जयपुर घूमने आ रहे हैं तो बेफिक्र रहें! सुरक्षा के लिए पुलिस ने बढ़ाई निगरानी, पिंक गार्ड ऐप से मिलेगी मदद
जयपुर में पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुलिस अलर्ट है. आमेर, हवा महल और जंतर-मंतर पर निगरानी बढ़ाई गई है. महिला सुरक्षा के लिए कलिका पेट्रोलिंग यूनिट सक्रिय है, वहीं पिंक गार्ड ऐप से आपात स्थिति में मदद मिलेगी.
Jaipur Tourist Safety: गुलाबी नगरी जयपुर में पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ ही देशी और विदेशी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है. शहर की ऐतिहासिक इमारतें और पर्यटन स्थल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर जयपुर पुलिस ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं. आमेर, हवा महल और जंतर-मंतर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है. इसके अलावा आपात स्थिति में पर्यटकों की मदद के लिए पुलिस का पिंक गार्ड ऐप भी अहम भूमिका निभा रहा है.
हर साल जयपुर आते हैं लाखों देशी-विदेशी पर्यटक
जयपुर देश और विदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है. यहां हर साल करीब 1.73 करोड़ से अधिक घरेलू और 6.30 लाख से अधिक विदेशी पर्यटक आते हैं. खासतौर पर अक्टूबर से मार्च के बीच पर्यटन गतिविधियां बढ़ जाती हैं. वीकेंड और छुट्टियों के दौरान आमेर, हवा महल और जंतर-मंतर सहित प्रमुख स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ रहती है. इसे देखते हुए पुलिस ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है.
CST के जवानों को सादा वर्दी में तैनात किया गया है, ताकि पर्यटकों के बीच सक्रिय संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके. वहीं, बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने भी विशेष इंतजाम किए हैं और जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जा रहा है.
महिला पर्यटकों की सुरक्षा पर भी खास ध्यान
जयपुर पुलिस ने महिला पर्यटकों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी है. इसके लिए कलिका पेट्रोलिंग यूनिट सक्रिय है. अगर किसी महिला पर्यटक को परेशानी होती है या वह खुद को असुरक्षित महसूस करती है तो पुलिस की मदद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है. पुलिस का प्रयास है कि जयपुर घूमने आने वाली महिलाएं और परिवार बिना किसी डर के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकें.
पिंक गार्ड ऐप से मिलेगी आपात स्थिति में मदद
पर्यटकों की सुरक्षा के लिए जयपुर पुलिस ने करीब छह महीने पहले पिंक गार्ड ऐप लॉन्च किया था. अब तक इस ऐप पर 70 हजार से अधिक लोग विजिट कर चुके हैं. ऐप में SOS बटन दिया गया है, जिसके जरिए आपात स्थिति में पुलिस को अलर्ट भेजा जा सकता है. पुलिस का दावा है कि SOS अलर्ट मिलने पर करीब 8 मिनट में सहायता पहुंचाने की व्यवस्था है. विदेशी पर्यटक भी इस ऐप का इस्तेमाल कर चुके हैं.
ऐप पर मिलेंगी पर्यटन स्थलों की जरूरी जानकारियां
पिंक गार्ड ऐप पर जयपुर की प्रमुख घूमने वाली जगहों की सूची और उनकी लोकेशन उपलब्ध है. इसके साथ ही हर पर्यटन स्थल के आसपास मौजूद पुलिस थानों और अस्पतालों की जानकारी भी दी गई है. ऐप पर इनके संपर्क नंबर और मैप की सुविधा भी है, ताकि जरूरत पड़ने पर पर्यटक आसानी से संबंधित जगह तक पहुंच सकें या मदद ले सकें.
ओमप्रकाश, स्पेशल पुलिस कमिश्नर, जयपुर
इस तरह पर्यटन सीजन में जयपुर पुलिस ने सुरक्षा के लिए जमीनी निगरानी के साथ डिजिटल सुविधा पर भी जोर दिया है. सादा वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती, महिला सुरक्षा के इंतजाम और पिंक गार्ड ऐप के जरिए पर्यटकों को सुरक्षित माहौल देने की कोशिश की जा रही है.