डोटासरा ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की महारैली की तैयारियों की जानकारी भी दी. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में वोट के अधिकार को बचाने के लिए आयोजित इस रैली में 10 लाख से अधिक लोग जुटेंगे.
राजस्थान से 1 लाख 6 हजार कार्यकर्ताओं की लिस्ट है तैयार- डोटासरा
डोटासरा के मुताबिक राजस्थान कांग्रेस ने दिल्ली पहुंचने वाले 1 लाख 6 हजार कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की है. इस सूची में कार्यकर्ताओं के नाम, मोबाइल नंबर और वाहनों के नंबर तक शामिल किए गए हैं. उन्होंने दावा किया कि राजस्थान से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे और ये महारैली देश के इतिहास में दर्ज होगी.
कुल मिलाकर, IAS शिखर अग्रवाल प्रकरण ने राजस्थान की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है. ACB की जांच प्रक्रिया, अधिकारियों की भूमिका और सरकार की जवाबदेही को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं. अब इस पूरे मामले में सरकार और ACB की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर नजर रहेगी.
ये भी पढ़ें : IAS शिखर अग्रवाल के बाद पत्नी IPS प्रशाखा माथुर भी APO