SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

नागौर DTO का 'रात वाला ऑफिस': दिन में काम ठप, रात 12 बजे तक फाइलों पर लगती है मुहर, जानें पूरा मामला

Rajasthan News: नागौर जिला परिवहन कार्यालय की कार्यशैली पर सवाल उठे हैं. आरोप है कि दिन में काम नहीं होने के बाद वाहनों के पंजीयन, आरसी, एनओसी और परमिट जैसे कार्य देर रात तक किए जाते हैं. रिकॉर्ड की पड़ताल में कई अप्रूवल रात 9 से 12 बजे के बीच हुए.

Reported By Kashiram Chaudhary Edited By SAGAR CHAUDHARY
Published: Oct 07, 2026, 05:50 PM IST | Updated: Oct 07, 2026, 05:52 PM IST
Image Credit: Nagaur DTO Office
Join

Nagaur DTO Office: परिवहन विभाग का एक जिला कार्यालय विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच चर्चा का केन्द्र बना हुआ है. यूं तो कार्यालय खुलने का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक है, लेकिन नागौर का जिला परिवहन कार्यालय शाम 5 बजे बाद एक्टिव होता है. यहां ज्यादातर फाइलें देर रात 12 बजे तक क्लीयर की जाती हैं. नागौर जिला परिवहन कार्यालय में सरकारी नियम कायदों के हिसाब से काम नहीं होता. यहां दिन के समय यदि आप अपने किसी काम के लिए पहुंचे तो आपका काम होना मुश्किल है. बात चाहे नए वाहनों के पंजीयन की हो, वाहन बेचने की, वाहन को लेकर एनओसी लेने की या फिर दूसरे राज्य से खरीदकर लाए वाहन को यहां पुन: पंजीयन कराने की, ये सभी कामकाज नागौर जिला परिवहन कार्यालय में दिन के समय नहीं किए जाते. नागौर के जिला परिवहन अधिकारी इन कार्यों को रात के समय निस्तारित करते हैं. नागौर जिला परिवहन कार्यालय से जुड़े सूत्रों की मानें तो यहां कामकाज वास्तव में शाम 5 बजे बाद ही शुरू होता है. इसके बाद देर रात 12 बजे या उससे भी लेट कामकाज होता है. आरोप यह भी हैं कि यहां पर बगैर एजेंटों की मिलीभगत के कोई कार्य नहीं हो सकता. जी मीडिया ने जब नागौर जिला परिवहन कार्यालय के विभिन्न वाहनों से जुड़े कार्यों की पड़ताल की तो पूरा मामला खुल गया. जी मीडिया ने रैंडमली नागौर के आधा दर्जन वाहनों के रिकॉर्ड खंगाले तो पाया गया कि सभी वाहनों के मामले में अप्रूवल का कार्य रात के समय ही किया गया है.

रात के जुगनुओं की कार्यशैली
- वाहन RJ21PA5723 पंजीयन के लिए 23 मार्च 2026 को फाइल लगी
- 23 मार्च शाम 6:35 बजे पंजीयन के लिए एंट्री की गई
- 6 अप्रैल 2026 को रात 9:38 बजे DTO अवधेश चौधरी ने अप्रूवल किया

- वाहन RJ21PA5484 की 8 अक्टूबर 2025 को फाइल लगी
- 8 अक्टूबर 2025 को दोपहर 12:37 बजे आरसी रिन्यू की एंट्री की गई
- 8 अक्टूबर की रात 11:11 बजे DTO अवधेश चौधरी ने अप्रूव किया

- वाहन RJ21PA5858 की 6 जुलाई 2026 को एनओसी जारी
- 6 जुलाई 2026 को दोपहर 2:28 बजे एंट्री की गई
- 6 जुलाई की रात 10:13 बजे DTO अवधेश चौधरी ने अप्रूव किया

- वाहन RJ21GF5012 की RC में लोन जोड़ने का कार्य
- 8 जुलाई 2026 की शाम 6:47 बजे फाइल की एंट्री की गई
- 10 जुलाई की रात 10:22 बजे DTO अवधेश चौधरी ने अप्रूव किया

- वाहन RJ21GE8023 की आरसी में लोन जोड़ने का कार्य
- 25 अप्रैल 2025 को दोपहर 3:44 बजे फाइल की एंट्री की गई
- 25 अप्रैल को ही रात 10:35 बजे DTO अवधेश चौधरी ने अप्रूव किया

एजेंट आधी रात को करते हैं आरसी प्रिंट
नागौर डीटीओ कार्यालय से जारी होने वाले वाहनों के पंजीयन और अन्य कार्यों के लिए जो पंजीयन प्रमाण पत्र यानी आरसी जारी होती है, वह भी रात के समय प्रिंट की जा रही हैं. हालांकि परिवहन विभाग ने करीब ढाई साल पहले ई-आरसी, ई-डीएल व्यवस्था लागू की हुई है, जिसके तहत वाहन मालिक खुद ही अपने वाहनों की आरसी प्रिंट करते हैं. लेकिन यह सर्वविदित है कि भारी वाहनों या यात्री वाहनों के पंजीयन, ट्रांसफर से जुड़े ज्यादातर कार्यों को वाहन मालिक एजेंटों की मदद से करवाते हैं. ऐसे में नागौर से रात के समय आरसी प्रिंट किए जाने को लेकर भी यही संभावना है कि ये भी रात के समय एजेंटों द्वारा ही नागौर डीटीओ कार्यालय में प्रिंट की जाती हैं.

परमिट भी जारी होते हैं आधी रात में
- नागौर डीटीओ कार्यालय में आधी रात में होते हैं कामकाज
- चर्चा यह कि 4-5 एजेंटों को साथ लेकर DTO रात में करते हैं काम
- वाहनों को परमिट देने की अप्रूवल भी की जाती है आधी रात में
- वाहन RJ21GF5682 को भारी वाहन का परमिट दिया गया
- 15 अगस्त 2026 से 14 अगस्त 2031 के लिए ऑल राजस्थान परमिट
- 15 अगस्त को रात 12:32 बजे DTO अवधेश चौधरी ने परमिट अप्रूव किया

परिवहन विभाग की कार्यशैली को लेकर सवाल
जिस तरह से नागौर जिला परिवहन कार्यालय में अधिकांश वाहनों के कामकाज रात के समय होते हैं, उससे विभागीय कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं. सवाल यह हैं कि आमजन के कामकाज दिन के समय क्यों नहीं किए जाते. क्या रात के समय एजेंट जिस को काम करवाना चाहते हैं, वही काम किए जाते हैं. जी मीडिया ने डीटीओ अवधेश चौधरी का पक्ष जानने के लिए फोन किए और मैसेज किए, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया. अब देखना होगा कि परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा गड़बड़ियों से भरी इस रात्रिकालीन कार्यशैली पर क्या कार्रवाई करते है?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत काशीराम चौधरी पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 21 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे ट्रांसपोर्ट विषय से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे सड़क परिवहन की हो, फ्लाइट मूवमेंट की या फिर रेलवे परिवहन, सभी क्षेत्रों में काशीराम सक्रिय रूप से न्यूज कवर करते रहे हैं. काशीराम कृषि और पशुपालन से जुड़ी खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. किसानों की जमीनी हकीकत दिखाने के साथ ही कृषि विपणन मंडियों की भी रिपोर्टिंग करते रहे हैं. साथ ही वे आबकारी और माइंस सेक्टर की खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं. काशीराम जी मीडिया समूह से पहले राजस्थान पत्रिका, डीएनए, ईटीवी राजस्थान, फर्स्ट इंडिया न्यूज में भी कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES