राजस्थान में कल सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान, 20,623 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर
Rajasthan Nikay Chunav: राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए कल मतदान होगा. 39 जिलों के 168 नगरीय निकायों के 5,393 वार्डों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे. इस चरण में 1 करोड़ 44 लाख 3,853 मतदाता और 20,623 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. मतदान के लिए 7,683 केंद्र बनाए गए हैं. दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को होगी.
Rajasthan Political News: राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए कल यानी बुधवार को मतदान होगा. प्रदेश के 39 जिलों में 168 नगरीय निकायों के 5,393 वार्डों में मतदाता अपने पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे. मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है. पहले चरण के मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. मतदान से एक दिन पहले मंगलवार को मतदान दलों को चुनाव सामग्री के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा.
1 करोड़ 44 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान
पहले चरण में कुल 1 करोड़ 44 लाख 3,853 मतदाता वोट डालने के लिए पात्र हैं. इनमें 73,98,415 पुरुष, 70,04,927 महिलाएं और 511 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. आंकड़ों के मुताबिक 2019 के मुकाबले इस बार नगरीय निकाय चुनाव में मतदाताओं की संख्या में 27.24 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. ऐसे में इस चुनाव में बड़ी संख्या में नए मतदाता भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.
20,623 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
पहले चरण में 5,393 वार्डों के लिए 20,623 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. प्रचार अभियान के दौरान प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क, रैलियों और सभाओं के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश की. सोमवार शाम चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद अब प्रत्याशी और समर्थक घर-घर संपर्क के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने में जुटे हैं.
7,683 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग
पहले चरण के मतदान के लिए कुल 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. मंगलवार को मतदान दल संबंधित केंद्रों पर पहुंचेंगे और मतदान प्रक्रिया से जुड़ी अंतिम तैयारियां पूरी करेंगे. प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं.
जयपुर समेत 6 नगर निगमों में 11 सितंबर को मतदान
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में कराया जा रहा है. पहले चरण के बाद जयपुर नगर निगम समेत 6 नगर निगमों में 11 सितंबर को दूसरे चरण का मतदान होगा. इसके बाद दोनों चरणों के चुनाव की मतगणना 14 सितंबर को की जाएगी. अब पहले चरण के मतदान के लिए चुनावी शोर पूरी तरह थम चुका है और बुधवार को मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. मतदान के बाद 5,393 वार्डों में चुनाव लड़ रहे 20,623 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी.