SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पूर्व प्रधान और बेटे से मारपीट, जातिसूचक गालियां देने का आरोप! BJP नेता समेत 5 पर FIR

Rajasthan News: हनुमानगढ़ के भादरा में नगर पालिका चुनाव के दौरान पूर्व प्रधान धर्मपाल मेघवाल और उनके बेटे से मारपीट का आरोप लगा है. भाजपा नेता महीपाल जाखड़ समेत पांच लोगों पर जातिसूचक गाली देने का भी आरोप है. पुलिस ने BNS और SC-ST एक्ट में केस दर्ज किया है.

Written By SAGAR CHAUDHARY
Published: Sep 10, 2026, 05:53 PM IST | Updated: Sep 10, 2026, 05:55 PM IST
Image Credit: Rajasthan Crime
Join

Hanumangarh News: हनुमानगढ़ जिले के भादरा में नगर पालिका चुनाव के दौरान पूर्व प्रधान धर्मपाल मेघवाल और उनके बेटे मोहनलाल के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. धर्मपाल मेघवाल ने भाजपा नेता महीपाल जाखड़ समेत पांच लोगों पर मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ BNS की धाराओं के साथ SC-ST एक्ट में मामला दर्ज किया है.

चुनावी बूथ के पास हुई घटना
धर्मपाल मेघवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना 9 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे भांगवा गांव में बापूवाली धर्मशाला के सामने मेन रोड पर हुई. इसी जगह वार्ड नंबर 23 के नगर पालिका चुनाव का बूथ बनाया गया था. धर्मपाल मेघवाल कांग्रेस पार्टी की ओर से वार्ड नंबर 23 के प्रभारी थे, जबकि उनकी बहन सावित्री देवी इसी वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रही थीं.

स्कॉर्पियो से पहुंचे, गाली-गलौज के बाद मारपीट का आरोप
शिकायत के अनुसार, भाजपा नेता महीपाल जाखड़ निवासी रामबास और रमन नाई निवासी वार्ड नंबर 23, भादरा तीन-चार अन्य लोगों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में वहां पहुंचे. आरोप है कि वहां पहुंचते ही उन्होंने धर्मपाल मेघवाल और उनके बेटे मोहनलाल को जातिसूचक गालियां दीं. इसके बाद दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई.

लोगों ने बीच-बचाव कर छुड़ाया
मारपीट के दौरान शोर सुनकर रणवीर भाकर, शिशराम डारा और कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंच गए. लोगों ने बीच में आकर धर्मपाल मेघवाल और मोहनलाल को आरोपियों से छुड़ाया. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी जाते समय धमकी देकर गए कि आने वाले पंचायत चुनाव में अगर वे कहीं भी दिखाई दिए तो उन्हें सबक सिखाया जाएगा.

हाथ की उंगली में दर्द और सूजन
शिकायत में धर्मपाल मेघवाल ने बताया कि मारपीट के दौरान उनके दाहिने हाथ की छोटी उंगली में दर्द और सूजन हो गई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर महीपाल जाखड़, रमन नाई और तीन-चार अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

BNS और SC-ST एक्ट में केस
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 126(2), 115(2), 351(2), 352 और 3(5) BNS के साथ धारा 3(2)(बी) SC-ST एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है. मामले की जांच भादरा के वृताधिकारी कुलदीप आरपीएस को सौंपी गई है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES