झुंझुनूं में पंचायत चुनाव की तैयारी तेज: 23-24 सितंबर को होगी आरक्षण लॉटरी, गांवों में बढ़ेगी चुनावी हलचल
Rajasthan Panchayat Chunav: राजस्थान में निकाय चुनाव के बाद अब पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं. झुंझुनूं जिले में 23 और 24 सितंबर को लॉटरी के जरिए पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण तय किया जाएगा.
Rajasthan Panchayat Chunav: राजस्थान में निकाय चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब गांव की सरकार यानी पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. झुंझुनूं जिले में भी नगर निकायों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव संपन्न होने के बाद अब जिला परिषद, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों के चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. हालांकि, पंचायत चुनाव की तारीखों का अभी ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन चुनाव से पहले वार्डों और पदों के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
23-24 सितंबर को होगी आरक्षण लॉटरी
झुंझुनूं जिले में 23 और 24 सितंबर को लॉटरी के माध्यम से आरक्षण तय किया जाएगा. जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि आरक्षण के लिए लॉटरी की प्रक्रिया दो दिन आयोजित होगी. 23 सितंबर को झुंझुनूं के सूचना सभागार में लॉटरी होगी. इसमें विधायकगण और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में आरक्षण तय किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि 23 सितंबर को जिला स्तर पर पंचायत समिति प्रधान, जिला परिषद सदस्य तथा पंचायत समिति सदस्यों के वार्डों का आरक्षण तय किया जाएगा. झुंझुनूं जिले में कुल 14 पंचायत समितियां हैं. बुधवार को 14 पंचायत समिति प्रधानों, 248 पंचायत समिति वार्डों तथा 41 जिला परिषद वार्डों का आरक्षण तय होगा.
इसी तरह दूसरे दिन 24 सितंबर को संबंधित उपखंड अधिकारियों की ओर से अपने-अपने क्षेत्रों में आरक्षण लॉटरी आयोजित की जाएगी. इसमें सरपंच और वार्ड पंचों के वार्डों का आरक्षण तय किया जाएगा. जिले में 389 ग्राम पंचायतों के सरपंचों तथा 3891 वार्ड पंचों का आरक्षण तय होगा.
आरक्षण लॉटरी को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि दोनों दिनों की आरक्षण लॉटरी को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पंचायत चुनाव के लिए अभी निर्वाचन आयोग की ओर से तारीखों की घोषणा नहीं की गई है. ऐसे में फिलहाल प्रशासन का फोकस आरक्षण प्रक्रिया पूरी करने पर है.
23-24 सितंबर की लॉटरी के बाद पंचायत चुनाव को लेकर गांवों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है. आरक्षण तय होने के साथ ही संभावित उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्र में चुनावी समीकरणों को लेकर तैयारियां शुरू कर सकेंगे.
पढ़ें पंचायत चुनाव से जुड़ी एक और बड़ी खबर
बीजेपी प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने निकाय चुनावों में बीजेपी की जीत को लेकर कहा कि निकायों में बीजेपी का कमल खिला है. आज उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं और इन पदों पर भी बीजेपी की जीत हो रही है. सरकार के काम पर जनता ने बीजेपी को वोट दिए हैं.
पंचायत चुनावों को लेकर बगड़ी ने कहा कि बीजेपी की तैयारी पूरी है. पंचायत चुनावों को लेकर बैठक हो चुकी है और किस नेता को क्या जिम्मेदारी संभालनी है, उसका रोडमैप तैयार हो चुका है. बगड़ी ने निकाय चुनावों में कांग्रेस की हार का जिक्र करते हुए कहा कि 9 जिलों में कांग्रेस अपना खाता नहीं खोल पाई. निकाय चुनावों की तरह पंचायत चुनावों में भी बीजेपी चुनाव प्रचार रथ भेजेगी.
बगड़ी ने बताया कि पंचायत चुनावों को लेकर बीजेपी संकल्प पत्र भी जारी करेगी. जिस तरह निकाय चुनावों में संकल्प पत्र जारी किया गया था, उसी तरह पंचायत चुनावों के लिए भी संकल्प पत्र तैयार किया जाएगा. कांग्रेस के सत्ता के दुरुपयोग के आरोपों पर बगड़ी ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी सरकार के समय पार्टियों को जोड़ने-तोड़ने का काम किया था, बीजेपी ऐसा काम नहीं करती. उन्होंने कहा कि बीजेपी के साथ जो भी जुड़ रहा है वह अपनी मर्जी से जुड़ रहा है.