SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Pratapgarh News: सालों से जेल में मोबाइल और नशे का खेल! बार-बार कार्रवाई के बाद भी नहीं थम रही सप्लाई, अब DIG जांच करने पहुंचीं

प्रतापगढ़ जिला जेल में बार-बार मोबाइल और प्रतिबंधित सामान मिलने से सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं. हाल ही में तलाशी के दौरान 6 मोबाइल मिले, जबकि जेल का एक वीडियो भी वायरल हुआ. अब DIG सुमन मालिवाल जांच करने पहुंचीं और अधिकारियों व संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए.

Edited By Ansh Raj
Published: Nov 18, 2026, 20:54 IST | Updated: Nov 18, 2026, 20:56 IST
Image Credit: Pratapgarh Jail News AI Image
Join

Pratapgarh News: राजस्थान की प्रतापगढ़ जिला जेल में आखिर ऐसा क्या चल रहा है कि बार-बार तलाशी और कार्रवाई के बावजूद बंदियों तक मोबाइल और प्रतिबंधित सामान पहुंचने के मामले सामने आ रहे हैं? कभी जेल के अंदर मोबाइल, सिम और चार्जर मिलते हैं, तो कभी तंबाकू और बीड़ी जैसी प्रतिबंधित सामग्री बरामद होती है. हाल ही में स्थानीय पुलिस की तलाशी में छह मोबाइल मिलने और जेल के अंदर का वीडियो वायरल होने के बाद एक बार फिर जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल विभाग की डीआईजी सुमन मालिवाल प्रतापगढ़ पहुंचीं और जेल का निरीक्षण कर संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए.

जेल में मिले छह मोबाइल, DIG ने शुरू की जांच
प्रतापगढ़ जिला जेल में कुछ दिन पहले स्थानीय पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया था. इस दौरान जेल के अंदर से छह मोबाइल बरामद होने का मामला सामने आया. इसके बाद डीआईजी सुमन मालिवाल जेल पहुंचीं. उन्होंने अधिकारियों से मोबाइल बरामदगी और प्रतिबंधित सामग्री पहुंचने के मामलों की जानकारी ली. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित लोगों से बातचीत कर उनके बयान भी दर्ज किए.

जेल का वीडियो वायरल, बंदी ने बताई वजह
डीआईजी सुमन मालिवाल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि जेल के अंदर वायरल हुए वीडियो को उन्होंने देखा है. वीडियो में दिखाई देने वाले बंदी से भी बातचीत की गई है. डीआईजी के मुताबिक, बंदी ने बताया कि उसने जेल प्रशासन को ब्लैकमेल करने के उद्देश्य से वीडियो बनाया था. हालांकि, वीडियो कब बनाया गया और इसके पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं, इसकी जांच अभी जारी है. पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.

2023 में जेल के आठ बैरकों से मिले थे 13 मोबाइल
प्रतापगढ़ जेल में प्रतिबंधित सामान मिलने का मामला नया नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक, 20 मई 2022 को उदयपुर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद बंदियों के प्रतापगढ़ जेल में शिफ्ट होने की कथित साजिश का मामला सामने आया था. इसके बाद 6 फरवरी 2023 को तत्कालीन पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जेल के आठ बैरकों की तलाशी ली गई थी. इस दौरान 13 मोबाइल मिलने का उल्लेख है.

अक्टूबर में भी बार-बार मिला प्रतिबंधित सामान
रिपोर्ट के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को हाई सिक्योरिटी ब्लॉक में तलाशी के दौरान मोबाइल, सिम, चार्जर और अन्य सामग्री मिली थी. इसके बाद 24 अक्टूबर को एक बंदी के पार्सल उठाते पकड़े जाने और उससे मोबाइल व चार्जर मिलने की बात सामने आई. वहीं, 29 अक्टूबर को भी जेल में मोबाइल, ईयरबड्स, तंबाकू, बीड़ी और चूने की ट्यूब जैसी प्रतिबंधित सामग्री मिलने का उल्लेख है.

आखिर जेल के अंदर कैसे पहुंच रहा प्रतिबंधित सामान?
लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने प्रतापगढ़ जेल की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर जेल की चारदीवारी के भीतर मोबाइल और प्रतिबंधित सामान कैसे पहुंच रहा है? बार-बार तलाशी के बावजूद इस पर रोक क्यों नहीं लग पा रही?

फिलहाल डीआईजी सुमन मालिवाल ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जेल में प्रतिबंधित सामग्री पहुंचने के पीछे क्या वजह है और सुरक्षा व्यवस्था में कहां कमी रही है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES