रूस-यूक्रेन जंग में फंसा राजस्थान का लाल, नौकरी का झांसा देकर युद्ध में झोंका; बंकर से भेजा परिवार को संदेश
रूस की कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर टूरिस्ट वीजा पर भेजे गए राजस्थान के संजय सैनी को कथित तौर पर रूसी सेना में भर्ती कर रूस-यूक्रेन युद्ध की फ्रंटलाइन पर भेज दिया गया, जहां वह घायल हालत में फंसे हैं. उन्होंने वीडियो बनाकर अपने परिजनों को भेजी.
रूस की नामी कंपनी में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर भारतीय युवकों को रूस भेजने और वहां उन्हें रूसी सेना में शामिल कर रूस-यूक्रेन युद्ध की फ्रंटलाइन पर उतारने का मामला सामने आया है. युवक झुंझुनूं जिले के खेतड़ी क्षेत्र के डोगरबावड़ी गांव निवासी संजय कुमार सैनी है. परिजनों का आरोप है कि एजेंटों ने संजय को कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर टूरिस्ट वीजा पर मॉस्को भेजा, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उसे रूसी सेना के हवाले कर दिया गया. महज 15 दिन की ट्रेनिंग के बाद उसे युद्ध के मैदान में भेज दिया गया.
रूसी युद्ध क्षेत्र से झुंझुनूं के युवक ने परिजनों को भेजा मैसेज और वीडियो
संजय ने युद्ध क्षेत्र से परिजनों को गुपचुप मैसेज और वीडियो भेजकर भारत वापस लाने की गुहार लगाई है. परिजनों के अनुसार, संजय फिलहाल युद्ध क्षेत्र में एक बंकर में घायल अवस्था में फंसा हुआ है. परिवार को उसकी सुरक्षित वापसी की चिंता सता रही है. परिजनों ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर संजय को सकुशल भारत लाने की मांग की है.
नामी कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर रूसी सेना में भेजने का आरोप
संजय के पिता रामलाल सैनी ने अपने पत्र में बताया कि मुंबई निवासी लखन नायक और दिल्ली निवासी अविनाश राणा नाम के एजेंटों ने उनके बेटे को रूस की एक नामी कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था. इसके बाद संजय 6 अगस्त को टूरिस्ट वीजा पर दिल्ली से मॉस्को रवाना हुआ. परिजनों के अनुसार, रूस पहुंचने के बाद संजय को कंपनी में नौकरी देने के बजाय रूसी सेना में शामिल कर दिया गया.
रूसी सेना ने दस्तावेज जलाए, फिर दी सेना में भर्ती होने की ट्रेनिंग
संजय ने परिजनों को बताया कि रूसी सेना ने उसके दस्तावेज जला दिए और इसके बाद करीब 15 दिन की ट्रेनिंग दी गई. फिर उसे रूस-यूक्रेन युद्ध की फ्रंटलाइन पर भेज दिया गया. संजय ने यह भी बताया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई. युद्ध क्षेत्र में भेजे जाने के बाद से ही परिवार के साथ उसका संपर्क बेहद सीमित हो गया है.
युद्ध क्षेत्र में भेजने के बाद बेटे से बातचीत हुई बंद
परिजनों के मुताबिक, युद्ध क्षेत्र में भेजे जाने के बाद संजय की घरवालों से बातचीत लगभग बंद हो गई. उसका आखिरी मैसेज 10 नवंबर को मिला था. इसके बाद से परिवार उसकी सलामती को लेकर चिंतित है. संजय के साथ हनुमानगढ़ जिले के नोहर निवासी शिवराज सिंह के भी रूस में फंसे होने की जानकारी सामने आई है. शिवराज 29 सितंबर को रूस गया था.परिजनों ने सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने, रूस में फंसे युवकों की लोकेशन और कुशलक्षेम का पता लगाने तथा उनकी सुरक्षित वतन वापसी सुनिश्चित करवाने की गुहार लगाई है.
(झुंझुनूं से संदीप केडिया की रिपोर्ट)