पंचायत चुनाव में परिवारों का शक्ति प्रदर्शन: कहीं मंत्री की पत्नी-बेटा, तो कहीं विधायक की मां और पूर्व मंत्री की बेटी मैदान में
Rajasthan News: राजस्थान पंचायतीराज चुनाव में नामांकन के आखिरी दिन कई बड़े चेहरे मैदान में उतरे. मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के चार सदस्यों ने पर्चा भरा. दौसा में विधायक की मां को BJP का टिकट मिला, जबकि झुंझुनूं में सुशीला सीगड़ा कांग्रेस में लौटीं.
Rajasthan Panchayat Chunav: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण में नामांकन के आखिरी दिन शुक्रवार को कई चर्चित चेहरों और उनके परिवार के सदस्यों ने पर्चे भरे. दौसा में भाजपा ने आखिरी समय पर जिला परिषद वार्ड-21 का टिकट बदलकर सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल की मां शकुंतला देवी को उम्मीदवार बनाया. वहीं, सीकर के श्रीमाधोपुर में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के चार सदस्य अलग-अलग वार्डों से चुनाव मैदान में हैं.
मंत्री खर्रा के परिवार के चार सदस्य मैदान में
सीकर जिले के श्रीमाधोपुर में मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी ने पंचायत समिति के वार्ड-17 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया. उनके बेटे अजय सिंह खर्रा ने वार्ड-20 से पर्चा भरा. मंत्री के बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा पहले ही वार्ड-19 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन कर चुके हैं. वहीं, मंत्री के छोटे भाई महावीर सिंह खर्रा की पत्नी प्रतिमा ने जिला परिषद के वार्ड-23 से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पर्चा भरा है.
प्रधान पद पर भी नजर
श्रीमाधोपुर पंचायत समिति का प्रधान पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है. ऐसे में शांति देवी की उम्मीदवारी को प्रधान पद की संभावित दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है. वह पिछली बार पंचायत समिति सदस्य चुनी गई थीं, लेकिन प्रधान पद कांग्रेस की रामकोरी यादव को मिला था. शांति देवी इस बार दूसरी बार चुनाव लड़ रही हैं, जबकि अजय सिंह खर्रा पहली बार पंचायत समिति सदस्य पद के लिए मैदान में उतरे हैं.
दौसा में विधायक की मां को मिला टिकट
दौसा जिला परिषद के वार्ड-21 से भाजपा ने पहले पांचोली सरपंच गुलाब बैरवा की पत्नी ऊषा बैरवा को उम्मीदवार घोषित किया था. नामांकन के आखिरी दिन पार्टी ने उनका टिकट बदलकर सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल की मां शकुंतला देवी को प्रत्याशी बना दिया.
पूर्व मंत्री की बेटी ने भी भरा पर्चा
दौसा जिला परिषद के वार्ड-19 से कांग्रेस की पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना भंडारी ने नामांकन दाखिल किया है. ममता भूपेश राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुकी हैं.
सुशीला सीगड़ा की कांग्रेस में वापसी
झुंझुनूं में तीन बार प्रधान रह चुकीं सुशीला सीगड़ा भाजपा छोड़कर कांग्रेस में लौट आई हैं. उन्होंने जिला परिषद के वार्ड-5 से नामांकन दाखिल किया है. वह 2018 के मंडावा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रही थीं. इसी वार्ड से भाजपा जिलाध्यक्ष और निवर्तमान जिला प्रमुख हर्षनी कुलहरी ने भी पर्चा भरा है. हर्षनी कुलहरी पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार की पुत्रवधू हैं. ऐसे में वार्ड-5 का मुकाबला चर्चा में है.