'विदेशी महिला की कोख से जन्मा व्यक्ति देश का कभी भला नहीं कर सकता'... राहुल गांधी पर मदन दिलावर का विवादित बयान
कोटा में मंत्री मदन दिलावर ने राहुल गांधी पर विवादित बयान देते हुए कहा कि विदेशी महिला की कोख से जन्मा व्यक्ति देश का भला नहीं कर सकता. वहीं, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने SIR और मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा. भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के जरिए कांग्रेस के आरोपों का जवाब दिया.
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर विवादित बयान दिया है. कोटा में मीडिया से बातचीत के दौरान दिलावर ने कहा, “विदेशी महिला की कोख से जन्मा व्यक्ति देश का कभी भला नहीं कर सकता. ठीक राहुल गांधी की तरह, जो सोनिया गांधी के बेटे हैं और उनकी कोख से पैदा हुए हैं. इसलिए ये कभी देश का भला नहीं कर सकते, बल्कि देश को नुकसान पहुंचाने का षड्यंत्र कर रहे हैं.”
कोटा में आयोजित प्रेस वार्ता में दिया बयान
दिलावर ने यह बयान भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दिया. उन्होंने कहा कि भाजपा का यह अभियान शुरू हो चुका है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष इसके नेतृत्व में अभियान को आगे बढ़ाएंगे. दिलावर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेसी मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं और देश में सत्ता परिवर्तन की बातें कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है और SIR के माध्यम से चुनाव आयोग व भाजपा पर वोट चोरी के आरोप लगा रही है.
यह भी पढ़ें - भाजपा विधायक ने फूड इंस्पेक्टर्स को फटकारा, ड्राई फ्रूट्स स्टोर पर सैंपल लेने गई थी टीम
SIR और मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस पर निशाना
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने भी SIR और मतदाता सूची के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस चाहती है कि विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में बने रहें, मृत मतदाताओं के नाम नहीं हटाए जाएं और एक ही व्यक्ति के नाम पर दो जगह मतदान होता रहे.
13 करोड़ मतदाताओं के नाम नहीं हटाए गए - नागर
नागर ने कहा कि मतदाता सूची में ऐसे नामों की पहचान की गई है, जिनमें संबंधित व्यक्ति के अनुपस्थित होने, स्थायी रूप से दूसरी जगह चले जाने या एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज होने जैसी स्थितियां शामिल हैं. उन्होंने दावा किया कि करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए नहीं गए हैं, बल्कि उन्हें सत्यापन के लिए चिह्नित किया गया है. ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति आपत्ति दर्ज कराकर और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपनी पात्रता प्रमाणित कर सकता है. ऊर्जा मंत्री ने कहा कि भाजपा SIR को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों के बीच जनता के सामने अपना पक्ष रखने के लिए यह अभियान चला रही है.
मुख्यमंत्री के दौरे और अभियान को लेकर प्रेस वार्ता
कोटा स्थित भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दौरे और ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई. इसमें ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन और भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर मौजूद रहे.
Reporter - Chetan Gujar