SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

डिलीवरी के ऑपरेशन में महिला के पेट में छोड़ दिया तौलिया! दो महीने बाद सड़ने लगीं आंतें, पति ने डॉक्टर पर लगाए गंभीर आरोप

धौलपुर में डिलीवरी के ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में सर्जिकल तौलिया छोड़ने का आरोप लगा है. पति का दावा है कि दो महीने बाद जांच में तौलिया मिला, जिससे आंतें खराब हो गईं. आगरा में दोबारा ऑपरेशन के बाद महिला की हालत नाजुक बताई गई है. पति ने डॉक्टर के खिलाफ FIR मांगी है.

Reported By Bhanu Pratap Sharma Edited By Ansh Raj
Published: Nov 18, 2026, 22:53 IST | Updated: Nov 18, 2026, 22:54 IST
Image Credit: Dholpur Medical Negligence Case
Join

Dholpur News: राजस्थान के धौलपुर जिले में डॉक्टरों की कथित लापरवाही का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पति ने आरोप लगाया है कि डिलीवरी के दौरान ऑपरेशन करने वाले डॉक्टरों ने उसकी पत्नी के पेट में सर्जिकल तौलिया छोड़ दिया. इसके बाद महिला की तबीयत लगातार बिगड़ती गई. करीब डेढ़ महीने बाद आगरा में जांच कराने पर पेट में तौलिया होने की बात सामने आई. पति का आरोप है कि तौलिये के कारण पत्नी की आंतें खराब हो गईं और दोबारा ऑपरेशन करना पड़ा. इस मामले में पति ने कोतवाली थाने में शिकायत देकर डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है.

24 अगस्त को हुआ था डिलीवरी का ऑपरेशन
धौलपुर के दारा सिंह नगर निवासी बालकृष्ण तिवारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 27 वर्षीय पत्नी जूली गर्भवती थीं. वह सरकारी जनाना अस्पताल में कार्यरत डॉ. दीपक गुप्ता से इलाज करा रहे थे. आरोप है कि पहले सामान्य डिलीवरी की बात कही गई, लेकिन बाद में ऑपरेशन कराने के लिए मेट्रो हॉस्पिटल में भर्ती होने को कहा गया. 24 अगस्त 2026 को जूली का ऑपरेशन हुआ और 28 अगस्त को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

ऑपरेशन के बाद बिगड़ने लगी महिला की तबीयत
पति के मुताबिक, अस्पताल से घर आने के बाद जूली की तबीयत लगातार खराब होने लगी और उनका वजन भी घटने लगा. डॉक्टर से शिकायत करने पर इसे ऑपरेशन के बाद की सामान्य परेशानी बताया गया. 8 अक्टूबर को पेट से मवाद निकलने पर दोबारा अस्पताल ले जाया गया. आरोप है कि डॉक्टर ने ड्रेसिंग करके घर भेज दिया. 10 अक्टूबर को फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सामान्य संक्रमण बताकर इलाज किया गया.

CT स्कैन में पेट के अंदर मिला सर्जिकल तौलिया
शिकायत के अनुसार, 13 अक्टूबर की रात जूली को तेज बुखार, उल्टी और बार-बार बेहोशी आने लगी. अगले दिन पति उन्हें आगरा के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. पति का दावा है कि वहां USG और CT स्कैन में पेट के अंदर सर्जिकल तौलिया होने की बात सामने आई. शिकायत में तौलिये का आकार 10×4.5×4.1 सेंटीमीटर बताया गया है. आरोप है कि पेट में तौलिया रह जाने से आंतों में रुकावट पैदा हुई और आंतें खराब होकर फट गईं.

आगरा में दोबारा ऑपरेशन, हालत नाजुक होने का दावा
शिकायत के मुताबिक, आगरा में डॉक्टरों ने तत्काल इमरजेंसी सर्जरी की. इस दौरान पेट से कपड़ा निकाला गया और क्षतिग्रस्त आंतों की मरम्मत की गई. पति का कहना है कि दोबारा ऑपरेशन के बाद भी पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है.

पति ने डॉक्टर और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मांगी FIR
बालकृष्ण तिवारी ने डॉ. दीपक गुप्ता, अन्य अस्पताल स्टाफ और मेट्रो हॉस्पिटल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. उन्होंने पुलिस से FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

शिकायत के साथ मेडिकल जांच रिपोर्ट, फोटो और ऑपरेशन का वीडियो पेनड्राइव में देने का भी उल्लेख किया गया है. फिलहाल मामला पति की शिकायत और उसमें लगाए गए आरोपों पर आधारित है. डॉक्टरों की लापरवाही की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस की आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

भानु प्रताप शर्मा, धौलपुर (राजस्थान) निवासी पत्रकार हैं, जो पिछले कई वर्षों से प्रिंट व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान न्यूज़ में कार्यरत हैं, जहाँ वे पिछले लगभग 10 वर्षों से बेहतर रिपोर्टिंग का कार्य कर रहे हैं. पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि शहीद परिवार, राजनीति, स्वास्थ्य-चिकित्सा, सामाजिक सरोकार और समाज की सकारात्मक कहानियों को कवर करने में है। इसके अलावा क्राइम, ग्राउंड रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय मुद्दों की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना, प्रशासन और आमजन के बीच की कड़ी बनना और सच को बिना डर के सामने लाना उनकी पत्रकारिता की खास पहचान है। उन्होंने ग्रेजुएशन तक शिक्षा प्राप्त की है और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ की गई उनकी रिपोर्टिंग ने उन्हें धौलपुर सहित पूरे राजस्थान में एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES