दिवाली पर घर जाने की टेंशन खत्म ! कोटा-सोगरिया से चल रहीं स्पेशल ट्रेनें, 1.25 लाख यात्रियों को आराम
दिवाली में घर वापसी करने वाले यात्रियों की लंबी कतारों और भीड़भाड़ को कम करने के लिए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है. कोटा और सोगरिया स्टेशन से 5 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे त्योहारी सीजन में सफर करने वाले 1.25 लाख से ज्यादा यात्रियों को सीधी राहत मिली है. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक अक्टूबर और नवंबर के महीनों में कुल 74 फेरे लगाकर यात्रियों की राह आसान की गई है
दिवाली और त्योहारी सीजन में घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए हैं. पिछले दो महीनों में स्लीपर और एसी श्रेणी की करीब 1300 अतिरिक्त बर्थ बढ़ाई गई हैं. वहीं, 22 कोच वाली विशेष ट्रेन में एक फेरे के दौरान कुल 1696 यात्रियों के सफर करने की क्षमता है. इसमें एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच शामिल हैं.
एक ट्रेन में 1696 यात्रियों के सफर की क्षमता
22 कोच की स्पेशल ट्रेन में फर्स्ट एसी का एक कोच (20 बर्थ), सेकंड एसी के दो कोच (64 बर्थ), थर्ड एसी के चार कोच (288 बर्थ), स्लीपर के 11 कोच (792 बर्थ) और जनरल के चार कोच (400 सीटें) शामिल है. इस तरह एक ट्रेन में कुल 1696 यात्रियों के लिए सीट और बर्थ उपलब्ध हैं.
सोगरिया-धनबाद स्पेशल के 40 फेरे
कोटा मंडल से गुजरने वाली और विस्तारित ट्रेनों के संचालन से भी यात्रियों को राहत मिली है. सोगरिया-धनबाद समर स्पेशल (09821/09822) का संचालन 18 जुलाई से 28 नवंबर तक किया गया है. इसके 40 फेरों से 67,840 यात्रियों को यात्रा सुविधा मिली. वहीं जयपुर-बयाना ट्रेन (19721/19722) को भरतपुर तक विस्तारित किया गया है. 6 से 20 नवंबर के बीच इसके 30 अतिरिक्त फेरे संचालित किए जा रहे हैं, जिससे 50,880 यात्रियों को सुविधा मिलेगी. सौरभ जैन, सीनियर डीसीएम, कोटा मंडल ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए कोटा और सोगरिया स्टेशनों से अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए जरूरत पड़ने पर ट्रेनों के फेरों में और बढ़ोतरी की जाएगी. रेलवे का प्रयास है कि त्योहारों पर यात्रियों को सुविधाजनक सफर मिल सके.
कोटा-सोगरिया से चलने वाली विशेष ट्रेनें
सोगरिया-दानापुर स्पेशल: 10 अक्टूबर से 16 नवंबर तक 12 फेरे, 20,352 यात्रियों को सुविधा
सोगरिया-मथुरा अनारक्षित स्पेशल (पहला चरण): 14 से 26 अक्टूबर तक 26 फेरे, 44,096 यात्रियों के लिए सीटें
कोटा-पानीपत एक्सप्रेस: 22 से 26 अक्टूबर तक 4 फेरे, 6,784 यात्रियों को सुविधा