पंचायती राज चुनाव से पहले बढ़ी यूथ कांग्रेस की ताकत: 80-90 युवाओं-महिलाओं ने ग्रहण की सदस्यता
Pratapgarh Panchayat Chunav: प्रतापगढ़ के धरियावद में आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर यूथ कांग्रेस ने संगठन मजबूत करने की तैयारियां तेज कर दी हैं. धरियावद रावला में आयोजित बैठक के दौरान करीब 80-90 युवाओं और महिलाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की.
Pratapgarh Panchayat Chunav: राजस्थान में आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर धरियावद में यूथ कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है. प्रतापगढ़ जिले के धरियावद रावला में आयोजित अहम बैठक में वरिष्ठ नेताओं और युवा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने का संकल्प लिया.
80-90 युवाओं और महिलाओं ने ग्रहण की कांग्रेस की सदस्यता
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह राणावत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस को मजबूती से जीत दिलाने के लिए युवाओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया. वहीं चंद्रिका राणावत के अनुसार बैठक के दौरान करीब 80 से 90 युवाओं और महिलाओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की.
युवाओं और महिला को अधिक संख्या में संगठन से जोड़ने पर जोर
बैठक में आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई. वक्ताओं ने कहा कि चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना जरूरी है. इसके लिए युवाओं और महिला शक्ति को अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जोड़ने तथा गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया.
आपसी समन्वय के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने की अपील
पूर्व जिला अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह राणावत ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने की अपील की. बैठक में "पंचायत मजबूत होगी तो कांग्रेस मजबूत होगी" का संदेश देते हुए कार्यकर्ताओं को ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया. बैठक में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताया गया.
पढ़ें एक और बड़ी खबर
प्रतापगढ़ में पंचायती राज चुनावों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की चुनाव प्रबंधन बैठक जिला अध्यक्ष दिग्विजय सिंह पुरावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में पूर्व विधायक रामलाल मीणा और विधानसभा प्रभारी इमरोज खान सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे. इस दौरान प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र के जिला परिषद के 9 वार्डों के प्रत्याशियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया.
पांच कार्यकर्ताओं ने भाजपा छोड़कर ग्रहण की कांग्रेस की सदस्यता
प्रत्याशियों की घोषणा पर कार्यकर्ताओं ने उत्साह जताया और एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संकल्प लिया. बैठक में भाजपा को राजनीतिक झटका देते हुए दमाखेड़ी और लोहार खाली क्षेत्र के पांच कार्यकर्ताओं ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की.
कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया. बैठक में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने, गांव-ढाणी तक जनसंपर्क बढ़ाने और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर चर्चा हुई. नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में पार्टी की जीत के लिए सक्रियता से जुटने का आह्वान किया.