SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

FMGE परीक्षा पास नहीं की, फिर भी बन गए डॉक्टर! 20 लाख में खरीदे फर्जी सर्टिफिकेट, जयपुर में 5 अरेस्ट

राजस्थान में फर्जी FMGE सर्टिफिकेट से मेडिकल रजिस्ट्रेशन और इंटर्नशिप हासिल करने के मामले में SOG ने 5 और डॉक्टरों को गिरफ्तार किया. अब तक 100 से ज्यादा लोग जांच के दायरे में हैं.

Written By Vishnu Prakash Sharma Edited By Sandhya Yadav
Published: Nov 19, 2026, 07:34 IST | Updated: Nov 19, 2026, 07:53 IST
Image Credit: राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में इलाज कर रहे थे 'नकली' डॉक्टर
Join

राजस्थान में फर्जी FMGE सर्टिफिकेट के जरिए मेडिकल रजिस्ट्रेशन और इंटर्नशिप हासिल करने के मामले में स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) ने पांच और डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपी विदेश से MBBS की डिग्री लेकर भारत लौटे थे, लेकिन निर्धारित FMGE स्क्रीनिंग परीक्षा पास नहीं कर पाए थे. इसके बावजूद दलालों के माध्यम से परीक्षा के कूटरचित सर्टिफिकेट बनवाकर राजस्थान मेडिकल काउंसिल (RMC) में रजिस्ट्रेशन और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप हासिल कर ली.

ADG SOG विशाल बंसल के अनुसार, इस मामले में पुलिस थाना SOG जयपुर में 4 फरवरी 2026 को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. जांच में सामने आया कि विदेश से मेडिकल डिग्री हासिल करने वाले कुछ अभ्यर्थियों ने FMGE परीक्षा पास किए बिना फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करवाए. इन प्रमाण पत्रों के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीयन कराया गया. मामले में मेडिकल काउंसिल के तत्कालीन अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत भी सामने आई.

यह भी पढ़ें- डिलीवरी के ऑपरेशन में महिला के पेट में छोड़ दिया तौलिया! दो महीने बाद सड़ने लगीं आंतें, पति ने डॉक्टर पर लगाए गंभीर आरोप

दो सगे भाइयों ने 15-15 लाख रुपए देकर बनवाए फर्जी सर्टिफिकेट
SOG की जांच में गिरफ्तार सत्यप्रकाश खापरवाल और उसके सगे भाई जयप्रकाश का मामला सामने आया. दोनों ने चीन की सुजो मेडिकल यूनिवर्सिटी से 2013 से 2019 के बीच MBBS किया था. भारत लौटने के बाद दोनों ने कई बार FMGE परीक्षा दी, लेकिन सफल नहीं हुए.

इसके बाद दोनों ने हेमंत यादव नामक व्यक्ति की मदद से दिसंबर 2023 की परीक्षा के फर्जी स्क्रीनिंग टेस्ट सर्टिफिकेट बनवाए. इसके लिए प्रत्येक ने 15 लाख रुपए दिए. इन प्रमाण पत्रों के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में स्थायी रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया.

कजाकिस्तान से MBBS करने वालों ने भी अपनाया फर्जीवाड़े का रास्ता
गिरफ्तार विमल यादव ने कजाकिस्तान की कारागांदा मेडिकल यूनिवर्सिटी से MBBS किया था. FMGE में लगातार असफल रहने के बाद उसने हेमंत यादव की मदद से जून 2023 की परीक्षा का फर्जी सर्टिफिकेट बनवाया. इसके लिए 20 लाख रुपए देने की बात सामने आई है. इसके आधार पर उसने राजकीय मेडिकल कॉलेज अलवर में इंटर्नशिप शुरू कर दी.

वहीं, विश्वेन्द्र सिंह चेची ने कजाकिस्तान की एसफेनजारव कजाक नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी से MBBS किया था. उसने इंद्रराज गुर्जर की मदद से दिसंबर 2023 की परीक्षा का फर्जी सर्टिफिकेट 20 लाख रुपए में बनवाया. इसके आधार पर राजकीय मेडिकल कॉलेज धौलपुर में इंटर्नशिप पूरी की और राजस्थान मेडिकल काउंसिल में प्रोविजनल रजिस्ट्रेशन भी हासिल कर लिया था. मामला उजागर होने के बाद उसका रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया गया.

इसी तरह दिशान्त टेलर ने साउथ कजाकिस्तान मेडिकल यूनिवर्सिटी से MBBS किया था. FMGE में असफल रहने के बाद उसने यतिन्द्र पटेल की मदद से जून 2023 की परीक्षा का फर्जी सर्टिफिकेट 20 लाख रुपए में बनवाया. इसके आधार पर राजकीय मेडिकल कॉलेज दौसा में इंटर्नशिप शुरू कर दी और RMC में प्रोविजनल रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया.

100 से ज्यादा विदेशी MBBS डिग्रीधारी SOG के रडार पर
IG SOG अजयपाल लांबा के नेतृत्व में चल रही जांच में अब तक 100 से अधिक ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा चुका है, जिन्होंने विदेश से MBBS की डिग्री हासिल करने के बाद कथित तौर पर फर्जी FMGE सर्टिफिकेट के जरिए रजिस्ट्रेशन और इंटर्नशिप हासिल की.

इस मामले में RMC के तत्कालीन रजिस्ट्रार डॉ. राजेश शर्मा, UDC अखिलेश माथुर, LDC फरहान हसन, मुख्य आरोपी भानाराम माली, शुभम गुर्जर, इंद्रराज गुर्जर सहित पहले 38 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. SOG के मुताबिक, मुख्य आरोपी भानाराम माली और उसके सहयोगियों ने फर्जी सर्टिफिकेट बनवाने तथा RMC में रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर प्रति व्यक्ति 20 से 30 लाख रुपए तक वसूले.

पांचों आरोपियों से पूछताछ जारी
SOG ने 16 नवंबर 2026 को सत्यप्रकाश खापरवाल, जयप्रकाश, विमल यादव, विश्वेन्द्र सिंह चेची और दिशान्त टेलर को गिरफ्तार किया. आरोपियों से पूछताछ कर फर्जी सर्टिफिकेट तैयार करवाने और रजिस्ट्रेशन हासिल करने के नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है.मामले में अनुसंधान जारी है. SOG की जांच में आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES