BJP में क्रॉस वोटिंग पर एक्शन: झुंझुनूं में बनेगी ‘गद्दारों’ की सूची, मोतीलाल मीणा का बड़ा बयान
Rajasthan News: भाजपा ने झुंझुनूं निकाय चुनाव में पार्टी के खिलाफ क्रॉस वोटिंग करने वाले कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की तैयारी कर ली है. मोतीलाल मीणा ने कहा कि ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची प्रदेश संगठन को भेजी जाएगी और अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है. मंडल अध्यक्षों की घोषणा पर भी जल्द फैसला होगा.
Jhunjhunu News: झुंझुनूं में हाल ही संपन्न हुए निकाय चुनावों में पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ जाकर क्रॉस वोटिंग करने वालों पर भाजपा ने कार्रवाई की तैयारी कर ली है. भाजपा के जयपुर संभाग सह प्रभारी मोतीलाल मीणा आज झुंझुनूं के दौरे पर रहे. उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि क्रॉस वोटिंग करने वालों को स्पष्ट रूप से गद्दार बताते हुए कहा कि निकाय चुनाव के दौरान पार्टी के खिलाफ काम करने और क्रॉस वोटिंग करने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई होगी.
क्रॉस वोटिंग करने वालों की सूची होगी तैयार
मीणा ने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं ने भाजपा में रहते हुए पार्टी के साथ गद्दारी की, पार्टी के खिलाफ क्रॉस वोट किया या पार्टी के खिलाफ काम किया, ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर प्रदेश संगठन को भेजी जाएगी. उन्होंने बताया कि जिला संगठन की ओर से ऐसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है.
भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की तैयारी
उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना भी है. उन्होंने कहा कि संगठन के स्तर पर निकाय चुनाव के अनुभवों से सीख लेते हुए आगे की रणनीति तैयार की जा रही है, ताकि पंचायत चुनाव में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकें.
मंडल अध्यक्षों की घोषणा पर भी स्थिति स्पष्ट
भाजपा संगठन में कुछ मंडल अध्यक्षों की घोषणा अभी बाकी है. इसको लेकर भी मोतीलाल मीणा ने स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि कुछ मंडल अध्यक्ष अभी घोषित नहीं हो पाए हैं. इस विषय पर चर्चा चल रही है और प्रदेश अध्यक्ष से विचार-विमर्श के बाद जल्द निर्णय लिया जाएगा.
आज रात या कल हो सकता है फैसला
मीणा के मुताबिक आज रात्रि या कल प्रदेश अध्यक्ष के साथ चर्चा के बाद शेष मंडल अध्यक्षों को लेकर फैसला किया जा सकता है और उसके बाद उनके नाम जल्द घोषित किए जाएंगे.
पंचायत चुनाव को लेकर समीक्षा
झुंझुनूं में निकाय चुनाव के बाद भाजपा संगठन की यह समीक्षा बैठक आगामी पंचायत चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है. एक तरफ पार्टी 19 में से 8 निकायों में मिली सफलता को आधार बनाकर आगे बढ़ने की तैयारी कर रही है. वहीं दूसरी तरफ चुनाव के दौरान सामने आए संगठनात्मक मतभेदों और पार्टी के खिलाफ काम करने वाले कार्यकर्ताओं को लेकर भी समीक्षा की जा रही है.
मोतीलाल मीणा के बयान से साफ है कि भाजपा संगठन अब निकाय चुनाव के अनुभवों से सबक लेकर पंचायत चुनाव की रणनीति को मजबूत करने पर काम कर रहा है. वहीं पार्टी के खिलाफ क्रॉस वोटिंग और अनुशासनहीनता के आरोपों को लेकर सूची प्रदेश स्तर पर भेजे जाने और कार्रवाई की अनुशंसा किए जाने की बात ने संगठन के भीतर चर्चा तेज कर दी है.
इस मौके पर जिला प्रभारी कमल सिखवाल, सह प्रभारी मुकेश गोयल समेत पार्टी के अन्य नेता और विधायक मौजूद थे.