प्रतापगढ़ में बांधों पर बड़ा अपडेट: जाखम में 24 घंटे में 1 मीटर पानी बढ़ा, 6 बांध हुए लबालब
Rajasthan News: प्रतापगढ़ में मानसून की विदाई के बीच बांधों में पानी की आवक जारी है. जाखम का जलस्तर 24 घंटे में एक मीटर बढ़कर 28.50 मीटर पहुंच गया. जिले के 6 बांध 100% भर चुके हैं, जबकि कई अन्य बांध भी तेजी से भर रहे हैं.
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ जिले में मानसून की विदाई के बीच बांधों में पानी की आवक अभी भी जारी है. प्रतापगढ़ और आसपास के क्षेत्र के प्रमुख बांधों की 20 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार जाखम बांध का जलस्तर पिछले 24 घंटे में एक मीटर बढ़ गया. 19 सितंबर को जाखम का गेज 27.50 मीटर था, जो बढ़कर 28.50 मीटर पहुंच गया है. बांध में 117.00 एमसीयूएम पानी का भंडारण है और यह अपनी कुल क्षमता का 82.38 प्रतिशत भर चुका है. खास बात यह है कि आज प्रमुख वर्षामापक केंद्रों पर बारिश लगभग नहीं हुई, इसके बावजूद ऊपरी कैचमेंट से पानी की आवक बनी हुई है.
छह बांध पूरी तरह भर चुके
जिले के छह बांध पूरी तरह भर चुके हैं. हमजा खेड़ी, बोरिया, बजरंगगढ़, चाचाखेड़ी, गागरी और वाजना बांध 100 प्रतिशत भराव पर पहुंच गए हैं. इनमें बोरिया, गागरी, हमजा खेड़ी और बजरंगगढ़ बांध से पानी की चादर चल रही है. बोरिया बांध पर 15 सेंटीमीटर की चादर के साथ 9.40 क्यूमेक्स पानी डिस्चार्ज हो रहा है. गागरी बांध पर 12 सेंटीमीटर की चादर चल रही है और 6.39 क्यूमेक्स पानी बह रहा है. हमजा खेड़ी में 3 सेंटीमीटर की चादर के साथ 0.76 क्यूमेक्स तथा बजरंगगढ़ में 2.5 सेंटीमीटर की चादर के साथ 0.74 क्यूमेक्स पानी का निकास दर्ज किया गया है.
जाखम के साथ इन बांधों का भी बढ़ा जलस्तर
जाखम के अलावा बरडीया बांध में भी 24 घंटे में 24 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है. इसका गेज 5.67 मीटर से बढ़कर 5.91 मीटर पहुंच गया है और बांध 87.88 प्रतिशत भर चुका है. वहीं मेल बांध का जलस्तर 10 सेंटीमीटर बढ़कर 7.90 मीटर तथा बख्तोड बांध का गेज 10 सेंटीमीटर बढ़कर 7.10 मीटर पहुंच गया है. मेल बांध 53.02 और बख्तोड 52.08 प्रतिशत भरा हुआ है.
भंवर सेमला 96.61 प्रतिशत भरा
भराव की स्थिति देखें तो भंवर सेमला बांध 96.61 प्रतिशत और काली घाटी 92.50 प्रतिशत भर चुके हैं. वोरी वानगढी में 76.64 प्रतिशत, गादोला में 51.68 प्रतिशत पानी है. वहीं मचलाना बांध 35.24 प्रतिशत, पिण्ड सिंचाई परियोजना 27.64 प्रतिशत, बसेड़ा लोवर 27.61 प्रतिशत, वागन बांध 15.25 प्रतिशत और पारसोली बांध केवल 4.79 प्रतिशत भरा है.
अरनोद में 1057 मिलीमीटर बारिश
बारिश के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 20 सितंबर तक अरनोद में 1057 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जबकि जाखम बांध क्षेत्र में 817, सुहागपुरा में 815, नागलिया पिकअप वियर में 814, गादोला में 811 और पीपलखूंट में 807 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. प्रतापगढ़ में अब तक 741 मिलीमीटर बारिश हुई है.
जिले के औसत का 79.28 प्रतिशत बारिश
जिले का 30 वर्षों का वार्षिक औसत 983 मिलीमीटर है. सात प्रमुख वर्षामापक केंद्रों पर इस मानसून में अब तक औसतन 779.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज हो चुकी है, जो जिले के वार्षिक औसत का 79.28 प्रतिशत है. रिपोर्ट से साफ है कि भले ही फिलहाल बारिश थम गई हो, लेकिन जलग्रहण क्षेत्रों से जारी आवक के चलते कई बांधों में जलस्तर बढ़ रहा है.