App

यूथ कांग्रेस चुनाव रिजल्ट: अभिषेक चौधरी को सबसे ज्यादा वोट, क्या अध्यक्ष की कुर्सी लगभग पक्की?

Rajasthan News: राजस्थान यूथ कांग्रेस चुनाव में अभिषेक चौधरी को सबसे ज्यादा 6.15 लाख वोट मिले. अनिल चोपड़ा 5.45 लाख वोट के साथ दूसरे रहे. अभिषेक का अध्यक्ष बनना लगभग तय है, लेकिन अंतिम फैसला इंटरव्यू के बाद होगा.

यूथ कांग्रेस चुनाव रिजल्ट: अभिषेक चौधरी को सबसे ज्यादा वोट, क्या अध्यक्ष की कुर्सी लगभग पक्की?
Image Credit: Abhishek Chaudhary Rajasthan Youth Congress

Rajasthan Youth Congress Result: राजस्थान यूथ कांग्रेस के चुनाव का रिजल्ट रविवार को घोषित कर दिया गया. अध्यक्ष पद के लिए अभिषेक चौधरी को सबसे ज्यादा वोट मिले हैं. उन्हें 6.15 लाख वोट मिले, जबकि अनिल चोपड़ा 5.45 लाख वोट के साथ दूसरे नंबर पर रहे. तीसरे स्थान पर राजकुमार परसवाल रहे, जिन्हें 1.95 लाख वोट मिले. वोटों के आधार पर अभिषेक चौधरी का अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन अंतिम फैसला इंटरव्यू के बाद होगा.

इंटरव्यू के बाद होगा अंतिम फैसला
चुनाव का परिणाम सामने आने के बाद अब प्रक्रिया का अगला चरण इंटरव्यू है. यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रभारी टॉप पैनल के उम्मीदवारों का इंटरव्यू लेंगे. इसके बाद अध्यक्ष समेत दूसरे पदों के लिए चयनित उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी. यानी सबसे ज्यादा वोट मिलने के बावजूद अभिषेक चौधरी को अभी औपचारिक घोषणा का इंतजार करना होगा.

अभिषेक को मिले 6.15 लाख वोट
अध्यक्ष पद के चुनाव में अभिषेक चौधरी सबसे आगे रहे. उन्हें कुल 6.15 लाख वोट मिले. दूसरे नंबर पर अनिल चोपड़ा रहे, जिनके खाते में 5.45 लाख वोट आए. दोनों के बीच करीब 70 हजार वोटों का अंतर रहा. राजकुमार परसवाल 1.95 लाख वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे. वोटों के आंकड़ों में अभिषेक ने दोनों अन्य उम्मीदवारों पर बढ़त बनाई है.

2023 में अभिमन्यु पूनिया बने थे अध्यक्ष
राजस्थान यूथ कांग्रेस में संगठन के चुनाव लंबे समय से होते रहे हैं. साल 2010 से यूथ कांग्रेस में चुनाव की प्रक्रिया चल रही है. नई कार्यकारिणी का कार्यकाल तीन साल का रहेगा. इससे पहले 2023 में हुए चुनाव में अभिमन्यु पूनिया को सबसे ज्यादा वोट मिले थे. इसके बाद उन्हें राजस्थान यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था.

2020 में चुनाव को लेकर हुआ था विवाद
साल 2020 के चुनाव में सुमित भगासरा को सबसे ज्यादा वोट मिले थे और उन्हें अध्यक्ष बनाया गया था. हालांकि बाद में मुकेश भाकर ने वोटों में गड़बड़ी का आरोप लगाया था. मामले की जांच के बाद भगासरा को पद से हटा दिया गया और मुकेश भाकर को विजेता घोषित किया गया. इसके बाद भाकर के पायलट के साथ मानेसर जाने के घटनाक्रम के बाद उन्हें पद से बर्खास्त कर दिया गया था. बाद में गणेश घोघरा को यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया.

विधानसभा और लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं
अभिषेक चौधरी और अनिल चोपड़ा दोनों ही राजस्थान की राजनीति में चुनाव लड़ चुके हैं. अभिषेक ने 2023 में झोटवाड़ा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था. इस चुनाव में उनका मुकाबला भाजपा के कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ से हुआ था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा.

वहीं अनिल चोपड़ा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में जयपुर ग्रामीण सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था. यहां उनका मुकाबला भाजपा के राव राजेंद्र सिंह से हुआ. इस चुनाव में भी अनिल चोपड़ा को हार मिली थी.

डोटासरा से मिले अभिषेक चौधरी
चुनाव परिणाम आने के बाद अभिषेक चौधरी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मिलने पहुंचे. इस दौरान डोटासरा ने उन्हें बधाई दी और उनकी पीठ थपथपाई. दोनों के बीच संगठन और चुनाव परिणाम को लेकर बातचीत भी हुई. अब सबकी नजर इंटरव्यू प्रक्रिया और उसके बाद होने वाली आधिकारिक घोषणा पर है.

FAQ: राजस्थान यूथ कांग्रेस चुनाव से जुड़े सवाल

सवाल: राजस्थान यूथ कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में सबसे ज्यादा वोट किसे मिले?
जवाब: अभिषेक चौधरी को सबसे ज्यादा 6.15 लाख वोट मिले हैं.

सवाल: अनिल चोपड़ा को कितने वोट मिले?
जवाब: अनिल चोपड़ा को 5.45 लाख वोट मिले और वे दूसरे नंबर पर रहे.

सवाल: तीसरे नंबर पर कौन रहा?
जवाब: राजकुमार परसवाल 1.95 लाख वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे.

सवाल: क्या अभिषेक चौधरी अध्यक्ष बन गए हैं?
जवाब: वोटों के आधार पर उनका अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन अंतिम आधिकारिक घोषणा इंटरव्यू के बाद होगी.

सवाल: नई यूथ कांग्रेस कार्यकारिणी का कार्यकाल कितना होगा?
जवाब: नई कार्यकारिणी का कार्यकाल तीन साल का रहेगा.

सवाल: अभिषेक चौधरी ने पहले कौन सा चुनाव लड़ा था?
जवाब: उन्होंने 2023 में झोटवाड़ा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

SAGAR CHAUDHARY

SAGAR CHAUDHARY

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More