ग्रामीण सत्ता की चाबी हथियाने के लिए राजस्थान BJP ने झोंकी पूरी ताकत, तैयार किया यह 'मेगा प्लान'
राजस्थान पंचायत चुनाव के बाद BJP ने जिला प्रमुख और प्रधान बनाने की तैयारी तेज कर दी है. पार्टी ने 30 से अधिक जिला प्रमुख बनाने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए प्रत्याशियों की एकजुटता और निर्दलीयों के समर्थन पर फोकस है.
पंचायत चुनाव में पार्टी सिंबल पर जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव पूरे होने के बाद अब बीजेपी ने जिला प्रमुख और प्रधान बनाने की कवायद तेज कर दी है. पार्टी का पूरा फोकस अब ग्रामीण सत्ता की कमान अपने हाथ में लेने पर है. बीजेपी ने प्रदेश में 30 से अधिक जिला प्रमुख बनाने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए राजनीतिक और सामाजिक समीकरण साधने के साथ ही अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है. पार्टी की नजर मजबूत निर्दलीय प्रत्याशियों पर भी है. ऐसे में जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है.
30 से अधिक जिला प्रमुख बनाने का लक्ष्य
पंचायत चुनाव के बाद बीजेपी अब जिला प्रमुख और प्रधान बनाने की रणनीति में जुट गई है. पार्टी का लक्ष्य प्रदेश में अधिक से अधिक जिला प्रमुख और प्रधान के पदों पर कब्जा जमाने का है. बीजेपी ने 30 से अधिक जिलों में जिला प्रमुख बनाने का लक्ष्य तय किया है. पार्टी की कोशिश है कि पंचायत चुनाव में मिले जनसमर्थन को जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में भी जीत में बदला जाए. इससे ग्रामीण इलाकों में भी सरकार के कामकाज और नीतियों पर जनता की मुहर लगने का संदेश दिया जा सकेगा.
यह भी पढे़ं- टीकाराम जूली का भजनलाल सरकार पर हमला, बोले- तीन साल में घोषणाओं के अलावा कुछ नहीं हुआ
राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों पर मंथन
बीजेपी ने पंचायत चुनाव में टिकट वितरण से पहले जिस तरह गहन मंथन किया था, उसी तर्ज पर अब जिला प्रमुख और प्रधान के नामों को लेकर भी रणनीति तैयार की जा रही है. पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए ऐसे चेहरों को जिम्मेदारी दी जाए, जो संगठन को मजबूत करने के साथ आने वाले समय में पार्टी के लिए भी अहम भूमिका निभा सकें.
प्रत्याशियों को एकजुट रखने के लिए प्रशिक्षण शिविर
जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव से पहले बीजेपी अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने पर भी विशेष ध्यान दे रही है. इसके लिए बाड़ेबंदी के नाम पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए हैं. इन शिविरों में जिला परिषद और पंचायत समिति के प्रत्याशियों को संगठन की रीति-नीति और सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है.
पार्टी की रणनीति है कि चुनाव तक सभी प्रत्याशियों के बीच एकजुटता बनी रहे और किसी भी तरह की भीतरघात की स्थिति पैदा न हो. बीजेपी नेतृत्व को उम्मीद है कि इस रणनीति से जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में पार्टी की स्थिति मजबूत रहेगी.
निर्दलीय प्रत्याशियों पर भी बीजेपी की नजर
बीजेपी की रणनीति केवल अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने तक सीमित नहीं है. पार्टी की नजर मजबूत निर्दलीय प्रत्याशियों पर भी बनी हुई है. सूत्रों की मानें तो बहुमत के समीकरण को मजबूत करने के लिए निर्दलीय प्रत्याशियों से संपर्क साधा जा रहा है.
पार्टी की कोशिश है कि जिन जगहों पर अपने प्रत्याशियों के दम पर बहुमत का आंकड़ा पूरा नहीं हो रहा है, वहां निर्दलीय प्रत्याशियों का समर्थन हासिल किया जा सके. इसके जरिए जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में सत्ता की चाबी अपने हाथ में लेने की रणनीति पर काम किया जा रहा है.
पंचायत चुनाव में बहुमत मिलने का बीजेपी को भरोसा
बीजेपी का दावा है कि निकाय चुनावों के मुकाबले पंचायत चुनाव में पार्टी को और अधिक बहुमत मिलेगा. हालांकि, अब पार्टी के सामने असली परीक्षा जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में होगी. इन चुनावों के नतीजे ही तय करेंगे कि बीजेपी अपने लक्ष्य के कितने करीब पहुंच पाती है. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी 30 से अधिक जिला प्रमुख बनाने के अपने दावे को कितनी हद तक हकीकत में बदल पाती है.