जयपुर में बिस्मिल का जादू! 'काली काली जुल्फें' और 'पिया घर आया' पर झूम उठे दर्शक
जयपुर के सीतापुरा स्थित जी स्टूडियोज में शनिवार शाम 'बिस्मिल की महफिल' का शानदार आयोजन हुआ. लोकप्रिय सूफी गायक बिस्मिल (मोहम्मद आसिफ) ने अपनी रूहानी आवाज और सूफी संगीत से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. ओपन-एयर कॉन्सर्ट में 'पिया घर आया', 'काली काली जुल्फें', 'हल्का हल्का सुरूर' और 'सांसों की माला' जैसे गानों पर दर्शक झूम उठे.
गुलाबी नगरी जयपुर में शनिवार की शाम सूफी संगीत, शायरी और रूहानी धुनों के नाम रही। जयपुर के सीतापुरा स्थित जी स्टूडियोज में आयोजित 'बिस्मिल की महफिल' में लोकप्रिय सूफी गायक बिस्मिल (मोहम्मद आसिफ) ने अपनी दमदार आवाज और खास अंदाज से संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया. तारों के नीचे सजी इस ओपन-एयर महफिल में दर्शकों ने संगीत, सांस्कृतिक जुड़ाव और सुकून से भरी यादगार शाम का अनुभव किया. इस कॉन्सर्ट को जी लाइव की प्रमुख लाइव एंटरटेनमेंट प्रॉपर्टी सुपरमून ने पेश किया.
बिस्मिल की प्रस्तुति में सूफी संगीत की रूहानियत के साथ आधुनिक संगीत की ऊर्जा भी देखने को मिली. 'पिया घर आया', 'काली काली जुल्फें', 'हल्का हल्का सुरूर' और 'सांसों की माला' जैसे गीतों पर दर्शक भी उनके साथ सुर से सुर मिलाते नजर आए. महफिल में सुकून देने वाली धुनों से लेकर जोश और उत्साह से भर देने वाले संगीत तक कई रंग देखने को मिले.
राजस्थान से बचपन से रहा है बिस्मिल का खास जुड़ाव
जयपुर में प्रस्तुति से पहले बिस्मिल ने राजस्थान के प्रति अपने पुराने लगाव को साझा किया. उन्होंने कहा कि राजस्थान से उन्हें हमेशा बहुत प्यार मिला है. बचपन में वह अक्सर जयपुर आते थे, क्योंकि यहां उनके रिश्तेदार रहते थे. राजस्थान में सारंगी वादकों और संगीतकारों से भी उनका परिचय रहा. यही वजह है कि बचपन से ही राजस्थान के प्रति उनका विशेष जुड़ाव रहा है.
जयपुर के दर्शकों के बीच प्रस्तुति देना बताया खास अनुभव
जयपुर में महफिल सजाने को लेकर बिस्मिल ने उत्साह जताते हुए कहा कि यहां इतने प्यार करने वाले लोगों के बीच प्रस्तुति देना उनके लिए खास अनुभव है. उन्होंने कहा कि वह दर्शकों के साथ एक खूबसूरत संगीत की शाम साझा करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
यह भी पढ़ेंः सामूहिक विवाह सम्मेलन में बेटे की शादी करवाएंगे राजस्थान के यह विधायक, मची हलचल
भारतीय शास्त्रीय और सूफी संगीत को ग्लोबल मंच तक पहुंचाना है सपना
बिस्मिल ने कहा कि वह बचपन से भारतीय शास्त्रीय संगीत सीख रहे हैं और आज भी संगीत की शिक्षा जारी है. उनका सपना भारतीय संगीत, संस्कृति और अपनी जड़ों से जुड़ी विरासत को वैश्विक मंच तक पहुंचाना है. वह चाहते हैं कि जिन लोगों ने भारतीय शास्त्रीय या सूफी संगीत को पहले कभी नहीं सुना, वे भी इसे नए अंदाज में अनुभव करें और भारतीय संगीत दुनिया भर में अपनी पहचान बनाए.
पुणे के बाद जयपुर बना इंडिया टूर का दूसरा पड़ाव, इन शहरों में होंगे अगले शो
पुणे में पहले शो के बाद जयपुर इस इंडिया टूर का दूसरा पड़ाव रहा. अब यह टूर 28 नवंबर को हैदराबाद और 24 दिसंबर को इंदौर पहुंचेगा. इसके बाद 16 जनवरी 2027 को अहमदाबाद में प्रस्तुति होगी. मुंबई और दिल्ली के कार्यक्रमों की तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी.