SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

गेट पर ताला देख दीवार कूदकर Girls Hostel में घुसा कोच का पति! गंदी हरकतों से परेशान होकर 50 छात्राओं ने SP से लगा दी गुहार

बारां के पछाड़ स्थित राजकीय कन्या आश्रम छात्रावास की 50 बालिकाओं ने छेड़छाड़ और गाली-गलौच के आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की है. अधीक्षिका ने भी पत्र दिया है. छात्राओं ने सुरक्षा सुनिश्चित करने और जल्द न्याय दिलाने की मांग की है.

Reported By Ram Mehta Written By Ansh Raj
Published: Oct 26, 2026, 06:35 AM IST | Updated: Oct 26, 2026, 06:36 AM IST
Image Credit: Rajasthan crime news
Join

राजस्थान के बारां जिले में एक कन्या छात्रावास की बालिकाओं ने अपनी सुरक्षा को लेकर शिकायत की है. मामला छीपाबड़ौद तहसील के पछाड़ गांव में बने राजकीय कन्या आश्रम छात्रावास का है. यहां रहने वाली 50 बालिकाओं ने आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति आए दिन छात्रावास में आकर उनके साथ छेड़छाड़ और गाली-गलौच करता है. इस मामले में छात्रावास की अधीक्षिका ममता गौतम और बालिकाओं ने अलग-अलग पत्र लिखकर पुलिस अधीक्षक बारां और छीपाबड़ौद थाना पुलिस से शिकायत की है.

कोच के पति पर छेड़छाड़ का आरोप
शिकायत के मुताबिक, रामसरेखा बाई मीणा छात्रावास में कोच के तौर पर पढ़ाने आती हैं. आरोप है कि उनके पति प्रेमशंकर मीणा आए दिन छात्रावास पहुंचते हैं और वहां रहने वाली बालिकाओं के साथ छेड़छाड़ करते हैं. छात्राओं का आरोप है कि वह उनके साथ गाली-गलौच भी करते हैं. शिकायत में यह भी कहा गया है कि वह शराब पीकर छात्रावास आते हैं. इस वजह से छात्राएं परेशान हैं और उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है.

गेट पर ताला लगा था, फिर भी अंदर आने का आरोप
बालिकाओं ने अपनी शिकायत में 24 अक्टूबर की रात हुई घटना का भी जिक्र किया है. पत्र के अनुसार, रात करीब 8 बजे प्रेमशंकर मीणा छात्रावास पहुंचा. उस समय गेट पर ताला लगा हुआ था. आरोप है कि वह दीवार कूदकर छात्रावास के अंदर आ गया. इसके बाद उसने बालिकाओं के साथ जबरदस्ती और छेड़छाड़ की. छात्राओं ने जब इसका विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौच की गई.

ये भी पढ़ें- धौलपुर थाने में बड़ी चूक: पुलिस कस्टडी से तस्कर फरार, दो कांस्टेबल सस्पेंड!
 

थाने में शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं होने का दावा
छात्रावास की अधीक्षिका ममता गौतम ने अपने शिकायत पत्र में बताया कि इस घटना की जानकारी छीपाबड़ौद थाने को भी दी गई थी. हालांकि, उनका आरोप है कि शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई. छात्राओं की परेशानी का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि बालिकाएं रो-रोकर अपनी हालत बता रही हैं.

छात्राओं ने कहा- जल्द मिले न्याय
छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं ने अपने हस्ताक्षर के साथ पुलिस अधीक्षक को पत्र दिया है. उन्होंने मांग की है कि मामले में जल्द कार्रवाई हो और उन्हें न्याय मिले. छात्राओं का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से छात्रावास में पढ़ाई का माहौल खराब हो रहा है. उन्हें हर समय अपनी सुरक्षा की चिंता बनी रहती है.

बालिकाओं की मांग है कि उनकी शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और छात्रावास में ऐसा माहौल बनाया जाए, जहां वे बिना किसी डर के रह सकें और अपनी पढ़ाई कर सकें.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ढाई दशकों से अधिक के अनुभव वाले वरिष्ठ पत्रकार राम मेहता जमीनी और तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. वर्ष 2000 में राजस्थान पत्रिका से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद उन्होंने जन टीवी, समाचार प्लस, आजतक, इंडिया टीवी, एबीपी न्यूज़ सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्तमान में वर्ष 2014 से ज़ी मीडिया कॉरपोरेशन लिमिटेड के ज़ी राजस्थान न्यूज़ में बारां जिले की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. राजनीति, शासन-प्रशासन और आदिवासी समाज के जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ है. जमीनी पत्रकारिता, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और समसामयिक विषयों की गहरी समझ उनकी पेशेवर पहचान का प्रमुख आधार है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES